Source :- LIVE HINDUSTAN
एंप्लॉयीज प्रोविडेंट फंड ऑर्गेनाइजेशन (EPFO) के सदस्य जल्द ही यूपीआई ऐप्स और ईपीएफ लिंक्ड ATM के जरिए अपने प्रोविडेंट फंड (PF) का पैसा निकाल पाएंगे। आगामी EPFO 3.0 डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए यह व्यवस्था शुरू करने की तैयारी है। एनडीटीवी प्रॉफिट की एक रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि जून आखिर तक यह सुविधा शुरू कर दी जाएगी। इससे पहले, यूनियन लेबर मिनिस्टर मनसुख मांडविया ने कहा था कि इस सुविधा के शुरू होने की घोषणा जल्द की जाएगी।
नई सुविधा की टेस्टिंग हुई पूरी
सूत्रों ने बताया है कि नई सुविधा की टेस्टिंग पहले ही पूरी हो चुकी है। इस नई सुविधा को नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) की साझेदारी में डिवेलप किया गया है। इस बीच, सूत्रों ने बताया है कि यूजर्स को UPI और UPI-इनेबल्ड ATM एक्सेस का इस्तेमाल करते हुए एंप्लॉयीज प्रोविडेंट फंड (EPF) बैलेंस का 75 पर्सेंट तक बैंक अकाउंट में तुरंत निकालने (विदड्रा करने) की सुविधा मिलेगी। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, यह फीचर पेपरवर्क और लगने वाले समय को घटाएगा। साथ ही, पारदर्शिता और बढ़ेगी। मौजूदा समय में पीएफ निकालने के लिए मेंबर्स को क्लेम्स सबमिट करना होता है और प्रोसेसिंग के लिए इंतजार करना पड़ता है।
EPFO 3.0 अपडेट: प्रमुख बदलाव
दूसरे प्रमुख बदलावों में सरकार ने प्रोविडेंट फंड (PF) क्लेम्स के लिए ऑटो सेटलमेंट लिमिट को 1 लाख रुपये से बढ़ाकर 5 लाख रुपये कर दिया है। इसके अलावा, EPFO मेंबर्स अपनी आइडेंटिटी वैरिफाई करने के लिए कई डॉक्यूमेंट्स पर निर्भर रहने की बजाय उमंग ऐप (UMANG App) के जरिए फेस ऑथेन्टिकेशन टेक्नोलॉजी (FAT) का इस्तेमाल करने में सक्षम होंगे। अपडेट के तहत UAN ऐक्टिवेशन तेज और आसान हो सकता है। साथ ही, पीएफ पासबुक तक ऑनलाइन एक्सेस को और आसान बनाया जा सकता है। इसके अलावा, आधार-लिंक्ड डीटेल्स के जल्द करेक्शन की सुविधा मिल सकती है।
वित्त वर्ष 2026 के लिए 8.25% की ब्याज दर को सरकार की मंजूरी
केंद्र सरकार ने फाइनेंशियल ईयर 2025-26 के लिए एंप्लॉयीज प्रोविडेंट फंड में जमा पर 8.25 पर्सेंट के इंटरेस्ट रेट को मंजूरी दे दी है। सरकार ने लगातार तीसरे साल ईपीएफ के जमा पर ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया है। सात करोड़ से ज्यादा ईपीएफओ सदस्यों के खातों में इस महीने के आखिर तक ब्याज जमा हो सकती है। यह बात पीटीआई की एक रिपोर्ट में कही गई है। सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज (CBT) ने 2 मार्च 2026 को वित्त वर्ष 2026 के लिए 8.25 पर्सेंट इंटरेस्ट रेट की घोषणा की थी। हालांकि, सरकार की मंजूरी के बाद ही ईपीएफ इंटरेस्ट रेट प्रभावी होता है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




