Home LIFESTYLE NEWS HINDI विटामिन सी और विटामिन बी से भरपूर क्रीमी ब्रोकली सूप, सर्दियों में...

विटामिन सी और विटामिन बी से भरपूर क्रीमी ब्रोकली सूप, सर्दियों में रोज शाम को पाएं, जान लें बनाने का आसान तरीका

6
0

Source :- INDIATV NEWS

सर्दियों में हरी और ताजा ब्रोकली आने लगती है। आप ब्रोकली की सब्जी या सूप बनाकर पीएं। ब्रोकली विटामिन सी और विटामिन बी से भरपूर होती है। इसमें विटामिन बी के बी9 फोलेट और बी6 ज्यादा होता है। इसलिए ब्रोकली को डाइट में जरूर शामिल करें। बच्चों को भी ब्रोकली का स्वाद काफी पसंद आता है। आप उन्हें क्रीमी ब्रोकली सूप बनाकर पिला सकते हैं। शाम को इससे कुछ खाने की क्रेविंग भी दूर हो जाएगी और सर्दियों में इसे पीने से पेट भी भरा रहेगा। सूप पीने का फायदा ये है कि आप ज्यादा खाने से बच जाते हैं, इसलिए डाइटिंग करने वालों के लिए ब्रोकली सूप अच्छा विकल्प है। आइये जानते हैं ब्रोकली सूप की रेसिपी।

ब्रोकली सूप की रेसिपी

पहला स्टेप- सबसे पहले एक पैन में 2 चम्मच ऑलिव ऑयल डालें। इसमें एक तेज पत्ता, 6-7 कली लहसुन और 1 प्याज को मोटा काटकर तेल में डाल दें। प्याज को हल्का भूनें। सूप में आपको प्याज लहसुन को बहुत ज्यादा भूनने की जरूरत नहीं होती है। अब इसमें थोड़ी काली मिर्च का पाउडर डालें। साथ ही इसमें 2 बड़े कप पानी डाल दें।

दूसरा स्टेप- कुछ लोग तेल में ही ब्रोकली डाल देते हैं, जिससे ब्रोकली सूप में होटल जैसा रंग नहीं आ पाता है। आपको पहले पानी को गर्म करना है। जब एक उबाल आ जाए तो इसमें बारीक कटी और धुली हुई ब्रोकली डाल दें। अब नमक डालकर गैस तेज करके ब्रोकली को हाई फ्लेम पर पांच मिनट के लिए उबालें। ब्रोकली सूप का कलर एकदम हरा रहे इसके लिए इसमें उबलने के बाद जब गैस बंद कर दें उस वक्त 6-7 पालक के पत्ते डालने हैं।

तीसरा स्टेप- अब ब्रोकली के गर्म पैन को सीधे किसी आइस बाउल पर रखकर ठंडा कर लें। अगर आप ऐसा नहीं करेंगे तो ब्रोकली सूप में अच्छा हरा रंग नहीं आएगा। नेचुरली ब्रोकली को ठंडा करेंगे तो सूप का रंग काला हो जाएगा। अब ब्रोकली से तेज पत्ता को निकाल लें और पूरे मिक्सचर को मिक्सी में डालकर अच्छी तरह ब्लैंड कर लें।   

चौथा स्टेप- अब सूप को फिर से पैन में ट्रांसफर करें और इसमें क्रीमी फ्लेवर के लिए मक्खन और थोड़ी क्रीम डालकर मिलाएं। सूप को पतला या गाढ़ा आप अपने हिसाब से रख सकते हैं। अब सूप में नमक अपने हिसाब से चेक करके मिला लें। क्रीम ब्रोकली सूप में थोड़ा नींबू डालकर या ऐसे ही गर्मागरम इंजॉय करें। सर्दियों में ये सूप रोज पीएं।

SOURCE : INDIATV NEWS