Source :- LIVE HINDUSTAN
What is Beauty Sleep: रात की अच्छी नींद सिर्फ थकान दूर करने के लिए नहीं, बल्कि आपकी खूबसूरती के लिए भी जरूरी है। पर्याप्त नींद त्वचा को आराम देने, चेहरे की ताजगी बनाए रखने और आंखों के नीचे थकान कम दिखाने में मदद करती है।
आपने अक्सर ब्यूटी स्लीप के बारे में सुना होगा। इसका मतलब कोई खास समय पर सोना या नींद के दौरान कोई जादुई बदलाव होना नहीं है। आसान शब्दों में कहें तो पर्याप्त और अच्छी नींद को ही ब्यूटी स्लीप कहा जाता है। जब हम सोते हैं, तब शरीर आराम करने के साथ-साथ दिनभर की थकान से उबरने और खुद को ठीक करने का काम भी करता है। इसका असर हमारी त्वचा, आंखों और बालों पर भी दिखाई देता है।
पर्याप्त नींद लेने वाले लोगों का चेहरा अक्सर ज्यादा फ्रेश नजर आता है। वहीं, नींद पूरी ना होने पर आंखों के नीचे सूजन, थकान और चेहरा बेजान दिख सकता है। इसलिए अगर आप अपनी खूबसूरती को लंबे समय तक बनाए रखना चाहते हैं, तो नींद को अपने रूटीन का जरूरी हिस्सा बनाना चाहिए।
ब्यूटी स्लीप क्यों जरूरी है?
1. स्किन हील होती है
जब हम सोते हैं, तब शरीर त्वचा को हील करने का काम करता है। दिनभर धूप, धूल-मिट्टी और तनाव की वजह से त्वचा पर जो असर पड़ता है, रात में शरीर उससे उबरने की कोशिश करता है। अच्छी नींद लेने के बाद सुबह चेहरा ज्यादा फ्रेश और खिला-खिला नजर आता है।
2. डार्क सर्कल्स और सूजन
नींद पूरी ना होने का असर सबसे पहले आंखों के आसपास दिखने लगता है। आंखों के नीचे काले घेरे और सूजन ज्यादा नजर आती है। जब नींद पूरी होती है, तो आंखों को भी अच्छा आराम मिलता है और चेहरा कम थका हुआ दिखता है।
3. स्किन एजिंग
सोते समय शरीर त्वचा को स्वस्थ रखने वाले कई काम करता है। इस दौरान कोलेजन बनने की प्रक्रिया भी चलती रहती है। कोलेजन त्वचा को मुलायम और लचीला बनाए रखने में मदद करता है। इसलिए रोज अच्छी नींद लेना त्वचा को लंबे समय तक स्वस्थ रखने में मदद कर सकता है।
4. स्ट्रेस कम करने में मदद
जब नींद पूरी नहीं होती, तो शरीर और दिमाग दोनों थके हुए रहते हैं और तनाव भी बढ़ता है। इसका असर त्वचा पर भी पड़ सकता है। कुछ लोगों में ज्यादा तनाव की वजह से मुंहासे या त्वचा बेजान दिखने जैसी समस्याएं होती हैं। अच्छी नींद शरीर और दिमाग दोनों को आराम देती है।
5. बालों के लिए
ब्यूटी स्लीप का फायदा सिर्फ स्किन को ही नहीं मिलता। अच्छी नींद पूरे शरीर के लिए जरूरी है और इसका असर बालों की सेहत पर भी पड़ सकता है। जब शरीर को पर्याप्त आराम मिलता है, तो शरीर के नॉर्मल काम बेहतर तरीके से चलते हैं, जो बालों के लिए भी अच्छा है।
कितने घंटे सोना चाहिए?
आमतौर पर हर दिन करीब 7 से 9 घंटे की नींद लेने की सलाह दी जाती है। सिर्फ लंबे समय तक बिस्तर पर रहना ही काफी नहीं है। नींद लगातार और आरामदायक भी होनी चाहिए। अगर आप बार-बार रात में जागते हैं या सुबह उठने के बाद भी बहुत थकान महसूस होती है, तो अपनी नींद की आदतों पर ध्यान देना जरूरी है।
अच्छी नींद/ब्यूटी स्लीप के लिए सिंपल टिप्स
- रोज एक समय पर सोएं और उठें, ऐसा करने से शरीर को नियमित दिनचर्या बनाने में मदद मिलती है।
- बिस्तर पर जाने से पहले मोबाइल, लैपटॉप, आदि से थोड़ी दूरी बनाएं। इससे दिमाग को आराम के लिए तैयार होने में मदद मिलती है।
- रात में चाय-कॉफी, कैफीन वाली चीजें कुछ लोगों की नींद में रुकावट डाल सकती हैं। इसलिए इन्हें रात में लेने से बचना बेहतर है।
- शांत, आरामदायक और कम रोशनी वाला कमरा सोने के लिए बेहतर माहौल बना सकता है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




