Source :- LIVE HINDUSTAN
सोने और चांदी की कीमतों में सोमवार 22 जून को शुरुआती कारोबार में तेजी देखने को मिली। अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता में प्रगति की खबरों के बाद निवेशकों ने निचले स्तरों पर खरीदारी की, जिससे घरेलू वायदा बाजार में दोनों कीमती धातुओं को सहारा मिला। हालांकि, अमेरिकी डॉलर और बॉन्ड यील्ड में मजबूती के कारण तेजी सीमित रही।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर अगस्त डिलीवरी वाला सोना सुबह करीब 10:20 बजे 0.37% बढ़कर 1,47,747 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। वहीं जुलाई वायदा चांदी 1% की तेजी के साथ 2,35,518 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।
अमेरिका-ईरान वार्ता से बढ़ी उम्मीद
रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, स्विट्जरलैंड में अमेरिका और ईरान के बीच हुई बातचीत का पहला दौर सकारात्मक रहा है। दोनों देशों ने लेबनान में जारी हिंसा से जुड़े मुद्दों को सुलझाने के लिए एक विशेष “डी-कॉन्फ्लिक्शन सेल” बनाने पर सहमति जताई है। वार्ता इस सप्ताह भी जारी रहेगी।
मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि पश्चिम एशिया में तनाव कम होने की उम्मीद से निवेशकों का भरोसा बढ़ा है, जिससे सोना-चांदी में गिरावट के बाद खरीदारी लौट रही है।
डॉलर और बॉन्ड यील्ड का असर
दूसरी ओर अमेरिकी डॉलर इंडेक्स 0.10% बढ़कर 100.88 पर पहुंच गया, जिससे विदेशी निवेशकों के लिए सोना महंगा हो गया। वहीं अमेरिकी 10 वर्षीय ट्रेजरी बॉन्ड यील्ड बढ़कर 4.49% पर पहुंच गई।
फेडरल रिजर्व के चेयरमैन केविन वार्श द्वारा महंगाई को लेकर जताई गई चिंता और इस साल ब्याज दर बढ़ाने की संभावना ने भी कीमती धातुओं पर दबाव बनाए रखा है। आमतौर पर ऊंची ब्याज दरें सोने की मांग को कमजोर करती हैं क्योंकि इस पर कोई ब्याज नहीं मिलता।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट?
मास्टर कैपिटल सर्विसेज के चीफ रिसर्च ऑफिसर रवि सिंह के अनुसार, मजबूत डॉलर और फेड के सख्त रुख के कारण सोने की बड़ी तेजी फिलहाल सीमित रह सकती है। उनका कहना है कि MCX गोल्ड के लिए 1,46,300 रुपये महत्वपूर्ण सपोर्ट है। इसके नीचे फिसलने पर भाव 1,40,000 रुपये तक जा सकते हैं। वहीं ऊपर की ओर 1,51,000 रुपये पहला बड़ा रेजिस्टेंस रहेगा।
इंडसइंड सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक जिगर त्रिवेदी का मानना है कि वैश्विक बाजारों में सकारात्मक संकेतों के चलते MCX गोल्ड 1,48,000 रुपये तक पहुंच सकता है। उनके मुताबिक 1,47,200 रुपये का स्तर मजबूत सपोर्ट है।
इस सप्ताह कहां जाएंगे सोने-चांदी के भाव
विशेषज्ञों के अनुसार MCX गोल्ड के लिए 1,46,100 और 1,44,400 रुपये सपोर्ट जोन हैं, जबकि 1,48,800 और 1,50,000 रुपये पर मजबूत रेजिस्टेंस मौजूद है। चांदी की बात करें तो 2,30,000 और 2,26,600 रुपये प्रमुख सपोर्ट हैं, जबकि 2,37,000 और 2,41,000 रुपये पर रुकावट देखने को मिल सकती है।
(डिस्क्लेमर: एक्सपर्ट्स की सिफारिशें, सुझाव, विचार और राय उनके अपने हैं, लाइव हिन्दुस्तान के नहीं। कमोडिटी मार्केट में निवेश जोखिमों के अधीन है और निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




