Source :- INDIATV NEWS

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विपक्ष पर तंज कसते हुए उनकी तुलना शादी में नाराज फूफाओं से कर दी। रविवार को भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका के जन्म शताब्दी समारोह के समापन कार्यक्रम में शामिल हुए पीएम मोदी ने राजधानी दिल्ली में एक जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि नाराज फूफाओं को भूपेन दा के गीत बार-बार सुनने चाहिए, ताकि उन्हें शायद सद्बुद्धि आए।
विकसित भारत का संकल्प लेकर निकले
पीएम मोदी ने कहा कि हम सभी भारतीय विकसित भारत का संकल्प लेकर निकले हैं। भाषा, परिवेश, खान-पान और जीवनशैली अलग-अलग हो सकती है, लेकिन हमारा संकल्प एक है और वह संकल्प विकसित भारत के निर्माण का है। हां, लेकिन ऐसी बातें उन्हें पसंद नहीं आतीं, जो विवादों में सत्ता के सपने देखते हैं, भारत को टुकड़ों में देखते हैं और देश की उपलब्धियों पर नाराज फूफा बने घूमते रहते हैं। मैं तो कहूंगा कि ऐसे नाराज फूफाओं को भूपेन दा के गीत बार-बार सुनने चाहिए, ताकि उन्हें शायद सद्बुद्धि आए।
कला और सामूहिक चेतना का उत्सव
पीएम मोदी ने कहा कि आज का यह आयोजन असम और नॉर्थ-ईस्ट के साथ-साथ भारत की कला और हमारी सामूहिक चेतना का भी उत्सव है। यह भी सुखद है कि भारत रत्न भूपेन हजारिका जी की जन्म शताब्दी का समारोह गुवाहाटी से शुरू हुआ था, लेकिन इसका समापन देश की राजधानी में हो रहा है और इससे पहले महान योद्धा वीर लाचित बरफुकन जी की 400वीं जयंती का भव्य कार्यक्रम भी दिल्ली में आयोजित हुआ था। यह ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की बहुत सुंदर मिसाल है। भूपेन दा के प्रति मेरी आत्मीयता एक और वजह से भी विशेष है। वे असम के महान संतान थे लेकिन वे गुजरात के दामाद थे। मैं भूल नहीं सकता जब 11 हजार कलाकारों ने एक साथ बिहू प्रस्तुत किया था, तब पूरी दुनिया ने असम की सांस्कृतिक शक्ति को देखा था।
उन्होंने असम का आभार जताते हुए कहा कि भूपेन हाजरिका जी की स्मृति में हिमंता बिस्वा सरमा सरकार ने एक नया पुरस्कार शुरू किया है और उषा मंगेशकर जी के सम्मान के साथ यह शुरुआत हुई है। उषा दीदी का सम्मान भूपेन दा की विरासत और संगीत जगत का सम्मान है। असम और देश की अनेक पीढ़ियां भूपेन दा और उषा दीदी के गीतों को सुनकर बड़ी हुई है। मुझे पूरा विश्वास है कि आज लता दीदी और आशा दीदी जहां भी होंगी, हमें बहुत आशीर्वाद दे रही होंगी।
भूपेन दा ने गीतों में एक युग लिखा
उन्होंने आगे जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि भूपेन दा संगीत के सुरों को आत्मा देने के लिए गाते थे । वे लिखते थे, शब्दों को नया जीवन देने के लिए। वे संगीत रचते थे, समाज को जोड़ने के लिए। मैं मानता हूं कि भूपेन दा ने केवल गीत नहीं लिखे, उन्होंने अपने गीतों में एक युग लिखा। युवा भूपेन हजारिका जी ने एक नए असम और नए भारत के निर्माण का संकल्प लिया था और आज हम अपनी आंखों से नए भारत का निर्माण होते देख रहे हैं। आज की युवाशक्ति स्टार्टअप बना रही है, अंतरिक्ष में रॉकेट भेज रही है और एग्रीकल्चर, फाइनेंस, स्पोर्ट्स तथा साइंस के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है।
बता दें कि हाल ही में डिलिमिटेशन और महिला आरक्षण से जुड़े बिल को लेकर पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक वीडियो संदेश जारी किया था। पीएम मोदी ने महिला आरक्षण को पूरा करने को लेकर प्रतिबद्धता जताई है। एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए पीएम मोदी ने कैप्शन में लिखा, “हमने अपनी ‘नारी शक्ति’ से एक वादा किया था और हम उसे पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं…”
(इनपुट-IANS)
ये भी पढ़ें:
SOURCE : INDIATV NEWS




