Home LIFESTYLE NEWS HINDI CJP प्रोटेस्ट में दिखीं नेहा बोरा कहां से पढ़ी हैं? जानें DU...

CJP प्रोटेस्ट में दिखीं नेहा बोरा कहां से पढ़ी हैं? जानें DU से JNU तक का सफर

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन के बाद छात्र नेता नेहा बोरा चर्चा में हैं। वह कहां से पढ़ी हैं, किस विषय में मास्टर्स किया है और जेएनयू में किस चीज पर पीएचडी कर रही हैं? जानिए उनकी पढ़ाई से जुड़ी पूरी जानकारी।

दिल्ली में चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान छात्र नेता नेहा बोरा के वीडियो सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में रहे। कहीं वह पुलिस बैरिकेड पार करती दिखीं, तो कहीं पुलिस उन्हें हिरासत में लेती नजर आई। इस प्रदर्शन के बाद लोग उनके बारे में और जानना चाहते हैं। नेहा बोरा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय यानी जेएनयू में पीएचडी कर रही हैं और ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन की राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि उन्होंने ग्रेजुएशन कहां से किया और मास्टर्स में कौन-सा विषय चुना? आइए जानते हैं नेहा बोरा की पढ़ाई के बारे में और यह भी कि थिएटर से जुड़ने के बाद वह छात्र राजनीति में कैसे आईं।

उत्तराखंड के खटीमा की रहने वाली हैं नेहा

नेहा बोरा उत्तराखंड के खटीमा की रहने वाली हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, उनके पिता भारतीय सेना में हैं। इस वजह से बचपन में उन्हें कई अलग-अलग शहरों और सेना के कैंपों में रहने का मौका मिला। उन्होंने स्कूल की पढ़ाई पश्चिम बंगाल से की। नेहा को पढ़ाई के दिनों से ही किताबें पढ़ने और सामाजिक मुद्दों को समझने में दिलचस्पी थी। चारु मजूमदार, पाब्लो नेरुदा और अरुंधति रॉय जैसे लेखक और विचारक भी उन्हें प्रभावित करते रहे। धीरे-धीरे समाज और राजनीति से जुड़े मुद्दों में उनकी दिलचस्पी बढ़ने लगी। आगे चलकर यही दिलचस्पी उनकी पढ़ाई, थिएटर और छात्र राजनीति में भी नजर आई।

दिल्ली यूनिवर्सिटी से की ग्रेजुएशन

  • स्कूल की पढ़ाई पूरी करने के बाद नेहा बोरा दिल्ली आ गईं और दिल्ली यूनिवर्सिटी के हिंदू कॉलेज से ग्रेजुएशन किया। कॉलेज के दिनों में उनकी दिलचस्पी सिर्फ पढ़ाई तक सीमित नहीं रही। वह थिएटर और सामाजिक मुद्दों से भी जुड़ने लगीं।
  • थिएटर के जरिए उन्हें लोगों के बीच जाकर अपनी बात रखने और समाज से जुड़े मुद्दों को समझने का मौका मिला। कॉलेज के दौरान मिले इन अनुभवों ने आगे उनके सफर में भी अहम भूमिका निभाई। पढ़ाई के बाद उन्होंने थिएटर और परफॉर्मेंस से जुड़े विषय में ही आगे बढ़ने का फैसला किया।

अंबेडकर यूनिवर्सिटी से किया मास्टर्स

  • ग्रेजुएशन के बाद नेहा ने दिल्ली की डॉ. बी. आर. अंबेडकर यूनिवर्सिटी से मास्टर्स की पढ़ाई की। उन्होंने यहां परफॉर्मेंस स्टडीज विषय चुना। इस विषय में थिएटर, कला और परफॉर्मेंस के अलग-अलग रूपों को समझा जाता है। इसमें यह भी पढ़ा जाता है कि थिएटर और कला का समाज और लोगों की सोच से क्या संबंध है।
  • नेहा की पहले से ही थिएटर में दिलचस्पी थी, इसलिए उन्होंने आगे की पढ़ाई के लिए भी इसी से जुड़ा विषय चुना। मास्टर्स के बाद उन्होंने इस क्षेत्र में रिसर्च करने का फैसला किया और जेएनयू में दाखिला लिया।

जेएनयू में थिएटर पर कर रही हैं पीएचडी

  • नेहा बोरा फिलहाल जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ आर्ट्स एंड एस्थेटिक्स में पीएचडी कर रही हैं। उनका विषय थिएटर एंड परफॉर्मेंस स्टडीज है। आसान शब्दों में कहें तो वह थिएटर और परफॉर्मेंस से जुड़े विषयों पर रिसर्च कर रही हैं।

इस तरह नेहा ने ग्रेजुएशन से लेकर मास्टर्स तक अपनी पढ़ाई को थिएटर और कला से जुड़े विषयों के आसपास रखा है। अब वह इसी क्षेत्र में आगे रिसर्च कर रही हैं। पढ़ाई के साथ-साथ छात्र राजनीति में उनकी सक्रियता भी जारी है। यही वजह है कि उनकी पहचान सिर्फ एक स्टूडेंट तक सीमित नहीं है, बल्कि वह छात्र नेता के तौर पर भी जानी जाती हैं।

थिएटर से जुड़कर सामाजिक मुद्दों पर करने लगीं काम

नेहा बोरा की दिलचस्पी थिएटर में भी रही है। वह दिल्ली के स्ट्रीट थिएटर ग्रुप संगवारी के साथ काम कर चुकी हैं। इस तरह के ग्रुप नुक्कड़ नाटकों के जरिए लोगों तक सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों को पहुंचाते हैं। थिएटर से जुड़ने के दौरान नेहा को लोगों के बीच काम करने और समाज से जुड़े मुद्दों को करीब से समझने का मौका मिला। धीरे-धीरे उनकी दिलचस्पी छात्र आंदोलनों और कैंपस में होने वाली चर्चाओं में भी बढ़ने लगी। यहीं से उनका जुड़ाव छात्र राजनीति से गहरा होता गया।

ऐसे शुरू हुआ छात्र राजनीति का सफर

नेहा बोरा साल 2019-20 में नागरिकता संशोधन कानून यानी सीएए के खिलाफ हुए प्रदर्शनों के दौरान छात्र राजनीति में ज्यादा सक्रिय हुईं। इसके बाद वह छात्रों और सामाजिक मुद्दों से जुड़े आंदोलनों में हिस्सा लेने लगीं। वह ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन यानी एआईएसए से जुड़ीं। यह एक छात्र संगठन है, जो शिक्षा, छात्रों के अधिकार और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों पर काम करता है। धीरे-धीरे संगठन में उनकी भूमिका बढ़ी और वह इसकी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनीं। हाल में चुनाव आयोग के खिलाफ दिल्ली में हुए प्रदर्शन के दौरान भी नेहा चर्चा में रहीं। थिएटर, पढ़ाई और छात्र आंदोलनों से होते हुए उनका सफर अब उन्हें देशभर में पहचान दिला रहा है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN