Source :- LIVE HINDUSTAN
पेरू में शुक्रवार को 6.9 तीव्रता का भूकंप आया जिसके बाद लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए। वहीं स्टूडियो में बैठी एक ऐंकर माइक संभालते हुए अपना काम करती रहीं। यह वीडियो वायरल हो रहा है।
पेरू में शुक्रवार 6.9 तीव्रता का भूकंप आया। यूएसजीएस के मुताबिक भूकंप के बाद लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकलकर भागे। वहीं कई इमारतों में दरारें देखी गई हैं। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक ऐंकर स्टूडियो के अंदर प्रोग्राम कर रही हैं तभी भूकंप आ जाता है। उनकी चेयर और माइक हिलने लगते हैं। ऐंकर बिना घबराए माइक हाथ से पकड़ती हैं और पहले की तरह ही फ्लो में अपनी बात रखती रहती हैं।
जान-माल के नुकसान की खबर नहीं
जानकारी के मुताबिक भूकंप एंडीज पर्वतीय क्षेत्र में आया है। भूकंप के बाद तत्काल किसीतरह के नुकसान की खबर नहीं मिली है। बताया गया कि भूकंप स्थानीय समयानुसार शाम सात बजकर नौ मिनट पर आया। इसका केंद्र एंडीज पर्वत क्षेत्र में जूनिन से 34 किलोमीटर (21 मील) उत्तर में, 108 किलोमीटर (67 मील) की गहराई पर था। पेरू के भूभौतिकीय संस्थान ने बताया कि भूकंप से जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं मिली है। भूकंप के झटके पेरू की राजधानी लीमा में भी महसूस किए गए।
रिंग ऑफ फायर में है पेरू
पेरू प्रशांत महासागर के चारों ओर फैले ‘रिंग ऑफ फायर’ क्षेत्र में स्थित है। यह लगभग 40,000 किलोमीटर लंबा क्षेत्र है, जहां बड़ी संख्या में ज्वालामुखी और धरती की सतह के नीचे दरारें हैं। कई दबार ज्वालामुखी भी सक्रिय हो जाती है। दुनिया में सबसे ज्यादा भूकंप इसी क्षेत्र में आते हैं। अभी दो महीने पहले भी पेरू में तेज भूकंप आया था।
इससे पहले अगस्त में पेरू के एंडीज पर्वतीय क्षेत्र में 6.7 तीव्रता का भूकंप आने से दो लोग घायल हो गए थे और कई मकानों, स्वास्थ्य केंद्रों और स्कूलों को नुकसान पहुंचा था। वहीं, जुलाई में जुनिन क्षेत्र में 5.5 तीव्रता के भूकंप से छह लोगों की मौत हो गई थी और 30 अन्य घायल हुए थे। कई इमारतों में दरार आई थी।
एक दिन पहले ही मेरिका के कैलिफोर्निया प्रांत स्थित मॉन्टेरी काउंटी और सैन बेनिटो काउंटी में भूकंप के झटके महसूस किए गए। यूएसजीएस के अनुसार, इन झटकों से फिलहाल किसी के हताहत होने या किसी प्रकार के नुकसान की कोई सूचना नहीं है। यूएसजीएस ने बताया कि गुरुवार को कैलिफोर्निया की मॉन्टेरी काउंटी में सोलेदाद के पास रिक्टर पैमाने पर 5.1 तीव्रता का भूकंप आया। इसका केंद्र जमीन से 6.7 किलोमीटर की गहराई में था। शुरुआत में इसकी तीव्रता 5.4 आंकी गई थी, जिसे बाद में घटाकर 5.1 कर दिया गया।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




