Home rss world hindi जूते और कुत्तों…मुस्लिम रीति-रिवाजों पर UK पुलिस की सलाह बनी विवाद की...

जूते और कुत्तों…मुस्लिम रीति-रिवाजों पर UK पुलिस की सलाह बनी विवाद की वजह, उठने लगे सवाल

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

यूनाइटेड किंगडम की पुलिस को नई गाइडलाइंस दी गई हैं, जिसमें अफसरों को मस्जिद या मुस्लिम घरों में जाते समय जूते उतारने, शालीन कपड़े पहनने, नमाज के समय किसी को न टोकने और पुलिस कुत्ते न ले जाने की सलाह दी गई है।

यूनाइटेड किंगडम की पुलिस फोर्स नई गाइडलाइंस की वजह से गंभीर आलोचना का सामना कर रही है। इन गाइडलाइंस में अफसरों को कहा गया है कि वे मस्जिद या मुस्लिम घरों में ड्यूटी करते समय कुछ खास बातों का ध्यान रखें। इनमें जूते उतारना या ढकना, शालीन और ढीले कपड़े पहनना, नमाज पढ़ रहे लोगों को परेशान न करना और पुलिस डॉग्स न ले जाना शामिल है। विपक्षी नेताओं का कहना है कि इससे पुलिस में ‘दो स्तर की व्यवस्था’ बन रही है और कुछ समुदायों को खास ट्रीटमेंट मिल रहा है।

दरअसल, ये निर्देश नेशनल पुलिस चीफ्स काउंसिल (NPCC) के नेशनल फेथ टूलकिट का हिस्सा हैं। टूलकिट अलग-अलग धर्मों के लोगों से बात करने और उनके रीति-रिवाजों को समझने के लिए बनाया गया है। इसमें क्रिश्चियन, सिख, हिंदू और मुस्लिम समुदायों के लिए अलग-अलग सुझाव दिए गए हैं। लेकिन मुसलमानों से जुड़ी सिफारिशों पर सबसे ज्यादा ध्यान गया है। द न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, यूके की कुल आबादी में मुसलमानों की हिस्सेदारी करीब 6.5 प्रतिशत है।

गाइडलाइंस में क्या है?

गाइडलाइंस में साफ कहा गया है कि मस्जिद या मुस्लिम घर में जाते समय अधिकारी ठीक से कपड़े पहनें, जूते उतार दें या ढक दें और शांत व सम्मानजनक तरीके से पेश आएं। नमाज के दौरान किसी को टोकने या हस्तक्षेप करने से बचने की सलाह दी गई है। पुलिस कुत्तों को धार्मिक जगहों पर न ले जाने को कहा गया है, क्योंकि कुछ लोगों को कुत्तों से आपत्ति होती है।

टूलकिट में जेंडर सेंसिटिविटी पर भी जोर दिया गया है। अधिकारियों से कहा गया है कि वे धार्मिक इमारतों के अंदर महिलाओं और पुरुषों के अलग-अलग हिस्सों का सम्मान करें। कुछ मामलों में, खासकर जब शारीरिक जांच या सीधी बातचीत की जरूरत हो, तो उसी जेंडर के अधिकारी को भेजना बेहतर माना गया है। मौत और मेडिकल जांच से जुड़े रीति-रिवाजों के बारे में भी बताया गया है। अगर किसी मुस्लिम महिला का पोस्ट-मॉर्टम पुरुष डॉक्टर कर रहा हो, तो उसके किसी पुरुष रिश्तेदार को वहां मौजूद रहने की इजाजत देने की सलाह दी गई है।

NPCC का स्पष्ट कहना है कि ये सिर्फ सुझाव हैं। इनका मकसद अधिकारियों को अलग-अलग समुदायों के साथ बेहतर तरीके से काम करने में मदद करना है। ये निर्देश कानून या पुलिस की प्रोफेशनल जिम्मेदारियों से ज्यादा जरूरी नहीं हैं।

विपक्ष का तीखा हमला

इन सिफारिशों पर विपक्षी नेताओं ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। रिफॉर्म यूके के नेता निजेल फराज ने द टेलीग्राफ को बताया कि यह ‘बहुत बुरा’ है और संस्थागत दो स्तर की पुलिसिंग का एक और सबूत है। उन्होंने कहा कि पुलिस को सेक्सिस्ट और पुराने कल्चर को शांत करने के लिए इतनी मेहनत नहीं करनी चाहिए। फराज ने NPCC से गाइडेंस वापस लेने की मांग की और कहा कि पुलिस को हर धर्म और संस्कृति के लोगों के साथ एक जैसे नियम अपनाने चाहिए।

वहीं, शैडो होम सेक्रेटरी क्रिस फिलिप ने भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि पुलिस को सभी के साथ एक जैसा व्यवहार करना चाहिए, चाहे उनका धर्म कुछ भी हो या उनकी स्किन का रंग कुछ भी हो। फिलिप ने कहा कि यह ठीक वैसी गाइडेंस है जो पुलिसिंग को नुकसान पहुंचा रही है। कोई भी दस्तावेज जो अफसरों को अलग व्यवहार करने को कहे, वह साफ तौर पर गलत है।

कैसे तैयार किया गया टूलकिट

टूलकिट कई संगठनों के सुझाव लेकर तैयार किया गया था। इनमें पुलिस चैपलेंसी यूके, क्रिश्चियन पुलिस एसोसिएशन, नेशनल ब्लैक पुलिस एसोसिएशन, नेशनल LGBT+ पुलिस नेटवर्क, नेशनल सिख पुलिस एसोसिएशन, नेशनल एसोसिएशन ऑफ मुस्लिम पुलिस और ब्रिटिश एसोसिएशन फॉर विमेन इन पुलिसिंग शामिल हैं।

क्या बोला NPCC?

NPCC के प्रवक्ता ने कहा कि यह पहल पुलिस अधिकारियों को ब्रिटेन की बढ़ती विविध आबादी की जरूरतों को समझने में मदद करने के लिए बनाई गई थी। प्रवक्ता ने द न्यूयॉर्क पोस्ट को बताया कि धार्मिक और सांस्कृतिक विचार कानून या पुलिस अधिकारियों के ऑपरेशनल कामों पर हावी नहीं होते।

ग्रूमिंग गैंग भी चर्चा में

बता दें कि यह विवाद उस समय सामने आया है जब ब्रिटिश पुलिस और स्थानीय अधिकारियों की लगातार आलोचना हो रही है। आरोप है कि वे संगठित चाइल्ड सेक्सुअल एक्सप्लॉइटेशन के मामलों को ठीक से हैंडल नहीं कर पाए, खासकर रॉदरहैम, रोशडेल और टेलफोर्ड जैसे शहरों में। इन शहरों में ग्रूमिंग गैंग्स ने कमजोर लड़कियों के साथ गलत काम किए। 2025 में बैरोनेस लुईस केसी की अगुवाई में हुए नेशनल ऑडिट में गंभीर कमियां सामने आईं। रिपोर्ट में खराब रिकॉर्ड रखने, जानकारी शेयर करने में कमी और समूह में यौन शोषण के संवेदनशील पहलुओं की जांच करने में हिचकिचाहट की बात कही गई। ऑडिट में पाया गया कि कुछ अधिकारियों ने संदिग्धों की जाति और उससे जुड़े सांस्कृतिक फैक्टर्स की जांच करने से परहेज किया, क्योंकि उन्हें नस्लवाद का आरोप लगने या समुदाय में तनाव पैदा होने की चिंता थी। इससे पीड़ितों की सुरक्षा से ज्यादा समुदाय के रिश्तों की चिंता महत्वपूर्ण हो गई।

जुलाई 2026 में मामला फिर सुर्खियों में आया जब कुख्यात रोशडेल ग्रूमिंग गैंग के दोषी सरगना शब्बीर अहमद को रिहा किया गया। 73 साल के अहमद को 2012 में लड़कियों के साथ कई रेप और यौन अपराधों का दोषी पाया गया था। इनमें से कुछ लड़कियां सिर्फ 12 साल की थीं। उसे 14 साल जेल में बिताने पड़े। उसकी रिहाई से लोगों में और गुस्सा फैला क्योंकि पीड़ितों को बताया गया कि उसे इमिग्रेशन एक्ट 1971 के नियमों के तहत पाकिस्तान डिपोर्ट नहीं किया जा सकता। अहमद की ब्रिटिश नागरिकता सजा के बाद छीन ली गई थी, लेकिन उन्होंने पाकिस्तानी नागरिकता बनाए रखी।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN