Home LIFESTYLE NEWS HINDI विटामिन सी से भरपूर आंवले का खट्टा-मीठा पापड़ कैसे बनाएं? यहां जान...

विटामिन सी से भरपूर आंवले का खट्टा-मीठा पापड़ कैसे बनाएं? यहां जान लें सिंपल रेसिपी

3
0

Source :- INDIATV NEWS

विटामिन सी और एंटीऑक्सीडेंट्स से भरपूर आंवला सेहत के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। अक्सर लोग इसके कसैले स्वाद के कारण इसे कच्चा खाने से कतराते हैं। सर्दियों में लोग इसकी चटनी, अचार या मुरब्बा बनाकर खाते हैं। लेकिन क्या आपने कभी आंवले का पापड़ ट्राय किया है। आंवले का खट्टा-मीठा पापड़ एक ऐसा स्वादिष्ट ऑप्शन है जिसे बच्चे और बड़े सभी चाव से खाते हैं। यह पाचन को दुरुस्त रखने के साथ-साथ इम्यूनिटी को भी मजबूत करता है। इसे बनाकर आप साल भर के लिए एयरटाइट डिब्बे में स्टोर भी कर सकते हैं। चलिए जानते हैं इसकी सिंपल सी रेसिपी। 

सामग्री

  • ताजा आंवला: 500 ग्राम 
  • चीनी या गुड़: 350 से 400 ग्राम 
  • काला नमक: 1 छोटा चम्मच
  • भुना जीरा पाउडर: 1 छोटा चम्मच
  • काली मिर्च पाउडर: आधा छोटा चम्मच
  • चाट मसाला: आधा छोटा चम्मच
  • सौंफ पाउडर: आधा छोटा चम्मच
  • घी: 1 छोटा चम्मच 

आंवला पापड़ बनाने का तरीका

स्टेप 1

सबसे पहले आंवलों को अच्छी तरह धोकर साफ कर लें। अब एक स्टीमर या कुकर में थोड़ा पानी डालकर आंवलों को भाप में 8 से 10 मिनट तक पकाएं। ध्यान रखें कि इन्हें सीधे पानी में न उबालें, वरना इसके पोषक तत्व पानी में निकल जाएंगे। जब आंवले नरम हो जाएं और इनकी कलियां अलग होने लगें, तो गैस बंद कर दें। ठंडा होने पर आंवलों की गुठलियां निकाल दें और गूदे को मिक्सर जार में डालकर बिना पानी मिलाए एकदम बारीक और चिकना पेस्ट तैयार कर लें।

स्टेप 2
अब एक भारी तले की कड़ाही लें और उसमें आंवले का पिसा हुआ पेस्ट डालें। गैस की आंच मध्यम रखें और इसे 2-3 मिनट तक चलाते हुए भूनें ताकि इसका अतिरिक्त पानी सूख जाए। इसके बाद इसमें चीनी या कद्दूकस किया हुआ गुड़ डालें। चीनी घुलने पर मिश्रण थोड़ा पतला हो जाएगा। इसे लगातार चलाते हुए तब तक पकाएं जब तक यह गाढ़ा और पारदर्शी न दिखने लगे।

स्टेप 3
जब मिश्रण कड़ाही के किनारे छोड़ने लगे और जमने की स्थिति में आ जाए, तब इसमें काला नमक, भुना जीरा पाउडर, काली मिर्च पाउडर, सौंफ पाउडर और चाट मसाला डालकर अच्छी तरह मिलाएं। 2 मिनट और पकाने के बाद गैस बंद कर दें।

स्टेप 4
इसके बाद एक बड़ी थाली या ट्रे पर हल्का सा घी लगाकर चिकना कर लें। तैयार गरम मिश्रण को थाली में डालें और एक स्पैचुला या चम्मच की मदद से पतली परत में एक समान फैला दें। इसे 2 से 3 दिन तक तेज धूप में सूखने के लिए रख दें। जब पापड़ पूरी तरह सूख जाए और किनारों से आसानी से निकलने लगे, तो इसे चाकू की मदद से मनचाहे आकार में काट लें। आपका चटपटा, खट्टा-मीठा और पौष्टिक आंवला पापड़ तैयार है। इसे कांच के एयरटाइट जार में भरकर रख लें और जब मन करे स्वाद लें।

SOURCE : INDIATV NEWS