Source :- LIVE HINDUSTAN

इंग्लैंड फुटबॉल टीम को फीफा फुटबॉल वर्ल्ड कप 2026 में अगले हफ्ते अपना पहला मैच खेलना है। मैच से पहले अमेरिका में इंग्लैंड टीम का सामान चोरी हो गया है।

अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको संयुक्त रूप से फीफा वर्ल्ड कप 2026 की मेजबानी कर रहे हैं। टूर्नामेंट में बदइंतजामी को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। अब एक चौंकाने वाले मामला सामने आया है, जिसने अमेरिका की थू-थू करा दी है। दरअसल, इंग्लैंड फुटबॉल टीम का अमेरिका के कैनसस सिटी में सामान चोरी हो गया। चोर कुछ ट्रेनिंग इक्विपमेंट ले उड़े, जिसमें बूट और बॉल्स तक शामिल हैं। हालंकि, पुलिस एक्शन लेते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। हेरी केन की कप्तानी वाली इंग्लैंड टीम को टूर्नामेंट में अपने पहला मैच में 17 जून को क्रोएशिया से भिड़ना है।

यह पता लगाने की कोशिश कर रहा एसोसिएशन

इंग्लैंड के खिलाड़ी रविवार (भारतीय समयानुसार) को कैनसस सिटी पहुंचेंगे। टीम के यहां से पहले ट्रेनिंग का सामान भेज दिया गया था। सामान जब ट्रेनिंग बेस पर ले जाया जा रहा था तो उसी दौरान वाहनों में चोरी हो गई। बीसीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार को कैनसस सिटी पहुंचने से पहले इंग्लैंड टीम का ट्रेनिंग का सामान चोरी हुआ। फुटबॉल एसोसिएशन यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि क्या-क्या चीजें चोरी हुई हैं, जिसमें बॉल्स और बूट शामिल हैं।

इंग्लैंड टीम की तैयारियों में आ सकती है रुकावट

आगे बताया गया, ‘कैनसस सिटी में स्वोप सॉकर विलेज बेस पर सामान ले जा रही गाड़ियों से सामान चोरी हुआ। इंग्लैंड के मुख्य कोच थॉमस ट्यूशेल और उनकी टीम शनिवार दोपहर को कैनसस सिटी पहुंचेगी। सामान पहले पहुंचना था मगर ऐसा हुआ नहीं। पुलिस अधिकारी, फुटबॉल एसोसिएशन के संपर्क में हैं। पुलिस शुक्रवार रात से इस मामले को देख रही। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इस चोरी से बुधवार को क्रोएशिया के खिलाफ वर्ल्ड कप के पहले मैच के लिए इंग्लैंट टीम की तैयारियों में कुछ रुकावट आ सकती है। इंग्लैंड के खिलाड़ियों का रविवार को पहला फुल ट्रेनिंग डे है।’

इंग्लैंड टीम को ग्रुप एल में रखा गया

इंग्लैंड ने 1966 के बाद से कोई वर्ल्ड कप नहीं जीता है। इतना ही नहीं इंग्लैंड ने तब से कोई बड़ी ट्रॉफी नहीं जीती है, जिसमें यूरो भी शामिल है। हालांकि, इस बार इंग्लैंड ने अपने शानदार स्कोरर हैरी केन के साथ एक मजबूत टीम भेजी है। फुटबॉल एक्सपर्ट्स के मुताबिक, यह इंग्लैंड के लिए कई सालों में बुरी किस्मत से पीछा छोड़ना का सबसे अच्छा मौका है। उन्होंने पिछले दो यूरो में फाइनल खेला है, जिससे पता चलता है कि वे सुधार की राह पर हैं। उम्मीद है कि क्रोएशिया के साथ मैच से पहले हुई चोरी उनकी तैयारियों पर ज्यादा असर नहीं डालेगी। इंग्लैंड को ग्रुप एल में क्रोएशिया, घाना और पनामा के साथ रखा गया है। इंग्लैंड को क्रोएशिया के बाद 23 जून को घाना और 27 जून को पनामा से खेलेगी। यह अब तक का सबसे बड़ा वर्ल्ड कप है, जिसमें 48 टीमें हिस्सा ले रही हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN