Source :- LIVE HINDUSTAN
दीवाली से पहले और बाद में दिल्ली-NCR की हवा जहरीली हो जाती है। हवा एयर क्वालिटी इतनी खराब होती है कि उसमें सांस लेना मुश्किल होता है और ऐसे में घर की हवा को साफ रखना भी आसान नहीं होता। चलिए कुछ तरीके बताते हैं, जिनसे आप घर की हवा को साफ रख सकते हैं।
दिल्ली-NCR की हवा दीवाली आने से पहले ही खराब हो रही है। त्योहारों पर जलने वाले पटाखों के धुएं से दिल्ली की हवा हर साल जहरीली हो जाती है और ऐसे में लोग अपना बचाव करने के लिए हर मुमकिन कोशिश करते हैं। बाहर जाते हुए तो आप मास्क लगा सकते हैं लेकिन घर की हवा भी खराब हो जाती है। बाहर की हवा में मौजूद धूल, धुआं और बारीक प्रदूषक कण घर के अंदर भी पहुंच सकते हैं। ऐसे में सिर्फ घर के दरवाजे और खिड़कियां बंद रखना काफी नहीं है। घर की हवा को साफ रखने के लिए आप कुछ आसान तरीके अपना सकते हैं।
घर की हवा साफ रखने के 7 आसान तरीके-
1. एयर प्यूरीफायर का करें इस्तेमाल
घर के अंदर हवा की क्वालिटी को सुधारने के लिए HEPA फिल्टर वाला एयर प्यूरीफायर खरीदें। यह हवा में मौजूद धूल और कई तरह के बारीक कणों को फिल्टर करने में मदद करता है। इसे कमरे के आकार के अनुसार चुनें और इसके फिल्टर को समय-समय पर बदलते रहें।
2. प्रदूषण बढ़ने पर खिड़कियां-दरवाजे रखें बंद
जब बाहर प्रदूषण का स्तर ज्यादा हो, खासकर पीक ट्रैफिक के समय, तब खिड़कियां और दरवाजे बंद रखना ही सही रहेगा। हालांकि, घर में ताजी हवा आने के लिए वेंटिलेशन भी जरूरी है। इसलिए जब बाहर की हवा थोड़ी साफ हो, जैसे सुबह के समय या दोपहर में तब कुछ समय के लिए खिड़कियां खोलें।
3. घर में धूल जमा न होने दें
घर के फर्श, फर्नीचर और दूसरी सतहों पर जमा धूल इनडोर एयर क्वालिटी को खराब कर सकती है। रोजाना सफाई करें और संभव हो तो गीले कपड़े या माइक्रोफाइबर डस्टर का इस्तेमाल करें। सफाई के दौरान सूखी झाड़ू लगाने से धूल हवा में फैल सकती है।
4. घर के अंदर स्मोकिंग न करें
सिगरेट का धुआं घर के अंदर की हवा को खराब करता है। इसके अलावा अगरबत्ती, धूप, मोमबत्ती और कपूर जलाने से भी धुआं व बारीक कण निकल सकते हैं। प्रदूषण के मौसम में इनका इस्तेमाल सीमित रखें और घर के अंदर स्मोकिंग बिल्कुल न करें।
5. खाना बनाते समय एग्जॉस्ट फैन चलाएं
खाना पकाने के दौरान तेल का धुआं और दूसरे कण घर की हवा में मिल सकते हैं। खासकर तलने और तेज आंच पर खाना बनाने के समय एग्जॉस्ट फैन या बाहर हवा निकालने वाला किचन वेंटिलेशन सिस्टम चलाएं। इससे रसोई की हवा बेहतर रखने में मदद मिल सकती है।
6. घर में नमी का सही स्तर बनाए रखें
घर में लीकेज ठीक कराएं, बाथरूम को हवादार रखें और जरूरत पड़ने पर ह्यूमिडिटी मीटर से नमी की जांच करें। एयर ह्यूमिडिफायर का इस्तेमाल तभी करें, जब वास्तव में जरूरत हो। घर में बहुत ज्यादा नमी भी धूल के कणों को चिपकाने का काम करती है।
7. AQI पर नजर रखें और सही समय पर वेंटिलेशन करें
दिल्ली-NCR में प्रदूषण का स्तर दिनभर बदल सकता है। इसलिए नियमित रूप से एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) चेक करें। जब बाहर की हवा ज्यादा खराब हो, तब खिड़कियां बंद रखें और एयर प्यूरीफायर चलाएं। हवा की क्वालिटी बेहतर होने पर घर में वेंटिलेशन करें। जरूरत पड़ने पर बाहर से आने के बाद जूते दरवाजे के पास उतारें, ताकि धूल घर के अंदर कम आए।
सलाह- आप इन तरीकों से कुछ हद तक घर की हवा को साफ कर सकते हैं लेकिन ज्यादा परेशानी हो तो एयर प्यूरीफायर ही लगवाएं। अगर सांस लेने में तकलीफ, आंखों में जलन हो तो फौरन डॉक्टर को दिखाएं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



