Home Latest news ताज़ा खबर डीलिमिटेशन पर MVA में दरार! सुप्रिया सुले के रुख से उद्धव सेना...

डीलिमिटेशन पर MVA में दरार! सुप्रिया सुले के रुख से उद्धव सेना और कांग्रेस नाराज, कहा-इंडिया अलायंस से बाहर जाएं

4
0

Source :- INDIATV NEWS

मुंबई: महाराष्ट्र में डीलिमिटेशन बिल को लेकर महाविकास अघाड़ी के भीतर सियासी टकराव शुरू हो गया है। एनसीपी शरदचंद्र पवार पार्टी की सांसद सुप्रिया सुले ने परिसीमन के समर्थन के संकेत क्या दिए, उद्धव ठाकरे की शिवसेना और कांग्रेस ने सवाल खड़े कर दिए। संजय राउत ने साफ कहा कि अगर कोई डीलिमिटेशन बिल का समर्थन करता है तो उसे इंडिया अलायंस से बाहर चले जाना चाहिए। कांग्रेस ने भी संजय राउत के बयान का समर्थन किया है। हालांकि शरद पवार की पार्टी ने साफ किया है कि पार्टी अपनी विचारधारा पर कायम है और अभी बिल का ड्राफ्ट आने का इंतजार किया जाना चाहिए।

संजय राउत ने जताई नाराजगी

दरअसल, डीलिमिटेशन यानी परिसीमन को लेकर महाविकास अघाड़ी में अभी से मतभेद सामने आने लगे हैं। सुप्रिया सुले की ओर से परिसीमन के समर्थन के संकेत मिलने के बाद उद्धव ठाकरे गुट के नेता संजय राउत ने इस पर नाराजगी जताई। संजय राउत ने कहा कि इंडिया अलायंस के भीतर इस मुद्दे पर चर्चा होनी चाहिए। अगर कोई एनडीए के डीलिमिटेशन बिल का समर्थन करता है तो उसे इंडिया अलायंस से बाहर चले जाना चाहिए।

कांग्रेस ने किया संजय राउत के बयान का समर्थन

कांग्रेस ने संजय राउत के बयान का समर्थन किया है और कहा कि कांग्रेस नेता, पूर्व सांसद और पूर्व मंत्री हुसैन दलवाई ने कहा कि संजय राउत बिल्कुल सही कह रहे हैं। सुप्रिया सुले को डीलिमिटेशन पर अपनी भूमिका इंडिया अलायंस की बैठक में रखनी चाहिए। इस मुद्दे पर गठबंधन के भीतर चर्चा होनी चाहिए ।

वहीं कांग्रेस के नेता और राष्ट्रीय प्रवक्ता अतुल लोंढे पाटिल ने कहा कि संजय राउत बिल्कुल सही कह रहे हैं। सुप्रिया सुले को डीलिमिटेशन पर अपनी भूमिका इंडिया अलायंस की बैठक में रखनी चाहिए। इस मुद्दे पर गठबंधन के भीतर चर्चा होनी चाहिए। बाहर बयानबाजी करना ठीक नहीं है। अगर कोई इस बिल को समर्थन देने की बात करता है तो वह इंडिया गठबंधन के साथ नहीं है। उसे बाहर चले जाना चाहिए।

इस तरह की चर्चा करना उचित नहीं-शशिकांत शिंदे

वहीं कांग्रेस और उद्धव ठाकरे गुट के रुख पर एनसीपी (शरदचंद्र पवार) ने अपनी बात रखी है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत शिंदे ने कहा कि इस तरह की चर्चा करना उचित नहीं है। उनकी पार्टी एक विचारधारा पर चलती है और बीजेपी की बी टीम के तौर पर पार्टी को देखना गलत है।

एनडीए के साथ नहीं जाएगी  एनसीपी (शरदचंद्र पवार)

वहीं, एनसीपी शरद पवार पार्टी के विधायक रोहित पवार ने भी साफ किया कि शरद पवार की विचारधारा शाहू-फुले-आंबेडकरवादी है और पार्टी एनडीए के साथ नहीं जाएगी। हालांकि उन्होंने संजय राउत और दूसरे नेताओं की बयानबाजी पर टिप्पणी करने से इनकार किया। रोहित पवार ने कहा कि अभी डीलिमिटेशन बिल का ड्राफ्ट ही सामने नहीं आया है। ड्राफ्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि कितनी सीटें बढ़ेंगी और परिसीमन का आधार क्या होगा।

बीजेपी ने सुप्रिया सुले के बयान का किया स्वागत

एक तरफ जहां महाविकास अघाड़ी के सहयोगी दल सुप्रिया सुले के रुख पर सवाल उठा रहे हैं, वहीं बीजेपी ने उनके बयान का स्वागत किया है। महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री और बीजेपी नेता चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि सुप्रिया सुले ने जनप्रतिनिधियों की समस्याओं को समझते हुए परिसीमन का समर्थन करने की भूमिका दिखाई है। उन्होंने कहा कि बड़े निर्वाचन क्षेत्रों के कारण सांसदों और विधायकों को जनता तक पहुंचने में परेशानी होती है। ऐसे में निर्वाचन क्षेत्रों का आकार छोटा होना जरूरी है।

फिलहाल सुप्रिया सुले की ओर से इस पूरे विवाद पर कोई नई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वह अभी महाराष्ट्र से बाहर हैं। लेकिन उनके परिसीमन को लेकर दिए गए संकेतों ने महाविकास अघाड़ी के भीतर मतभेद जरूर उजागर कर दिए हैं। एक तरफ उद्धव ठाकरे की शिवसेना और कांग्रेस इंडिया अलायंस की साझा भूमिका पर जोर दे रही हैं, तो दूसरी तरफ शरद पवार की पार्टी बिल का ड्राफ्ट आने के बाद अपनी भूमिका तय करने की बात कह रही है। ऐसे में डीलिमिटेशन बिल पर महाविकास अघाड़ी की एकजुटता को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं।

बता दें कि इससे पहले जुलाई में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) की कार्यकारी अध्यक्ष और एमपी सुप्रिया सुले ने NDA में शामिल होने की अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया था। साथ ही उन्होंने यह भी कहा था कि उनकी पार्टी किसी के दबाव में काम करने वाली नहीं है। सुप्रिया सूले ने साफ तौर पर कहा कि उनकी पार्टी  INDIA गठबंधन का हिस्सा है और डीलिमिटेशन जैसे महत्वपूर्ण मुद्दे पर गठबंधन के सभी दल मिलकर फैसला करेंगे।

ये भी पढ़ें:

संजय राउत ने विस अध्यक्ष पर आदिवासियों की जमीन हड़पने का लगाया आरोप, नार्वेकर बोले- मानहानि का मुकदमा करूंगा

SOURCE : INDIATV NEWS