Source :- KHABAR INDIATV
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप यानी WTC के फाइनल में पहुंचने की टीम इंडिया की राह अब पहले से ज्यादा मुश्किल हो गई है। न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन में खेला गया पहला टेस्ट ड्रॉ रहने के बाद भारतीय टीम को WTC पॉइंट्स टेबल में बड़ा नुकसान हुआ है। दोनों टीमों को इस मुकाबले से चार-चार पॉइंट मिले, जिससे उनके पॉइंट्स प्रतिशत यानी PTC पर भी असर पड़ा है। ऐसे में शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम के सामने अब अपने बाकी बचे सभी मुकाबले जीतने की चुनौती है। हालांकि, 6 टेस्ट जीतने के बाद भी भारत का फाइनल में पहुंचना पूरी तरह उसके अपने हाथ में नहीं होगा।
दो बार WTC फाइनल में जगह बना चुकी भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ एक और टेस्ट खेलना है। इसके बाद अगले साल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उसकी धरती पर पांच मैचों की टेस्ट सीरीज होगी। यानी भारत के पास कुल 6 मुकाबले बचे हैं। इन सभी मैचों में जीत दर्ज करने के बावजूद उसे न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के नतीजों पर भी नजर रखनी होगी।
भारत के फाइनल में पहुंचने का क्या है समीकरण?
भारत के लिए न्यूजीलैंड के खिलाफ क्राइस्टचर्च में होने वाला अगला टेस्ट बेहद अहम है। अगर न्यूजीलैंड यह मुकाबला जीतने में सफल रहता है, तो भारत की मुश्किलें बढ़ जाएंगी क्योंकि कीवी टीम 9 दिसंबर से ऑस्ट्रेलिया के घर में 4 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगी। इस स्थिति में ऑस्ट्रेलिया को न्यूजीलैंड के खिलाफ चारों टेस्ट जीतने होंगे। वहीं, भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज में 5-0 से क्लीन स्वीप करना होगा। ऐसा होने पर ही भारत न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया दोनों से आगे निकल सकता है। अगर भारत यह सीरीज 4-0 या 4-1 से जीतता है, तो फाइनल में पहुंचने का फैसला उसके अपने हाथ में नहीं रहेगा।
वहीं, अगर भारत क्राइस्टचर्च टेस्ट जीत लेता है और इसके बाद ऑस्ट्रेलिया की टीम न्यूजीलैंड को 4-0 से हरा देती है, तो टीम इंडिया के लिए समीकरण कुछ आसान हो जाएंगे। इस स्थिति में भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5-0 या 4-0 से सीरीज जीतनी होगी। हालांकि, अगर भारतीय टीम 4-1 से सीरीज अपने नाम करती है, तो ऑस्ट्रेलिया पॉइंट्स प्रतिशत के मामले में उससे आगे रह सकता है।
NZ और SA के प्रदर्शन पर निर्भर होगी टीम इंडिया की किस्मत
भारत की राह में न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका के नतीजे भी बड़ी भूमिका निभाएंगे। न्यूजीलैंड को भारत के खिलाफ एक टेस्ट के बाद ऑस्ट्रेलिया से चार मुकाबले खेलने हैं। इसके अलावा उसे श्रीलंका के खिलाफ घरेलू मैदान पर दो और पाकिस्तान के खिलाफ उसके घर में दो टेस्ट खेलने हैं। न्यूजीलैंड की टीम अपने बाकी बचे 9 टेस्ट में से सात मुकाबले जीतकर फाइनल में जगह पक्की कर सकती है।
दूसरी ओर, साउथ अफ्रीका फिलहाल पॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर है। उसने अब तक आठ टेस्ट खेले हैं, जिनमें से 6 में जीत दर्ज की है। उसके 6 मुकाबले अभी बाकी हैं। वहीं, दूसरे स्थान पर मौजूद ऑस्ट्रेलिया को अभी 9 टेस्ट खेलने हैं। इनमें न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू मैदान पर चार और भारत के खिलाफ पांच मुकाबले शामिल हैं। गौरतलब है कि पाकिस्तान, वेस्टइंडीज और श्रीलंका की टीमें अब फाइनल की दौड़ से बाहर हो चुकी हैं। ऐसे में भारत को न सिर्फ अपने बाकी सभी मैच जीतने होंगे, बल्कि दूसरी टीमों के प्रदर्शन पर भी निर्भर रहना पड़ेगा।
यह भी पढ़ें:
भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा टेस्ट कब खेला जाएगा, नोट कीजिए मैच शुरू होने का वक्त
एशिया कप राइजिंग स्टार्स अंक तालिका में भारतीय टीम पिछड़ी, अब कब खेला जाएगा अगला मुकाबला
SOURCE : KHABAR INDIAN TV




