Source :- LIVE HINDUSTAN
पुष्कर मेले में करोड़ों की कीमत वाले मुर्रा भैंसे लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। लेकिन इनके मालिक इन्हें बेचने के बजाय इनके वीर्य से हर महीने अच्छी कमाई करना पसंद करते हैं।
पुष्कर मेले में घोड़ों की खूबसूरती और उनकी कीमत की चर्चा तो खूब होती है, लेकिन यहां कुछ भैंसे भी ऐसे पहुंचते हैं, जिन्हें देखने के लिए लोगों की भीड़ लग जाती है। मुर्रा नस्ल के इन भैंसों का वजन कई क्विंटल होता है और इनकी कीमत करोड़ों रुपये तक बताई जाती है। हैरानी की बात यह है कि इतनी ऊंची कीमत मिलने के बाद भी इनके मालिक इन्हें बेचने के लिए तैयार नहीं होते। इसकी वजह इन भैंसों की एक खासियत है, जिससे मालिक हर महीने अच्छी कमाई कर सकते हैं। दरअसल, इनके वीर्य की काफी मांग रहती है। आखिर ऐसा क्यों है और इससे कमाई कैसे होती है?
पुष्कर मेले में छाया ‘काला बादल’
इन दिनों पुष्कर मेले के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इनमें घोड़ों के साथ ‘काला बादल’ नाम का विशालकाय भैंसा भी लोगों का ध्यान खींच रहा है। मध्य प्रदेश से आए इस भैंसे की उम्र सिर्फ 20 महीने और वजन करीब 760 किलो है। इसके मालिक शैलेंद्र चौधरी ने इसकी कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई है। इतनी कम उम्र में इतना वजन और करोड़ों की कीमत होने के बावजूद मालिक इसे बेचना क्यों नहीं चाहते? इसकी वजह मुर्रा नस्ल की खासियत और इससे होने वाली कमाई है।
‘अनमोल’ भैंसा
साल 2023 में हरियाणा के सिरसा से ‘अनमोल’ नाम का मुर्रा भैंसा पुष्कर मेले में पहुंचा था। उसके मालिक ने इसकी कीमत करीब 11 करोड़ रुपये बताई थी। करीब 1570 किलो वजन वाले इस भैंसे को खरीदने में कई लोगों ने दिलचस्पी दिखाई, लेकिन मालिक इसे बेचना नहीं चाहते थे। उनका कहना था कि अनमोल से अब तक करीब 150 बच्चे पैदा हो चुके हैं। इसलिए उसे बेचने के बजाय उससे अच्छी नस्ल के बच्चे तैयार करना ज्यादा फायदेमंद था।
आखिर क्यों इतनी मांग में रहता है मुर्रा भैंसे का वीर्य?
मुर्रा नस्ल की भैंसें ज्यादा दूध देने के लिए जानी जाती हैं। इसलिए पशुपालक चाहते हैं कि इनके बच्चे भी अच्छी नस्ल के हों और आगे चलकर खूब दूध दें।
कैसे निकाला और बेचा जाता है भैंसे का वीर्य?
भैंसे के वीर्य की जांच के बाद उसे छोटी-छोटी स्ट्रॉ में भरकर कम तापमान पर सुरक्षित रखा जाता है। जरूरत पड़ने पर इनका इस्तेमाल दूर-दराज की भैंसों को गर्भधारण कराने के लिए होता है। इस प्रक्रिया को आर्टिफिशियल इनसेमिनेशन कहते हैं। इससे भैंसे को दूसरी जगह ले जाए बिना नस्ल सुधारना आसान होता है।
वीर्य बेचकर हर महीने होती है अच्छी कमाई
साल 2023 में अनमोल के मालिक ने बताया था कि उसके वीर्य की एक डोज करीब 250 रुपये में बिकती है और महीने में लाखों की बिक्री होती है। वहीं, 2025 में एक दूसरे भैंसे के मालिक ने बताया कि वह एक ट्यूब 400 रुपये में बेचते हैं और हर महीने 70-80 हजार रुपये कमाते हैं। हालांकि, हर भैंसे से इतनी कमाई हो, यह जरूरी नहीं है। कमाई भैंसे की नस्ल, वीर्य की क्वालिटी और उसकी मांग पर निर्भर करती है।
यही वजह है कि पुष्कर मेले में कुछ भैंसों की कीमत करोड़ों रुपये होने के बाद भी मालिक उन्हें बेचने से बचते हैं। उनके लिए भैंसा सिर्फ एक महंगा पशु नहीं, बल्कि कमाई का ऐसा जरिया है, जिससे लंबे समय तक फायदा मिल सकता है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



