Source :- LIVE HINDUSTAN

DIY Cleaning Tips: घर के सफेद स्विच बोर्ड समय के साथ गंदे और पीले दिखने लगते हैं। कुछ आसान घरेलू चीजों की मदद से इन्हें बिना ज्यादा मेहनत के फिर से साफ और चमकदार बनाया जा सकता है।

घर में लगे स्विच बोर्ड रोजाना इस्तेमाल होते हैं, इसलिए उन पर धीरे-धीरे धूल, तेल और गंदगी जमने लगती है। खासकर किचन के स्विच बोर्ड जल्दी काले और चिपचिपे दिखाई देते हैं। सफेद रंग के बोर्ड पर गंदगी और ज्यादा साफ नजर आती है जिससे पूरा कमरा भी थोड़ा गंदा लगने लगता है। कई लोग इन्हें साफ करने के लिए महंगे क्लीनर खरीदते हैं, जबकि कुछ आसान घरेलू चीजों की मदद से इन्हें आसानी से साफ किया जा सकता है।

बेकिंग सोडा, नींबू, सिरका और टूथपेस्ट जैसी चीजें पुराने और गंदे स्विच बोर्ड को फिर से चमकदार बनाने में मदद कर सकती हैं। हालांकि, सफाई करते समय कुछ जरूरी सावधानियां रखना भी बहुत जरूरी है।

स्विच बोर्ड साफ करने के आसान घरेलू तरीके

  1. बेकिंग सोडा और नींबू: एक चम्मच बेकिंग सोडा में थोड़ा नींबू रस मिलाकर पेस्ट तैयार कर लें। अब इसे कॉटन, पुराने ब्रश या साफ कपड़े पर लगाकर स्विच बोर्ड साफ करें। इससे जिद्दी ग्रीस और काले दाग हटाने में मदद मिलती है।
  2. सिरका और पानी: एक बाउल में बराबर मात्रा में सफेद सिरका और पानी मिलाएं। अब कपड़े या ब्रश की मदद से स्विच बोर्ड पर हल्के हाथों से रगड़ें। इससे जमा गंदगी साफ करने में मदद मिलेगी।
  3. टूथपेस्ट से हटाएं पीलापन: साधारण सफेद टूथपेस्ट पुराने और पीले पड़े स्विच बोर्ड साफ करने में मदद कर सकता है। थोड़ा टूथपेस्ट पुराने ब्रश पर लगाकर धीरे-धीरे साफ करें और बाद में सूखे कपड़े से पोंछ दें।
  4. कोनों की सफाई के लिए पुराने ब्रश: स्विच के किनारों और छोटे कोनों में भी धूल जमा हो सकती है। पुराने टूथब्रश की मदद से इन जगहों को आसानी से साफ किया जा सकता है।
  5. माइक्रोफाइबर कपड़ा इस्तेमाल करें: साधारण कपड़े की जगह माइक्रोफाइबर कपड़ा इस्तेमाल करना बेहतर माना जाता है। इससे स्विच बोर्ड पर खरोंच पड़ने की संभावना कम होती है।

सफाई से पहले किन बातों का ध्यान रखें?

सबसे पहले बिजली बंद करें: सफाई शुरू करने से पहले घर का मेन स्विच बंद करें।

गीले हाथों से सफाई ना करें: कभी भी गीले हाथों से स्विच बोर्ड को छूने की गलती ना करें। इससे खतरा बढ़ सकता है।

ज्यादा पानी इस्तेमाल ना करें: स्विच बोर्ड साफ करते समय ज्यादा पानी का इस्तेमाल करना सही नहीं है। हल्के गीले कपड़े का ही इस्तेमाल करें।

स्विच बोर्ड जल्दी गंदे क्यों हो जाते हैं?

  • किचन में तेल और धुआं जमा होने की वजह से
  • बार-बार हाथ लगाने से
  • धूल और नमी की वजह से
  • नियमित सफाई ना होने के कारण

कितनी बार करनी चाहिए सफाई?

हफ्ते में एक बार घर के स्विच बोर्ड की हल्की सफाई करना सही रहता है। इससे ज्यादा गंदगी जमा होने से बचा जा सकता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN