Source :- LIVE HINDUSTAN
HDFC bank news: एचडीएफसी बैंक की कमान एक बार फिर से शशिधर जगदीशन (Sashidhar Jagdishan) को मिल सकती है। मनी कंट्रोल की रिपोर्ट के अनुसार फिर से एमडी और सीईओ के पद के लिए बैंक के जीएनआरसी (nomination and remuneration committee) की तरफ 15 से 17 जुलाई के बीच सिफारिश की जाएगी। बता दें, इससे पहले सोमवार को एचडीएफसी बैंक के बोर्ड ने पूर्व वित्त सचिव राजीव कुमार को अपना नया पार्ट-टाइम एग्जीक्यूटिव चेयरमैन नियुक्त किया है। एचडीएफसी बैंक ने रेगुलेटरी को दी जानकारी में बताया कि निदेशक मंडल (बोर्ड) ने राजीव कुमार को चार साल के लिए बैंक का स्वतंत्र निदेशक नियुक्त करने को मंजूरी दी है। यह नियुक्ति 30 जून, 2026 से प्रभावी होगी।
रिपोर्ट के अनुसार RBI से मंजूरी के बाद यह बैंक के बोर्ड की बैठक होगी। जिसमें दोबारा नियुक्ति पर मुहर लगेगी। माना जा रहा है कि यह प्रक्रिया 18 जुलाई तक पूरी कर ली जाएगी। रिपोर्ट के अनुसार जगदीशन को तीसरे टर्म का बिना किसी खास प्रतिस्पर्धा के मिले हो सकता है। बता दें, अबतक कोई दूसरा विकल्प इस पद के लिए सामने नहीं आया है। अंतिम फैसला आरबीआई की मंजूरी के बाद ही लिया जाएगा।
राजीव कुमार की नियुक्ति पर क्या बोला बैंक
बैंक ने कहा कि उनकी नियुक्ति भारतीय रिजर्व बैंक की मंजूरी मिलने पर निर्भर है। केंद्रीय बैंक से मंजूरी मिलने के बाद कुमार को तीन साल के लिए बैंक का अंशकालिक चेयरमैन नियुक्त किया जाएगा। यह नियुक्ति आरबीआई की मंजूरी वाली तारीख से लागू होगी।
शेयरों का प्रदर्शन कैसा? (HDFC Bank Share performance)
HDFC Bank के शेयरों में मामूली तेजी देखने को मिली है। बीएसई में आज मंगलवार स्टॉक 805 रुपये के स्तर पर खुला था। दिन में यह स्टॉक 806 रुपये के स्तर पर पहुंच गया था। पिछले एक साल में एचडीएफसी बैंक के शेयरों की कीमतों में 20 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली है। इस दौरान सेंसेक्स इंडेक्स में 8.29 प्रतिशत गिरावट देखने को मिली है।
दो साल में कंपनी के शेयरों की कीमतों में 4 प्रतिशत की गिरावट देखने को मिली है। तीन साल यह स्टॉक 5.94 प्रतिशत लुढ़क गया है। बीते 5 साल में एचडीएफसी बैंक के शेयरों की कीमतों में 6.84 प्रतिशत की उछाल दर्ज की गई है। बता दें, 10 साल में स्टॉक का भाव 172 प्रतिशत बढ़ा है।
(भाषा के इनपुट के साथ)
(यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें।)
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




