Source :- LIVE HINDUSTAN
अगर गर्मी में आपका AC अच्छे से काम नहीं कर रहा और आप एसी सर्विस कराने के लिए सर्विस वाले को बुला रहे हैं तो जरूर जान लें ये छोटी-छोटी डिटेल्स जिनसे बच जाएंगे हजारों रुपये।
AC Service Tips: गर्मी में AC के बिना रहना मुमकिन ही नहीं है। ऐसे में अगर एसी अच्छे से नहीं करें तो लोग सर्विसिंग कराने लगते हैं ताकि कूलिंग बेहतर बनी रहे और बिजली का बिल भी कम आए। लेकिन कई बार AC सर्विसिंग के दौरान ग्राहकों से ऐसे रिपेयर या पार्ट्स बदलवाने के लिए कहा जाता है, जिनकी वास्तव में जरूरत नहीं होती। ऐसे में लोगों को जरूरत से ज्यादा पैसे खर्च करने पड़ जाते हैं। AC सर्विस कराने से पहले यदि आप कुछ बेसिक जानकारी समझ लें, तो वे अनावश्यक खर्च से बच सकते हैं।
AC सर्विसिंग से पहले ये जानकारी जानना जरूरी
AC सर्विस कराने से पहले सबसे जरूरी बात यह जानना है कि आपके एयर कंडीशनर में कौन-सी रेफ्रिजरेंट गैस इस्तेमाल होती है। ज्यादातर लोग AC का ब्रांड और मॉडल तो जानते हैं, लेकिन उसमें इस्तेमाल होने वाली गैस की जानकारी नहीं रखते। यही वजह है कि जब कोई टेक्नीशियन गैस भरने या गैस बदलने की बात करता है, तो ग्राहक बिना सवाल किए अतिरिक्त पैसे खर्च कर देते हैं। अगर आपको पहले से पता होगा कि आपके AC में कौन-सी गैस इस्तेमाल होती है और उसकी कितनी मात्रा चाहिए, तो आप आसानी से गलत चार्जिंग से बच सकते हैं।
AC में कौन-कौन सी गैस इस्तेमाल होती है?
आजकल बाजार में मिलने वाले ज्यादातर एयर कंडीशनर R32, R410A या कुछ पुराने मॉडल्स में R22 गैस का इस्तेमाल करते हैं। हर AC के लिए गैस का प्रकार अलग हो सकता है। कंपनियां आमतौर पर यह जानकारी AC की आउटडोर यूनिट पर लगे स्टिकर या नेमप्लेट पर लिखती हैं। वहां गैस का नाम और उसकी मात्रा दोनों का उल्लेख होता है।
गैस की जानकारी क्यों है जरूरी?
कई बार AC की कूलिंग कम होने पर लोग मान लेते हैं कि गैस खत्म हो गई है। जबकि ऐसा हमेशा नहीं होता। कूलिंग कम होने की वजह फिल्टर गंदा होना, कॉइल में धूल जमना या किसी अन्य तकनीकी समस्या भी हो सकती है। लेकिन कुछ मामलों में टेक्नीशियन सीधे गैस भरने की सलाह दे देते हैं, जिससे ग्राहक को अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ सकता है। यदि आपको अपने AC की गैस और उसकी क्षमता की जानकारी होगी, तो आप सही सवाल पूछ पाएंगे और जरूरत पड़ने पर दूसरी राय भी ले सकेंगे।
AC में गैस बार-बार भरवाने की जरूरत नहीं
एक आम गलतफहमी यह है कि AC में हर साल गैस भरवानी पड़ती है। जबकि ऐसा नहीं होता। AC एक सीलबंद सिस्टम होता है। अगर उसमें किसी तरह का लीकेज नहीं है, तो गैस सालों तक काम कर सकती है। इसलिए अगर कोई टेक्नीशियन हर साल गैस भरवाने की सलाह देता है, तो उसकी वजह जरूर पूछनी चाहिए।
कैसे पहचानें कि गैस की समस्या है?
अगर AC ठीक से ठंडक नहीं दे रहा, तो जरूरी नहीं कि गैस ही खत्म हो गई हो। हालांकि कुछ संकेत ऐसे होते हैं जो गैस लीकेज की ओर इशारा कर सकते हैं। जैसे AC की कूलिंग अचानक कम हो जाना, आउटडोर यूनिट पर बर्फ जमना, बिजली की खपत बढ़ जाना, AC लंबे समय तक चलने के बाद भी कमरा ठंडा न होना।
सिर्फ गैस ही नहीं, फिल्टर की सफाई भी जरूरी
कई बार लोग गैस पर ज्यादा ध्यान देते हैं लेकिन फिल्टर की सफाई को नजरअंदाज कर देते हैं। गंदे फिल्टर AC की कूलिंग कम कर सकते हैं और बिजली की खपत बढ़ा सकते हैं। इसलिए नियमित सफाई करवाना भी जरूरी है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN







