Home rss business hindi Ananya Birla IPO: अनन्या बिड़ला की कंपनी लाएगी ₹3,000 करोड़ का IPO,...

Ananya Birla IPO: अनन्या बिड़ला की कंपनी लाएगी ₹3,000 करोड़ का IPO, SEBI से मिली मंजूरी

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • अनन्या बिड़ला की स्वतंत्र माइक्रोफिन (Svatantra Microfin) को ₹3,000 करोड़ के IPO के लिए SEBI की मंजूरी मिल गई है
  • IPO में ₹1,500 करोड़ के नए शेयर जारी होंगे और ₹1,500 करोड़ का OFS शामिल होगा
  • आइए जरा विस्तार से इसकी डिटेल्स जानते हैं

Svatantra Microfin IPO: उद्योगपति अनन्या बिड़ला (Ananya Birla) के नेतृत्व वाली माइक्रोफाइनेंस कंपनी स्वतंत्र माइक्रोफिन (Svatantra Microfin) अब शेयर बाजार में दस्तक देने की तैयारी कर रही है। कंपनी को अपने ₹3,000 करोड़ के प्रस्तावित IPO के लिए SEBI से मंजूरी मिल गई है। इसके साथ ही कंपनी के शेयर बाजार में लिस्ट होने का रास्ता एक कदम और आगे बढ़ गया है। इस IPO के जरिए कंपनी कुल ₹3,000 करोड़ जुटाने की योजना बना रही है। इसमें नए शेयर जारी करके ₹1,500 करोड़ जुटाए जाएंगे, जबकि बाकी ₹1,500 करोड़ का हिस्सा OFS (Offer for Sale) के तहत आएगा, यानी IPO में कंपनी के नए शेयरों के साथ मौजूदा शेयरधारकों को भी अपनी हिस्सेदारी बेचने का मौका मिलेगा।

IPO से मिलने वाले पैसों का क्या करेगी कंपनी?

स्वतंत्र माइक्रोफिन (Svatantra Microfin) नए शेयर जारी करके मिलने वाले ₹1,500 करोड़ का इस्तेमाल अपनी पूंजी मजबूत करने में करेगी। कंपनी इस रकम को अपने टियर-I कैपिटल बेस (Capital Base) में शामिल करेगी। इससे कंपनी को भविष्य में कारोबार बढ़ाने, नए ग्राहकों तक पहुंच बनाने और कर्ज बांटने की क्षमता मजबूत करने में मदद मिलेगी। खास बात यह है कि माइक्रोफाइनेंस कारोबार में मजबूत पूंजी आधार कंपनी के विस्तार और वित्तीय जरूरतों को पूरा करने के लिए अहम होता है। वहीं, OFS के जरिए जुटाई जाने वाली ₹1,500 करोड़ की रकम कंपनी को नहीं मिलेगी। यह पैसा उन मौजूदा शेयरधारकों को जाएगा, जो IPO के दौरान अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे।

देश की दूसरी सबसे बड़ी माइक्रो फाइनेंस NBFC

स्वतंत्र माइक्रोफिन (Svatantra Microfin) का कारोबार देश के माइक्रो फाइनेंस सेक्टर में काफी बड़ा है। 31 मार्च 2026 तक उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, माइक्रो फाइनेंस एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) के मामले में यह भारत की दूसरी सबसे बड़ी NBFC-MFI कंपनी थी। कंपनी के माइक्रो फाइनेंस AUM में पिछले दो फाइनेंशियल ईयर के दौरान अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

  • मार्च 2024 में कंपनी का AUM 14,438 करोड़ था।
  • मार्च 2026 में यह बढ़कर 21,093 करोड़ हो गया।
  • FY24 से FY26 के बीच AUM की सालाना चक्रवृद्धि वृद्धि दर (CAGR) 20.87% रही।

AUM का बढ़ना बताता है कि कंपनी के माइक्रो फाइनेंस कारोबार का साइज लगातार बढ़ा है।

42 लाख से ज्यादा ग्राहकों तक पहुंच

स्वतंत्र माइक्रोफिन (Svatantra Microfin) का नेटवर्क देश के कई राज्यों में फैला हुआ है। 31 मार्च 2026 तक कंपनी के पास 20 राज्यों और 394 जिलों में कुल 2,123 शाखाएं थीं। कंपनी 42.6 लाख से अधिक एक्टिव माइक्रो फाइनेंस कर्जदारों को सर्विस दे रही थी। माइक्रो फाइनेंस कंपनियां मुख्य रूप से छोटे कारोबार, स्वरोजगार और कम आय वाले परिवारों की वित्तीय जरूरतों को पूरा करने के लिए छोटे कर्ज उपलब्ध कराती हैं। कंपनी की इतनी बड़ी ग्राहक संख्या और शाखाओं का नेटवर्क उसके कारोबार की पहुंच को दर्शाता है।

कर्ज की गुणवत्ता में भी हुआ सुधार

माइक्रो फाइनेंस सेक्टर में कंपनियों के लिए कर्ज की वसूली और खराब कर्ज पर कंट्रोल बनाए रखना बड़ी चुनौती होती है। इस लिहाज से स्वतंत्र माइक्रोफिन (Svatantra Microfin) के FY26 के आंकड़ों में सुधार देखने को मिला। कंपनी का ग्रॉस स्टेज-3 रेशियो FY25 (Gross Stage-3 Ratio FY25) में 2.24% था, जो FY26 में घटकर 1.19% रह गया। ग्रॉस स्टेज-3 रेशियो (Gross Stage-3 Ratio) से कंपनी के ऐसे कर्जों का पता चलता है, जिनमें भुगतान में गंभीर देरी या डिफॉल्ट की स्थिति बन चुकी है। इस अनुपात में गिरावट कंपनी के लिए बेहतर कर्ज क्वॉलिटी का संकेत है।

चैतन्य इंडिया फिन क्रेडिट के विलय से बढ़ा कारोबार

स्वतंत्र माइक्रोफिन (Svatantra Microfin) ने अपने कारोबार का विस्तार करने के लिए चैतन्य इंडिया फिन क्रेडिट (Chaitanya India Fin Credit) का विलय भी किया है। यह विलय 21 मार्च 2026 से प्रभावी हुआ। इस विलय से कंपनी की दक्षिण भारत में मौजूदगी मजबूत हुई और देशभर में उसका नेटवर्क बढ़ा। इससे कंपनी को अलग-अलग क्षेत्रों में अपने ग्राहकों तक पहुंच बनाने में मदद मिली है।

BSE और NSE पर लिस्ट होंगे शेयर

IPO पूरा होने के बाद स्वतंत्र माइक्रोफिन (Svatantra Microfin) के इक्विटी शेयर BSE और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) दोनों पर लिस्ट होंगे। इस इश्यू के लिए एक्सिस कैपिटल, एवेन्डस कैपिटल, IIFL कैपिटल सर्विसेज, कोटक महिंद्रा कैपिटल और SBI कैपिटल मार्केट को बुक रनिंग लीड मैनेजर नियुक्त किया गया है। हालांकि, फिलहाल IPO की प्राइस बैंड, लॉट साइज और सब्सक्रिप्शन की तारीखों की जानकारी सामने नहीं आई है। इनका ऐलान कंपनी की ओर से आगे किया जाएगा।

निवेशकों के लिए क्यों अहम है यह IPO?

स्वतंत्र माइक्रोफिन (Svatantra Microfin) का IPO इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि कंपनी देश के तेजी से विकसित हो रहे माइक्रोफाइनेंस कारोबार में बड़ी हिस्सेदारी रखती है। पिछले दो सालों में AUM में बढ़ोतरी, 42 लाख से ज्यादा सक्रिय कर्जदार और देशभर में फैला शाखाओं का नेटवर्क कंपनी की कारोबारी पहुंच को दिखाता है।हालांकि, IPO में निवेश का फैसला लेने से पहले निवेशकों को कंपनी की वित्तीय स्थिति, कर्ज की क्वॉलिटी, वैल्यूएशन, जोखिम और IPO की अंतिम कीमत का आकलन जरूर करना चाहिए। SEBI से मंजूरी मिलने का मतलब यह नहीं है कि नियामक ने IPO को निवेश के लिहाज से अच्छा या सुरक्षित बताया है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN