Home rss world hindi स्कूलों में बुर्का बैन, 30% तक ही विदेशी बच्चों का एडमिशन; मेलोनी...

स्कूलों में बुर्का बैन, 30% तक ही विदेशी बच्चों का एडमिशन; मेलोनी ने बनाया नया कानून

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

डेक्रेटो स्कुओला (Decreto Scuola) के नाम से जाना जाने वाला यह कानून 30 सितंबर, 2026 के अध्यादेश संख्या 170 का हिस्सा है। नए नियमों के तहत छात्राओं को स्कूल परिसर में बुर्का या नकाब पहनने की अनुमति नहीं होगी।

इटली की सरकार ने स्कूलों में बुर्का और नकाब को प्रतिबंध कर दिया है। इसके अलावा प्रथम वर्ष की कक्षाओं में विदेशी मूल के छात्रों की संख्या अधिकतम 30 प्रतिशत तक सीमित कर दी गई है। प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी की सरकार ने संसद में इस शिक्षा सुधार कानून को पास कराने में सफलता हासिल की है। चैंबर ऑफ डेप्युटीज में इस विधेयक के पक्ष में 142 और विरोध में 112 वोट पड़े, जबकि चार सदस्य मतदान से दूर रहे। इससे पहले 20 नवंबर को सीनेट ने भी इसे पारित कर दिया था। विपक्षी दलों ने इस कानून को भेदभावपूर्ण बताते हुए सदन में स्कूल में कोई भी विदेशी नहीं है लिखे पोस्टर लहराकर कड़ा विरोध जताया।

डेक्रेटो स्कुओला (Decreto Scuola) के नाम से जाना जाने वाला यह कानून 30 सितंबर, 2026 के अध्यादेश संख्या 170 का हिस्सा है। नए नियमों के तहत छात्राओं को स्कूल परिसर में बुर्का या नकाब पहनने की अनुमति नहीं होगी। हालांकि, बाल और गर्दन ढकने वाले हिजाब पर यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा। नियमों का उल्लंघन करने पर 200 से 1,000 यूरो तक के जुर्माने का प्रावधान है। नाबालिग छात्रों के मामले में उनके माता-पिता से वसूला जाएगा।

विदेशी छात्रों के लिए 30% सीमा

शैक्षणिक सत्र 2027-28 से प्राइमरी, मिडिल और हाई स्कूल की शुरुआती कक्षाओं में उन विदेशी छात्रों की संख्या 30 प्रतिशत से अधिक नहीं हो सकेगी जिन्हें इतालवी भाषा का पर्याप्त ज्ञान नहीं है। जो छात्र पहले ही इतालवी भाषा सीख चुके हैं या इटली के स्कूलों में तय वर्षों तक पढ़ाई कर चुके हैं उन पर यह सीमा लागू नहीं होगी।

अभिभावकों के लिए इतालवी भाषा अनिवार्य

जिन विदेशी माता-पिता को इतालवी भाषा न आने के कारण उनके बच्चों को शिक्षा प्रणाली में घुलने-मिलने में कठिनाई हो रही है, उनके लिए सरकार मुफ्त इतालवी भाषा पाठ्यक्रम शुरू करेगी।

मेलोनी ने क्या कहा?

इस कानून का बचाव करते हुए प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने कहा था कि यह स्वीकार्य नहीं है कि इतालवी कक्षाओं में खुद इटली के बच्चे अल्पसंख्यक बनकर हाशिए पर महसूस करें। मेलोनी ने आलोचकों पर निशाना साधते हुए कहा कि बिना भाषा और नियमों के एकीकरण की बात करना उन लोगों का सुविधाजनक झूठ है जो अपने बच्चों को ऐसे स्कूलों में भेजते हैं जहां यह समस्या मौजूद ही नहीं है। आपको बता दें कि 2010 में भी तत्कालीन शिक्षा मंत्री मारियास्टेला गेलमिनी ने 30 प्रतिशत सीमा का परिपत्र जारी किया था, लेकिन स्थानीय जनसांख्यिकीय परिस्थितियों के कारण वह पूरी तरह लागू नहीं हो सका था।

यूरोप के अन्य देशों में भी सख्त हैं नियम

इटली के अलावा यूरोप के कई अन्य देशों में ऐसे प्रतिबंध हैं। फ्रांस और बेल्जियम ने 2011 में ही सार्वजनिक स्थानों पर चेहरा ढकने पर देशव्यापी प्रतिबंध लगा दिया था। बुल्गारिया ने 2016 में और नीदरलैंड ने 2019 में शैक्षणिक और सरकारी संस्थानों में पूरे चेहरे के नकाब पर रोक ला दिया। वहीं, ऑस्ट्रिया ने अक्टूबर 2017 के मास्क-रोधी कानून के बाद सितंबर 2026 से स्कूलों में 14 वर्ष तक की लड़कियों के सिर ढकने पर भी पाबंदी लागू की है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN