Source :- BBC INDIA

पढ़ने का समय: 12 मिनट
मदुरै के ज़िला कलेक्टर ने सुप्रीम कोर्ट में दाख़िल अपनी रिपोर्ट में कहा है कि उन्होंने कोर्ट के आदेश को लागू करने के लिए हर संभव कदम उठाए. लेकिन मंदिर प्रशासन ने तिरुपरनकुंद्रम दीप स्तंभ पर दीप जलाने वाले लोगों के नाम नहीं दिए.
रिपोर्ट में उन्होंने बताया कि दीप जलाने की व्यवस्था को लेकर मंदिर प्रशासन, पुलिस और दूसरे अधिकारियों के साथ बैठकें की गई थीं. सुरक्षा के इंतज़ाम भी किए गए थे.
मदुरै ज़िला कलेक्टर की ओर से सुप्रीम कोर्ट में यह रिपोर्ट तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी की चोटी पर स्थित दीप स्तंभ पर कार्तिगई महादीप नहीं जलाए जाने के मामले में दाख़िल की गई है.
सुप्रीम कोर्ट ने 24 नवंबर को दीप स्तंभ पर दीप जलाने की अंतरिम अनुमति दी थी. लेकिन उस दिन परंपरा के मुताबिक़ उच्छिपिल्लैयार मंदिर के पास बने दीप मंडप में ही महादीप जलाया गया.
इस मामले की सुनवाई आज (25 नवंबर) सुप्रीम कोर्ट में हुई. इसी दौरान ज़िला कलेक्टर की ओर से यह रिपोर्ट दाख़िल की गई. क़ानूनी ख़बरें देने वाली वेबसाइट लाइव लॉ ने यह जानकारी दी है.
अदालत में क्या हुआ?
Getty Images
जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल पंचोली की बेंच के सामने इस मामले की सुनवाई हुई.
मदुरै के ज़िला कलेक्टर की ओर से पेश हुए वरिष्ठ वकील गोपाल शंकरनारायणन ने कोर्ट को बताया कि दीप स्तंभ पर दीप नहीं जलाया गया.
उन्होंने कहा कि ज़िला कलेक्टर की ओर से इस बारे में रिपोर्ट दाख़िल की गई है. उन्होंने यह भी कहा कि दूसरे पक्ष के इस मुद्दे को उठाने से पहले ही कोर्ट को इसकी जानकारी देना उचित होगा. इसलिए वे ख़ुद यह बात कोर्ट के सामने रख रहे हैं.
इसके बाद दीप स्तंभ पर दीप जलाने की मांग करने वाले पक्ष के वकील गुरु कृष्णकुमार ने दलील दी कि वहां दीप न जलाना कोर्ट के आदेश का जानबूझकर उल्लंघन है.
उन्होंने मंदिर के ट्रस्टी बोर्ड के नाम से जारी एक बयान का भी हवाला दिया. इसमें कहा गया है कि मंदिर की परंपरा और रीति-रिवाज के मुताबिक़ दीप हमेशा उच्छिपिल्लैयार मंदिर के पास ही जलाया जाता है.
इसके अलावा, उन्होंने कहा कि उच्छिपिल्लैयार मंदिर के पास जलाए गए दीप को ले जाकर दीप स्तंभ पर जलाया जाना चाहिए था.
एक अन्य वकील ने मांग की कि इस मामले में कोर्ट को ख़ुद संज्ञान लेकर अदालत की अवमानना की कार्रवाई शुरू करनी चाहिए.
हालांकि, जस्टिस अरविंद कुमार ने इस मांग को स्वीकार नहीं किया. उन्होंने कहा कि अदालत की अवमानना की कार्रवाई की मांग करने वालों को इसके लिए उचित याचिका दाख़िल करनी होगी.
ज़िला कलेक्टर की रिपोर्ट में क्या कहा गया है?

मदुरै के ज़िला कलेक्टर ने सुप्रीम कोर्ट में दाख़िल अपनी रिपोर्ट में कहा है कि मंदिर प्रशासन ने उन लोगों के नाम नहीं दिए, जिन्हें दीप स्तंभ पर दीप जलाने के लिए जाना था.
ज़िला कलेक्टर ने कहा कि 20 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट का आदेश आने के बाद से 24 नवंबर की शाम तक उन्होंने अपने अधिकारों और ज़िम्मेदारियों के दायरे में रहते हुए इसे लागू करने के लिए लगातार कदम उठाए.
रिपोर्ट के मुताबिक़, इस सिलसिले में तीन बैठकें की गईं. तीसरी बैठक में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के हर पहलू पर विस्तार से चर्चा हुई.
ज़िला कलेक्टर ने बताया कि इन बैठकों में कई मुद्दों पर विचार किया गया. इनमें दीप स्तंभ तक जाने वाले दल में कितने लोग होंगे, वे किस समय जाएंगे, कौन-सा रास्ता इस्तेमाल करेंगे, उन्हें प्रवेश पास कैसे दिए जाएंगे, श्रद्धालुओं के लिए क्या इंतज़ाम होंगे और सुरक्षा के क्या उपाय किए जाएंगे, जैसे मुद्दे शामिल थे.
रिपोर्ट में कहा गया है कि ये बैठकें मंदिर के कार्यकारी अधिकारी, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के अधिकारियों और पुलिस कमिश्नर के साथ हुईं. बैठकों में लिए गए फ़ैसलों को लिखित रूप में दर्ज किया गया और संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई.
मंदिर प्रशासन ने क्या फ़ैसला लिया था?
Nainar Nagenthran/X
तिरुपरनकुंद्रम मंदिर की ट्रस्ट समिति ने फ़ैसला किया था कि कार्तिगई महादीप हमेशा की तरह उच्छिपिल्लैयार मंदिर के पास बने दीप मंडप में ही जलाया जाएगा.
ट्रस्ट समिति ने इस फ़ैसले के पीछे मंदिर की पारंपरिक पूजा पद्धति, आगम नियमों और लंबे समय से चली आ रही परंपराओं का हवाला दिया था.
ज़िला कलेक्टर की रिपोर्ट के मुताबिक़, इसी वजह से मंदिर प्रशासन ने उन लोगों के नाम नहीं सुझाए, जिन्हें दीप स्तंभ पर दीप जलाने के लिए जाना था.
ज़िला कलेक्टर की ओर से कोर्ट में बताया गया कि दीप स्तंभ पर दीप नहीं जलाए जाने के पीछे मंदिर प्रशासन का यह फ़ैसला एक अहम वजह था.
क्या सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन हुआ?
तिरुपरनकुंद्रम मामले में सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को अंतरिम आदेश दिया था. इसमें सिर्फ़ 24 नवंबर को दीप स्तंभ पर दीप जलाने की अनुमति दी गई थी.
कोर्ट ने कहा था कि ज़िला प्रशासन इसकी तैयारियों का समन्वय करे. इसके लिए मंदिर प्रशासन, पुरातत्व विभाग और पुलिस अधिकारियों से सलाह ली जाए. साथ ही, तय संख्या में ही लोगों को दीप स्तंभ तक जाने की अनुमति दी जाए.
लेकिन दीप स्तंभ पर दीप नहीं जलाया गया. इसके बाद यह सवाल उठ रहा है कि ज़िला प्रशासन ने आदेश को लागू करने के लिए कदम तो उठाए, लेकिन आख़िर दीप नहीं जलाए जाने की ज़िम्मेदारी किसकी है?
एक तरफ़ ज़िला कलेक्टर का कहना है कि मंदिर प्रशासन ने लोगों के नाम नहीं दिए, इसलिए आगे की कार्रवाई नहीं हो सकी. दूसरी तरफ़, याचिकाकर्ता पक्ष ने आरोप लगाया है कि कोर्ट के आदेश के बावजूद दीप न जलाना जानबूझकर उसका उल्लंघन करना है.
इस मामले में ज़िला कलेक्टर की रिपोर्ट, मंदिर प्रशासन के फ़ैसले और याचिकाकर्ता पक्ष की दलीलों पर कोर्ट क्या रुख़ अपनाता है, यह अगली सुनवाई में साफ़ होगा.
राजनीतिक नेताओं ने क्या कहा?
24 नवंबर की शाम को तय जगह पर ही दीप जलाए जाने का बीजेपी और हिंदू संगठनों ने विरोध किया है. उन्होंने तमिलनाडु सरकार पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन नहीं करने का आरोप लगाया है.
वहीं, सत्तारूढ़ दल के समर्थन में खड़े नेताओं का कहना है कि मंदिर की पुरानी पूजा परंपराओं और धार्मिक सद्भाव को बनाए रखा गया है.
‘मुख्यमंत्री विजय ने ऐतिहासिक भूल की’ – नयनार नागेंद्रन
ANI
दीप स्तंभ पर दीप नहीं जलाए जाने का बीजेपी ने कड़ा विरोध किया है. तिरुपरनकुंद्रम जाने की कोशिश के दौरान पुलिस ने तमिलनाडु बीजेपी अध्यक्ष नयनार नागेंद्रन को रोककर गिरफ़्तार कर लिया था. उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने सीधे सुप्रीम कोर्ट के आदेश का उल्लंघन किया है.
नयनार नागेंद्रन ने अपने एक्स अकाउंट पर मुख्यमंत्री विजय की कड़ी आलोचना की. उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश की अवहेलना करके मुख्यमंत्री विजय ने जानबूझकर एक बड़ी ऐतिहासिक भूल की है.
उन्होंने आरोप लगाया कि उपचुनाव में अल्पसंख्यक समुदाय के वोट पाने और सत्ता बचाए रखने के लिए सरकार ने बहुसंख्यक समुदाय के लोगों के पूजा करने के अधिकारों की अनदेखी की है. उन्होंने यह भी कहा कि सरकार ने न्यायपालिका की गरिमा का सम्मान नहीं किया.
नागेंद्रन ने लिखा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश को लागू नहीं करने के कारण मदुरै के ज़िला कलेक्टर को बलि का बकरा बनाया जा रहा है. उन्होंने दावा किया कि पहले इसी तरह की ग़लती करने के बाद डीएमके की सरकार सत्ता से बाहर हो गई थी. अब तमिलगा वेत्री कज़गम (टीवीके) की सरकार के पतन की उलटी गिनती शुरू हो गई है.
बीजेपी की वरिष्ठ नेता तमिलिसाई सुंदरराजन ने भी सरकार की आलोचना की. उन्होंने कहा कि क़ानून मंत्री ही सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश को लागू करने के बजाय उसके ख़िलाफ़ काम कर रहे हैं, जो निंदनीय है.
तमिलिसाई ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा कि सरकार ने क़ानून और श्रद्धालुओं की भावनाओं का अपमान किया है. इस वजह से क़ानून मंत्री ने अपने पद पर बने रहने का नैतिक अधिकार खो दिया है.
तिरुपरनकुंद्रम जाने की कोशिश के दौरान पुलिस ने पूर्व केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन को भी रोक दिया था. उन्होंने श्रद्धालुओं और राजनीतिक नेताओं को रोकने के लिए की गई पुलिस कार्रवाई को ‘लोकतंत्र की हत्या’ बताया.
बीजेपी प्रवक्ता नारायणन तिरुपति ने चेतावनी दी कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश को लागू करने से इनकार करने के लिए सरकार को इसके नतीजे भुगतने पड़ेंगे.
‘सरकार ने अपनी ज़िम्मेदारी नहीं निभाई’ – एडप्पाडी पलानीस्वामी
अन्नाद्रमुक के महासचिव एडप्पाडी पलानीस्वामी ने भी तमिलनाडु सरकार के फ़ैसले की आलोचना की है. उन्होंने आरोप लगाया कि तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी की चोटी पर स्थित दीप स्तंभ पर दीप जलाने के मामले में राज्य सरकार ने अपनी ज़िम्मेदारी नहीं निभाई.
चेन्नई एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि अदालत के आदेशों को लागू करना राज्य सरकार की ज़िम्मेदारी है. कोर्ट के आदेश को लागू किए बिना सरकार का काम करना स्वीकार नहीं किया जा सकता.
उन्होंने कहा कि सरकार को इस मामले में अपनी ज़िम्मेदारी समझते हुए काम करना चाहिए था. साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश को लागू नहीं करने पर अदालत की अवमानना की कार्रवाई हो सकती है.
‘मुख्यमंत्री को गुमराह किया जा रहा है’ – अन्नामलाई
वी द लीडर्स संगठन के अध्यक्ष अन्नामलाई ने तिरुपरनकुंद्रम मामले में तमिलनाडु सरकार के रवैये की आलोचना की है. उन्होंने कहा कि सरकार को अदालत के फ़ैसलों पर अपनी पसंद-नापसंद के हिसाब से अमल नहीं करना चाहिए.
अन्नामलाई ने कहा कि अदालत के फ़ैसलों को ईमानदारी से लागू करने पर ही न्यायपालिका और सरकार के बीच संतुलन बना रहता है.
उन्होंने आरोप लगाया कि तिरुपरनकुंद्रम मामले में तमिलगा वेत्री कज़गम की सरकार ने अदालत के आदेशों को नज़रअंदाज़ किया और मनमाने ढंग से काम किया.
उन्होंने आगे कहा, “मुख्यमंत्री विजय के आसपास के लोग उन्हें गुमराह कर रहे हैं. ऐसा लगता है कि उन्होंने मुख्यमंत्री के सामने एक झूठी तस्वीर भी पेश की है. अगर मुख्यमंत्री इस माहौल से बाहर नहीं निकलते हैं, तो इसका ख़ामियाज़ा उन्हें ही भुगतना पड़ेगा.”
अन्नामलाई ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा कि राजनीतिक वजहों, अज्ञानता या गठबंधन के सहयोगियों के दबाव का हवाला दिया जाए, लेकिन तमिलनाडु सरकार ने संविधान के दायरे में शासन चलाने के अपने वादे के ख़िलाफ़ काम किया है. उन्होंने कहा कि यह इतिहास में कभी न मिटने वाली भूल साबित होगी.
‘सांप्रदायिक ताक़तों की साज़िशों को नाकाम किया’ – माणिकम टैगोर
सत्तारूढ़ गठबंधन में शामिल कांग्रेस के तमिलनाडु अध्यक्ष माणिकम टैगोर ने तय जगह पर ही दीप जलाए जाने का समर्थन किया है.
माणिकम टैगोर ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा कि सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश का हवाला देकर बीजेपी और आरएसएस के समर्थन से बेवजह तनाव पैदा करने की कोशिश की गई. उन्होंने कहा कि तमिलनाडु के लोगों और राज्य सरकार ने मिलकर सांप्रदायिक ताक़तों की साज़िशों को नाकाम किया है.
उन्होंने यह भी कहा कि सदियों से चली आ रही आगम परंपराओं और रीति-रिवाज़ों के मुताबिक़ उच्छिपिल्लैयार मंदिर के पास तिरुकार्तिगई दीप जलाया गया. उनके मुताबिक़, इससे सच्चे श्रद्धालुओं की भावनाओं का सम्मान हुआ है.
माणिकम टैगोर ने कहा कि तमिलनाडु कांग्रेस कमेटी मुख्यमंत्री विजय के नेतृत्व वाली धर्मनिरपेक्ष गठबंधन सरकार के क़दमों का स्वागत करती है.
उन्होंने कहा कि सरकार ने किसी भी दबाव या उकसावे के आगे झुके बिना क़ानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ने नहीं दी और धार्मिक सद्भाव और सामाजिक न्याय की रक्षा की.
उनके मुताबिक़, तमिलनाडु के लोगों ने एक बार फिर साबित किया है कि यह सामाजिक न्याय की धरती है.
मंगलवार को क्या हुआ था?
तमिलनाडु के तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर हर साल की तरह इस बार भी कार्तिगई दीपम के मौके पर दीपक जलाया गया.
पहाड़ी पर स्थित उच्छिपिल्लैयार मंदिर के दीप मंडप में एक बड़े दीप पात्र में महादीप जलाया गया. भक्तों ने ‘अरोहरा’ के जयकारे लगाए और भगवान के दर्शन किए.
हालांकि, सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद पहाड़ी की चोटी पर बने एक खंभे पर दीपक नहीं जलाया गया. इसके विरोध में हिंदू संगठनों से जुड़े लोगों ने मंदिर के सामने प्रदर्शन किया.
मंदिर के दीप मंडप में दीपक जलाए जाने के बाद पहाड़ी के चारों ओर बने परिक्रमा मार्ग पर हज़ारों लोगों ने पूजा-अर्चना की.
वहीं, बीजेपी और हिंदू संगठनों के लोगों ने मांग की कि पहाड़ी की चोटी पर स्थित खंभे पर भी दीपक जलाया जाए. उन्होंने तमिलनाडु सरकार के ख़िलाफ़ नारेबाज़ी की.
इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे 50 से ज़्यादा लोगों को हिरासत में ले लिया.

इससे पहले, सुप्रीम कोर्ट ने तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी की चोटी पर स्थित खंभे पर मंगलवार को दीपक जलाने की अनुमति दे दी थी.
इसे देखते हुए इलाके में सुरक्षा के लिए 5,000 से ज़्यादा पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया.
तिरुपरनकुंद्रम के सन्निधि स्ट्रीट इलाके में बम निरोधक दस्ते ने खोजी कुत्तों की मदद से सघन तलाशी ली. पहाड़ी, आसपास के शहर और परिक्रमा मार्ग समेत कई इलाकों को पुलिस ने अपने नियंत्रण में ले लिया.
तिरुपरनकुंद्रम में दाख़िल होने वाली सड़कों पर बैरिकेडिंग की गई. पुलिसकर्मी निगरानी कर रहे थे. मौके पर मौजूद बीबीसी तमिल संवाददाता सिराज के मुताबिक़, सघन जांच के बाद ही लोगों को इलाके में दाख़िल होने दिया गया.
आमतौर पर तिरुपरनकुंद्रम मंदिर के सामने बने पत्थर के मंडप तक दोपहिया और चारपहिया वाहनों को जाने की अनुमति होती है. लेकिन इस बार वाहनों को वहां तक जाने नहीं दिया गया. उन्हें मंदिर से काफ़ी दूर ही रोक दिया गया. मंदिर में पूजा करने आने वाले श्रद्धालुओं को ही अंदर जाने की अनुमति दी गई.
तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी और उसके आसपास के इलाकों को ड्रोन उड़ाने पर पाबंदी वाले रेड ज़ोन के रूप में घोषित किया गया है.
तिरुपरनकुंद्रम में काशी विश्वनाथ मंदिर और सुल्तान सिकंदर बादुशा औलिया दरगाह जाने वाले पूरे रास्ते को पुलिस ने बैरिकेड लगाकर बंद कर दिया है. इस इलाके में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है.
रथ स्ट्रीट पर स्थित सिकंदर बादुशा औलिया मस्जिद के आसपास भी पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है.
सुप्रीम कोर्ट का आदेश क्या है?

सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को आदेश दिया था कि तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी की चोटी पर मंगलवार, 24 नवंबर को कार्तिगई दीपम के दिन सिर्फ़ एक बार दीपक जलाया जा सकता है. यह आदेश जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल एम. पंचोली की बेंच ने दिया था.
हालांकि, ‘लाइव लॉ’ की रिपोर्ट के मुताबिक़, सुप्रीम कोर्ट ने मद्रास हाई कोर्ट के उस आदेश पर अंतरिम रोक लगा दी थी, जिसमें पहाड़ी पर दीपक जलाने की अनुमति दी गई थी.
‘लाइव लॉ’ के मुताबिक़, सुप्रीम कोर्ट ने यह भी साफ़ किया था कि एक बार दीपक जलाने की अनुमति देने का मतलब यह नहीं है कि अदालत ने वहां दीपक जलाने की परंपरा को अंतिम रूप से मान्यता दे दी है.
अदालत ने यह भी स्पष्ट किया था कि कोई भी पक्ष इस अनुमति को वहां दीपक जलाने की स्थापित परंपरा का सबूत नहीं मान सकता. न ही इसका इस्तेमाल आने वाले वर्षों में इसी तरह की पूजा की अनुमति मांगने के लिए किया जा सकता है.
सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया था कि दीपक जलाने के लिए पहाड़ी की चोटी पर सिर्फ़ मंदिर के अधिकृत कर्मचारी और सरकारी अधिकारी ही जा सकते हैं. आम लोगों को वहां जाने की अनुमति नहीं होगी. जजों ने अधिकारियों को सुरक्षा के इंतज़ाम करने का निर्देश दिया था. उन्होंने कहा था कि ज़रूरत और व्यावहारिकता को देखते हुए केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (सीआरपीएफ़) की तैनाती पर भी विचार किया जा सकता है.
दीपक जलाने का समय और वहां पहुंचने का रास्ता तय करने की ज़िम्मेदारी ज़िला प्रशासन की होगी. अदालत ने यह भी कहा था कि दीपक जलाने के बाद संबंधित लोगों को तुरंत वहां से लौटना होगा. वहां किसी तरह का निर्माण कार्य या ढांचागत बदलाव नहीं किया जा सकता.
सुप्रीम कोर्ट ने यह भी कहा था कि पहाड़ी पर मौजूद दूसरे पूजा स्थलों, सिकंदर बादुशा दरगाह और मस्जिद में पूजा-अर्चना बिना किसी रुकावट के जारी रहनी चाहिए. अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना होगा.
अदालत ने ज़िलाधिकारी को आदेश दिया था कि दीपक जलाए जाने के तीन दिनों के भीतर इससे जुड़ी रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट में दाख़िल की जाए.
इस आदेश के ख़िलाफ़ तमिलनाडु सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में पुनर्विचार याचिका दायर की थी. इस पर कल सुनवाई नहीं हुई. गुरु नानक जयंती के कारण सुप्रीम कोर्ट में मंगलवार को छुट्टी थी.
अतिरिक्त जानकारी: प्रभुराव आनंदन, बीबीसी तमिल के लिए.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
BBC News हिन्दी को चुनें और पाइए न्यूज़ अलर्ट, लाइव टीवी, पॉडकास्ट… सब एक जगह
कृपया नोट करें: नया ऐप ब्रिटेन और अमेरिका में उपलब्ध नहीं है.
SOURCE : BBC NEWS




