Source :- LIVE HINDUSTAN
आजकल मार्केट में नकली और फंगस लगे ड्राई फ्रूट्स बिकना सामान्य है। डॉ शालिनी कहती हैं कि ऐसे ड्राई फ्रूट्स खाने से कैंसर जैसी जानलेवा बीमारी भी हो सकती है। इसलिए इन्हें खरीदने से पहले ये 5 चीजें जरूर चेक करें।
सूखे मेवे यानी फ्राई फ्रूट्स को सेहत के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है। त्यौहार हों या अपने परिवार की सेहत का ध्यान रखना हो, लोग अक्सर काजू, बादाम और पिस्ता जैसे ड्राई फ्रूट्स खरीदते हैं। लेकिन क्या हो अगर यही ड्राई फ्रूट्स सेहत के लिए सबसे बड़ा नुकसान बन जाएं? हम ऐसा इसलिए कह रहे हैं क्योंकि आजकल मार्केट में मिलावटी, केमिकली ट्रीटेड और फंगस वाले ड्राई फ्रूट्स भी आने लगे हैं। एक इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए डॉ शालिनी सिंह सालुंके बताती हैं कि ऐसे ड्राई फ्रूट्स आपके फेफड़े, हार्ट और गट को इफेक्ट कर सकते हैं। इन्हें खाने पर कैंसर तक का खतरा हो सकता है। इसलिए जब भी मार्केट में ड्राई फ्रूट्स खरीदने जाएं तो कुछ बातों का ध्यान में रखें। डॉक्टर ने ऐसी 5 टिप्स शेयर जो आपके बड़े काम आ सकती हैं।
ड्राई फ्रूट्स खरीदते समय ये 5 टिप्स ध्यान में रखें
1) ड्राई फ्रूट्स का रंग चेक करें
सूखे मेवे खरीदते समय उनका रंग जरूर चेक करें। अगर बादाम बहुत ज्यादा चमकदार दिख रहे हैं, काजू जरूरत से ज्यादा सफेद हैं या पिस्ता बहुत हरे दिख रहे हैं तो सावधान हो जाएं। ये किसी तरह की मिलावट के संकेत हो सकते हैं।
2) सूखे मेवों की स्मेल देखें
ड्राई फ्रूट्स लेने से पहले एक बार उनकी स्मेल भी जरूर चेक करें। अगर इनमें से पेंट, बासी होने की या सीलन जैसी स्मेल आ रही है तो भूलकर भी इन्हें ना खरीदें। दरअसल कई बार ड्राई फूट्स सालों तक रखे रहते हैं। ये देखने में सामान्य लग सकते हैं, लेकिन पुराने होने की वजह से इनमें गंदी स्मेल आने लगती है जिसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
3) पैकेट में सफेद पाउडर या जाले तो नहीं दिख रहे?
पैकेज्ड ड्राई फ्रूट्स खरीदते समय हमेशा उनके पैकेट को चेक करें। अगर पैकेट के नीचे वाले हिस्से में किसी तरह का सफेद पाउडर या जाला दिखाई दे, तो ऐसे ड्राई फ्रूट्स भूलकर भी ना खरीदें। ऐसा अक्सर सालों से रखे स्टॉक के साथ होता है, जिसमें कीड़े लगे हुए हो सकते हैं।
4) ड्राई फ्रूट्स की पैकेजिंग चेक करें
ड्राई फ्रूट्स खरीदते समय उनकी पैकेजिंग को जरूर चेक करें। पैकेट पर FSSAI का लाइसेंस नंबर, पैकेजिंग डेट और एक्सपायरी डेट जरूर देखें। इसके अलावा इंग्रेडिएंट्स लिस्ट में एडेड शुगर और बाकी चीजें भी चेक करें। ताकि आपको पता हो ड्राई फ्रूट्स में क्या-क्या एकस्ट्रा मिलाया गया है।
5) टेस्ट और टेक्चर भी जरूर देखें
सूखे मेवे खरीदने से पहला उन्हें टेस्ट कर के देखना भी जरूरी है। चेक करें कहीं बादाम और अखरोट का टेस्ट कड़वा तो नहीं आ रहा। वहीं नट्स नेचुरली क्रंची होने पर ही खरीदें। ये छोटी-छोटी बातें ध्यान में रखेंगे तो हमेशा फ्रेश और बढ़िया ड्राई फ्रूट्स चुनने में आसानी होगी।
नोट: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। इसे किसी भी तरह से पेशेवर मेडिकल सलाह का विकल्प न मानें। किसी भी स्वास्थ्य समस्या या मेडिकल कंडीशन से जुड़े सवालों के लिए हमेशा अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
यह रिपोर्ट सोशल मीडिया पर मौजूद यूजर-जनरेटेड कंटेंट पर आधारित है। लाइव हिन्दुस्तान ने इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है और न ही इनका समर्थन करता है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




