Home rss business hindi Gold Price: सोने में आएगी जोरदार तेजी? 2027 तक ₹2 लाख पहुंच...

Gold Price: सोने में आएगी जोरदार तेजी? 2027 तक ₹2 लाख पहुंच सकता है भाव

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • बाजार के जानकारों का मानना है कि आने वाले समय में सोने की कीमतों को कई कारणों से सहारा मिल सकता है
  • कुछ अनुमानों के मुताबिक, साल 2027 के आखिर तक भारत में सोने का भाव 2 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक भी पहुंच सकता है

Gold Price in India: सोने की कीमतों में गिरावट के बाद अब फिर तेजी की उम्मीद बढ़ने लगी है। ऐसे में अगर आप धनतेरस या दिवाली पर सोना खरीदने की सोच रहे हैं, तो यह खबर आपके लिए जरूरी है। इस साल 29 जनवरी को सोने ने 1,80,779 रुपये प्रति 10 ग्राम का रिकॉर्ड स्तर छुआ था, लेकिन इसके बाद भाव में गिरावट आई। अब बाजार के जानकारों का अनुमान है कि आने वाले समय में सोने की कीमतों में फिर उछाल आ सकता है। कुछ अनुमानों के मुताबिक, 2027 के अंत तक सोना 2 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम का आंकड़ा छू सकता है। ऐसे में सवाल है कि क्या अभी सोना खरीदना फायदेमंद रहेगा और कीमतों में आगे कितनी तेजी आ सकती है–

2027 तक कितना हो सकता है सोने का भाव?

ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म जेपी मॉर्गन ने जून 2026 में जारी अपनी रिपोर्ट में अनुमान लगाया था कि सोने की कीमत 2026 के आखिर तक 6,000 डॉलर प्रति औंस और 2027 के अंत तक 6,300 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच सकती है। अगर यह अनुमान सही साबित होता है और रुपये-डॉलर की विनिमय दर में बड़ा बदलाव नहीं आता, तो भारत में सोने की कीमत 2027 के अंत तक करीब 2.13 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकती है।

सोने की कीमत बढ़ने के पीछे क्या हैं कारण?

बाजार जानकारों के मुताबिक, अमेरिका में बॉन्ड यील्ड और डॉलर की चाल में बदलाव, भू-राजनीतिक तनाव और महंगाई से जुड़ी चिंताएं सोने की कीमतों को प्रभावित कर सकती हैं। Pace 360 के चीफ ग्लोबल स्ट्रैटेजिस्ट अमित गोयल का कहना है कि अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में गिरावट और डॉलर में निवेशकों की मुनाफावसूली से सोने को फायदा मिल सकता है। उनके अनुमान के मुताबिक, साल 2026 के अंत तक अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 4,600 डॉलर प्रति औंस और MCX पर करीब 1.60 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकता है।

अमेरिका के चुनाव और युद्ध का भी पड़ेगा असर

विशेषज्ञों के मुताबिक, अमेरिका के मिडटर्म चुनावों के नतीजे और दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में चल रहे तनाव भी सोने की कीमतों की दिशा तय कर सकते हैं। अगर अमेरिकी चुनावों के बाद नीतियों को लेकर अनिश्चितता बढ़ती है, तो निवेशक सुरक्षित निवेश के विकल्प के तौर पर सोने की तरफ रुख कर सकते हैं। दूसरी ओर, अगर अंतरराष्ट्रीय तनाव कम होता है और वैश्विक अर्थव्यवस्था में स्थिरता आती है, तो सोने की कीमतों पर अलग तरह का असर देखने को मिल सकता है। अविनाश मेंटर रिसर्च के संस्थापक अविनाश गोरक्षकर के मुताबिक, रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म होने से बाजार में पॉजिटिव माहौल बन सकता है। उनके अनुसार, जून 2027 तक सोने की कीमत 1.70 लाख से 1.72 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकती है।

धनतेरस और दिवाली पर सोना खरीदना चाहिए?

धनतेरस और दिवाली के मौके पर सोने की खरीदारी बढ़ जाती है। ऐसे में निवेशक इस बात को लेकर असमंजस में हैं कि अभी खरीदारी करें या कीमतों में गिरावट का इंतजार करें। विशेषज्ञों की राय के मुताबिक, लंबी अवधि में सोने की कीमतों को लेकर उम्मीद बनी हुई है। लेकिन सोने की कीमतों में गिरावट का जोखिम भी बना रहता है। इसलिए खरीदारी करने से पहले अपनी जरूरत, निवेश की अवधि और बजट को ध्यान में रखना जरूरी है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN