Home rss business hindi चांदी 3 महीने में ₹1 लाख तक सस्ती, अब आएगी तेजी या...

चांदी 3 महीने में ₹1 लाख तक सस्ती, अब आएगी तेजी या अभी और गिरेगा भाव? जानें एक्सपर्ट की राय

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • चांदी की कीमतों में पिछले कुछ महीनों से जबरदस्त उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है
  • अगस्त 2026 में करीब ₹2.50 लाख प्रति किलो के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद चांदी अब करीब ₹1.54 लाख प्रति किलो के आसपास आ गई है
  • यानी पिछले तीन महीनों में चांदी करीब ₹1 लाख तक सस्ती हो चुकी है

Silver Price: चांदी की कीमतों में पिछले कुछ महीनों से जबरदस्त उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। अगस्त 2026 में करीब ₹2.50 लाख प्रति किलो के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद चांदी अब करीब ₹1.54 लाख प्रति किलो के आसपास आ गई है। यानी पिछले तीन महीनों में चांदी करीब ₹1 लाख तक सस्ती हो चुकी है। हालांकि, सोमवार को चांदी के भाव में ₹6,000 से ज्यादा की तेजी भी देखने को मिली थी। इस बड़ी गिरावट के बाद निवेशकों के मन में सवाल है कि क्या चांदी की कीमतों में अभी और गिरावट आएगी या अब इसमें तेजी लौट सकती है? बाजार के जानकारों के मुताबिक, आने वाले दिनों में अमेरिकी डॉलर, ब्याज दरों और महंगाई से जुड़े आंकड़े चांदी की अगली चाल तय कर सकते हैं।

चांदी की कीमतों में गिरावट की 3 बड़ी वजह

SEBI रजिस्टर्ड मार्केट एक्सपर्ट अनुज गुप्ता के मुताबिक, चांदी की कीमतों में गिरावट के पीछे मुख्य रूप से तीन बड़ी वजह हैं। पहली वजह अमेरिका में बॉन्ड यील्ड का ऊंचे स्तर पर बने रहना है। दूसरी वजह भारतीय रुपये का डॉलर के मुकाबले मजबूत होना और तीसरी वजह अमेरिका में ब्याज दरें बढ़ने की आशंका है। जब अमेरिका में बॉन्ड से अच्छा रिटर्न मिलता है, तो निवेशक सोने-चांदी जैसी चीजों के बजाय बॉन्ड में पैसा लगाना पसंद कर सकते हैं। इससे चांदी की मांग पर दबाव पड़ता है और कीमतें नीचे आ सकती हैं।

रुपये की मजबूती से भी चांदी पर दबाव

अनुज गुप्ता के मुताबिक, पिछले तीन महीनों में भारतीय रुपया डॉलर के मुकाबले करीब 98 से मजबूत होकर 92.50 के स्तर तक पहुंचा है। रुपये की मजबूती का असर घरेलू बाजार में चांदी की कीमतों पर पड़ता है। भारत अपनी जरूरत का काफी हिस्सा चांदी के आयात से पूरा करता है। ऐसे में डॉलर के मुकाबले रुपया मजबूत होने पर चांदी का आयात सस्ता हो सकता है। इससे घरेलू बाजार में कीमतों पर दबाव बनता है।

अमेरिका में महंगाई बढ़ी तो और गिर सकती है चांदी

चांदी की कीमतों के लिए अमेरिका में महंगाई के आंकड़े भी काफी अहम हैं। बाजार में चर्चा है कि अक्टूबर 2026 में अमेरिका की महंगाई दर 3.10% से बढ़कर 3.20% हो सकती है। अगर ऐसा होता है, तो अमेरिकी फेडरल रिजर्व पर ब्याज दरें बढ़ाने का दबाव बन सकता है। ब्याज दरें बढ़ने की आशंका से डॉलर मजबूत हो सकता है, जिसका असर चांदी की कीमतों पर देखने को मिल सकता है। ऐसे में निवेशकों की नजर अमेरिकी महंगाई के आंकड़ों पर बनी हुई है।

चांदी के लिए ₹1.40 लाख का लेवल अहम

अनुज गुप्ता के मुताबिक, घरेलू बाजार में चांदी के लिए ₹1,40,000 प्रति किलो का स्तर काफी अहम है। अगर चांदी इस स्तर से नीचे बंद होती है, तो कीमतें गिरकर ₹1,20,000 और फिर ₹1,00,000 प्रति किलो तक जा सकती हैं। वहीं, अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी के लिए 38 डॉलर प्रति औंस का स्तर अहम सपोर्ट है। इसके नीचे जाने पर कीमतें 34 डॉलर और 30 डॉलर प्रति औंस तक गिर सकती हैं। इसके उलट, अगर घरेलू बाजार में चांदी ₹1,90,000 प्रति किलो के ऊपर निकलती है और अंतरराष्ट्रीय बाजार में 52 डॉलर प्रति औंस के पार टिकती है, तो माना जा सकता है कि चांदी ने अपना निचला स्तर बना लिया है।

एक्सपर्ट की क्या है राय

एनरिच मनी के CEO पोनमुडी आर के मुताबिक, फिलहाल चांदी में तेजी को लेकर ज्यादा भरोसा नहीं किया जा सकता। अंतरराष्ट्रीय बाजार में अगर चांदी 43.50 डॉलर प्रति औंस के ऊपर टिकती है, तो यह 45.50 से 46 डॉलर तक पहुंच सकती है। वहीं, 41.50 डॉलर के नीचे फिसलने पर कीमत 40 डॉलर तक आ सकती है। भारतीय बाजार की बात करें तो चांदी में मजबूती के लिए ₹1,58,000 के ऊपर टिकना जरूरी है। ऐसा होने पर कीमत ₹1,64,000 से ₹1,66,000 प्रति किलो तक जा सकती है। वहीं, अगर चांदी ₹1,47,000 के नीचे फिसलती है, तो इसमें फिर बिकवाली बढ़ सकती है और भाव ₹1,42,000 तक पहुंच सकता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN