Home BUSINESS NEWS HINDI HDFC बैंक में बड़ा बदलाव! एक्सिस बैंक के CFO की एंट्री, नए...

HDFC बैंक में बड़ा बदलाव! एक्सिस बैंक के CFO की एंट्री, नए चेयरमैन का भी ऐलान

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

भारतीय बैंकिंग सेक्टर में एक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। देश के दो बड़े निजी बैंक एक्सिस बैंक और HDFC बैंक के टॉप मैनेजमेंट में बड़े फेरबदल की खबर सामने आ रही है। खबर है कि एक्सिस बैंक के मौजूदा चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर पुनीत शर्मा जल्द ही HDFC बैंक के नए CFO बन सकते हैं। अगर ऐसा होता है, तो यह सिर्फ एक अधिकारी का बदलाव नहीं होगा, बल्कि निजी बैंकिंग सेक्टर में वरिष्ठ स्तर पर हो रहे बड़े नेतृत्व परिवर्तन का हिस्सा माना जाएगा। इसके साथ ही बंधन बैंक और एक्सिस बैंक के बीच भी CFO स्तर पर बदलाव की चर्चा तेज हो गई है। आइए जरा विस्तार से इसकी डिटेल्स जानते हैं।

आपको बता दें कि HDFC बैंक ने सिर्फ नए CFO की तैयारी ही नहीं, बल्कि नए चेयरमैन की भी नियुक्ति कर दी है। बैंक ने पूर्व वित्तीय सेवा सचिव (Financial Services Secretary), पूर्व IAS अधिकारी और पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) राजीव कुमार को पार्ट-टाइम (नॉन-एग्जीक्यूटिव) चेयरमैन नियुक्त किया है। यह नियुक्ति रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) की मंजूरी के अधीन होगी। राजीव कुमार का कार्यकाल 3 साल का होगा, जबकि वह 30 जून 2026 से स्वतंत्र निदेशक (Independent Director) के रूप में भी बोर्ड से जुड़ेंगे, जिसके लिए शेयरधारकों की मंजूरी भी आवश्यक होगी।

बैंक को स्थायी चेयरमैन की तलाश कई महीनों से थी। यह प्रक्रिया मार्च 2026 में तत्कालीन चेयरमैन अतनु चक्रवर्ती के अचानक इस्तीफे के बाद शुरू हुई थी। उनके इस्तीफे के बाद अंतरिम चेयरमैन के रूप में केकी मिस्त्री को जिम्मेदारी दी गई थी।

राजीव कुमार का बैंकिंग और सरकारी नीतियों का लंबा अनुभव माना जाता है। वह भारत सरकार में वित्तीय सेवा सचिव रह चुके हैं और बाद में भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त (Chief Election Commissioner) के रूप में भी कार्य कर चुके हैं। बैंक का मानना है कि उनका अनुभव कॉर्पोरेट गवर्नेंस और रणनीतिक फैसलों को और मजबूत करेगा।

CNBC-TV18 की एक रिपोर्ट के मुताबिक, एक्सिस बैंक ने आधिकारिक रूप से जानकारी दी है कि उसके CFO पुनीत शर्मा ने इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपने इस्तीफे में लिखा कि काफी सोच-विचार के बाद उन्होंने अपने करियर के अगले चरण की ओर बढ़ने का फैसला किया है। बैंक ने उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है और 31 अगस्त 2026 उनका आखिरी कार्य दिवस होगा। हालांकि, एक्सिस बैंक ने अभी तक उनकी जगह कौन लेगा, इस बात का ऐलान नहीं किया है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, HDFC बैंक की नॉमिनेशन एंड रिम्यूनरेशन कमेटी की बैठक में पुनीत शर्मा के नाम पर चर्चा हो सकती है। बताया जा रहा है कि वह मौजूदा CFO श्रीनिवासन वैद्यनाथन की जगह ले सकते हैं, जिनका कार्यकाल अक्टूबर 2026 में समाप्त होने वाला है। अगर यह नियुक्ति होती है, तो HDFC बैंक के लिए यह एक अहम बदलाव होगा, क्योंकि बैंक आने वाले समय में बड़े नेतृत्व परिवर्तन की तैयारी भी कर रहा है।

इस पूरे घटनाक्रम को और दिलचस्प इसलिए माना जा रहा है, क्योंकि हाल ही में HDFC बैंक के वरिष्ठ अधिकारी भाविन लाखपतवाला भी बैंक छोड़कर RBL बैंक में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर और CFO के रूप में शामिल हुए हैं। बाजार के कई जानकार उन्हें भविष्य में HDFC बैंक के संभावित CFO के रूप में देखते थे। ऐसे में पुनीत शर्मा का नाम सामने आना बैंकिंग सेक्टर में नई हलचल पैदा कर रहा है।

सूत्रों का यह भी कहना है कि बंधन बैंक के मौजूदा CFO एक्सिस बैंक में पुनीत शर्मा की जगह ले सकते हैं। हालांकि, इस संबंध में अभी तक किसी भी बैंक की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। अगर ऐसा होता है, तो यह प्राइवेट बैंकिंग इंडस्ट्री में वरिष्ठ अधिकारियों के बड़े स्तर पर बदलाव का संकेत होगा।

पुनीत शर्मा को लंबा अनुभव

पुनीत शर्मा का बैंकिंग और फाइनेंशियल सेक्टर में लंबा अनुभव रहा है। मार्च 2020 से वह एक्सिस बैंक में ग्रुप हेड और CFO के पद पर कार्यरत हैं। इस दौरान उन्होंने सिर्फ बैंक के फाइनेंशियल मामलों को ही नहीं संभाला, बल्कि लीगल, इन्वेस्टर रिलेशंस, सेक्रेटेरियल और प्रोक्योरमेंट जैसे महत्वपूर्ण विभागों की भी जिम्मेदारी निभाई। उनके कार्यकाल के दौरान एक्सिस बैंक ने सिटीबैंक इंडिया के कंज्यूमर बिजनेस का सफल अधिग्रहण और इंटीग्रेशन किया। इसके अलावा बैंक ने पूंजी जुटाने, डिजिटल बैंकिंग में निवेश बढ़ाने और बैलेंस शीट को मजबूत बनाने जैसे कई बड़े कदम भी उठाए।

पुनीत शर्मा का सफर

एक्सिस बैंक से पहले पुनीत शर्मा करीब 12 सालों तक टाटा कैपिटल में विभिन्न वरिष्ठ पदों पर रहे और अंत में ग्रुप CFO बने। उन्होंने सिटीबैंक, बोस्टन कंसल्टिंग ग्रुप (BCG) और PwC (पूर्व में Lovelock & Lewes) जैसी संस्थाओं में भी काम किया है। वह चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) और कॉस्ट अकाउंटेंट भी हैं, जिससे उन्हें फाइनेंशियल मैनेजमेंट और कॉर्पोरेट स्ट्रेटजी का गहरा अनुभव मिला।

फिलहाल, एचडीएफसी बैंक, एक्सिस बैंक और पुनीत शर्मा की ओर से इस संभावित नियुक्ति पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। लेकिन, अगर यह बदलाव होता है, तो यह भारतीय निजी बैंकिंग उद्योग के सबसे महत्वपूर्ण नेतृत्व परिवर्तनों में से एक माना जाएगा। आने वाले दिनों में इस पर सभी की नजरें रहेंगी, क्योंकि इसका असर दोनों बैंकों की भविष्य की रणनीति और निवेशकों के भरोसे पर भी पड़ सकता है। Credit- CNBC-TV18

SOURCE : LIVE HINDUSTAN