Source :- LIVE HINDUSTAN
Perplexity gives Free Mac Mini to users: पॉपुलर AI कंपनी Perplexity, क्रिएटर्स और टेक के शौकीनों के एक खास ग्रुप को ऐप्पल का Mac Mini कंप्यूटर मुफ्त में दे रही है। लेकिन यह सब कंपनी बेवजह नहीं कर रही है। चलिए बताते हैं कंपनी मुफ्त में Mac Mini क्यों बांट रही है…
Perplexity gives Free Mac Mini to users: कैसे हो अगर आपको Apple का Mac Mini मुफ्त में मिल जाएं? जाहिर सी बात है, कोई भी खुशी से झूम उठेगा। ऐसा ही कुछ हो रहा है कुछ कंटेंट क्रिएटर्स के साथ। पॉपुलर AI कंपनी Perplexity, क्रिएटर्स और टेक के शौकीनों के एक खास ग्रुप को ऐप्पल का Mac Mini कंप्यूटर मुफ्त में दे रही है, लेकिन यह सब कंपनी बेवजह नहीं कर रही है। कंपनी ऐसा इसलिए कर रही है ताकि वह अपने नए AI-पावर्ड फीचर ‘Personal Computer’ को दिखा सके। खास बात यह है कि हाल के दिनों में Apple का Mac Mini टेक की दुनिया में सबसे ज्यादा मांग वाली चीजों में से एक बन गया है, क्योंकि ऑटोनॉमस AI एजेंट्स के बढ़ने के साथ-साथ उन्हें चलाने के लिए लोकल कंप्यूटिंग पावर की जरूरत होती है। चलिए डिटेल में बताते हैं क्या है पूरा मामला…
परप्लेक्सिटी, क्रिएटर्स को Mac Mini गिफ्ट कर रहा है
एक यूजर ने एक्स पर लिखा “मैक मिनी के लिए परप्लेक्सिटी और @AravSrinivas भाई, आपका धन्यवाद 🤟 Perplexity Computer + Mac Mini. इसे टेस्ट करने और यह देखने के लिए उत्साहित हूं कि यह क्या-क्या कर सकता है।”
एक अन्य यूजर ने लिखा “Perplexity Computer को आजमाने के लिए, परप्लेक्सिटी ने मुझे एक मैक मिनी भेजा ताकि मैं इसे उस पर इंस्टॉल कर सकूं! मैं इसे बाद में सेट अप करूंगा, लेकिन परप्लेक्सिटी का धन्यवाद।”
बिजनेस इंसाइडर को दिए एक बयान में, AI स्टार्टअप ने इस बात की पुष्टि की कि उसने कुछ लोगों को मैक मिनी दिए हैं, वे लोग जो “Perplexity Mac ऐप में Personal Computer का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करने में दिलचस्पी रखते हैं।” Perplexity के चीफ कम्युनिकेशंस ऑफिसर Jesse Dwyer ने भी इस पब्लिकेशन को बताया कि वह अपने Mac Mini का लगातार इस्तेमाल करते हैं, और उसे अपने दूसरे ऐप्पल डिवाइस से ऑपरेट करते हैं। फिलहाल, Personal Computer परप्लेक्सिटी के मैक ऐप पर भी चलता है।
हैवी डिमांड के चलते Mac Mini खरीदना महंगा हुआ
खास बात यह है कि ऐप्पल ने इस साल की शुरुआत में मैक मिनी खरीदना महंगा कर दिया था, क्योंकि उसने 256GB वाला वेरिएंट हटा दिया था, जिसकी कीमत $599 थी। इसके बजाय, अब मैक मिनी के शौकीनों को 512GB वाला वेरिएंट खरीदने के लिए $799 खर्च करने होंगे। मार्च में हुई अर्निंग्स कॉल के दौरान, ऐप्पल के सीईओ टिम कुक ने मैक मिनी और मैक स्टूडियो को “AI और एजेंटिक टूल्स के लिए शानदार प्लेटफॉर्म” बताया था। कुक ने यह भी कहा कि, “ग्राहक इसे हमारी उम्मीद से कहीं ज्यादा तेजी से पहचान रहे हैं। और इसलिए हमने उम्मीद से ज्यादा मांग देखी।”
कुक ने आगे बताया कि कंपनी को मैक मिनी और मैक स्टूडियो, दोनों की सप्लाई में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, और “सप्लाई और डिमांड के बीच संतुलन बनने में कई महीने लग सकते हैं।”
पर्सनल कंप्यूटर क्या है?
पर्सनल कंप्यूटर एक नया AI-पावर्ड एजेंटिक AI टूल है, जो कंपनी के मौजूदा कंप्यूटर एजेंट की क्षमताओं को ब्राउजर से आगे तक बढ़ाता है। पर्सनल कंप्यूटर यूजर की ओर से मुश्किल कामों को पूरा करने के लिए लोकल फाइलों, नेटिव ऐप्लिकेशन, कनेक्टेड सर्विसेस और वेब पर काम करता है। चैट विंडो में सिर्फ सवालों के जवाब देने के बजाय, इस AI टूल को किसी लक्ष्य को समझने, उसे अलग-अलग चरणों में बांटने और फिर कई ऐप्लिकेशन और सर्विसेस पर उन कामों को करने के लिए डिजाइन किया गया है।
अप्रैल में लिखे एक ब्लॉग पोस्ट में, कंपनी ने बताया कि पर्सनल कंप्यूटर का इस्तेमाल फाइलों को व्यवस्थित करने, ‘टू-डू’ लिस्ट को मैनेज करने, लोकल डॉक्यूमेंट्स की तुलना वेब से मिली जानकारी के साथ करने, मैसेज भेजने, ईमेल का ड्राफ्ट तैयार करने और अलग-अलग एप्लीकेशंस पर काम करने के लिए किया जाता है।
इसी ब्लॉग में, परप्लेक्सिटी ने मैक मिनी को पर्सनल कंप्यूटर चलाने के सबसे बेहतरीन तरीकों में से एक बताया है, जो किसी AI एजेंट को चौबीसों घंटे काम करने और जरूरत पड़ने पर फाइलों और एप्लिकेशन्स को लगातार एक्सेस करने की सुविधा देता है।
कंपनी ने लिखा “एक मिनी पर्सनल कंप्यूटर 24/7 काम के लिए उपलब्ध रहता है, खासकर ऐसे कामों के लिए जिनके लिए एक लगातार चालू रहने वाली मशीन या आपकी फाइलों और नेटिव ऐप्स तक सुरक्षित लोकल एक्सेस की जरूरत होती है। आप अपने फोन से काम शुरू कर सकते हैं, या चलते-फिरते उन्हें मैनेज कर सकते हैं।”
SOURCE : LIVE HINDUSTAN





