Source :- KHABAR INDIATV
भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही दो टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा और आखिरी टेस्ट मैच क्राइस्टचर्च के हेगली ओवल स्टेडियम में खेला जा रहा है, जिसमें भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है। टीम इंडिया की प्लेइंग 11 में दूसरे टेस्ट मैच के लिए एक बदलाव हुआ है, जिसमें प्रसिद्ध कृष्णा की जगह पर तेज गेंदबाज गुरनूर बरार को शामिल किया गया है। वहीं मेजबान न्यूजीलैंड की टीम ने अपनी प्लेइंग 11 में कोई बदलाव नहीं किया है। क्राइस्टचर्च के इस स्टेडियम में मेजबान कीवी टीम का रिकॉर्ड अब तक काफी शानदार देखने को मिला है, ऐसे में टीम इंडिया के लिए उनको यहां मात देना एक बड़ी चुनौती रहने वाली है।
टीम इंडिया की प्लेइंग 11 में हुई गुरनूर बरार की एंट्री
दूसरे टेस्ट मुकाबले के लिए भारतीय टीम की प्लेइंग 11 को लेकर सभी की नजरें थी, जिसमें टॉस के समय कप्तान शुभमन गिल ने एक बदलाव की जानकारी दी और प्रसिद्ध कृष्णा की जगह पर गुरनूर बरार को टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करने का मौका मिला है, जिनका न्यूजीलैंड के दौरे पर वनडे सीरीज के दौरान काफी शानदार प्रदर्शन देखने को मिला था और तीन मैचों में 9 विकेट हासिल किए थे, ऐसे में उनके प्रदर्शन पर सभी की नजरें रहने वाली हैं।
तेज गेंदबाजों का क्राइस्टचर्च की पिच पर दिखा है दबदबा
क्राइस्टचर्च के हेगली ओवल स्टेडियम की पिच को लेकर बात की जाए तो यहां पर तेज गेंदबाजों का दबदबा देखने को मिलता है, जिसमें यहां की पिच दुनिया की उन पिचों में से एक है जहां काफी बाउंस देखने को मिलता है। ऐसे में इस मुकाबले की पिच को लेकर भी इसी तरह की उम्मीद जताई गई है। दूसरे टेस्ट से ठीक दो दिन पहले हुई बारिश के चलते पिच अधिकतर समय कवर से ढकी रही है, जिससे इसमें नमी की पूरी उम्मीद की जा सकती है। वहीं ऐसे में खेल आगे बढ़ने के साथ गेंद के बाउंस में भी असमानता देखने को मिल सकती है।
दूसरे टेस्ट के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग 11
भारत – केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, ध्रुव जुरेल, आकाश दीप, अंशुल कंबोज, गुरनूर बरार, जसप्रीत बुमराह।
न्यूजीलैंड – टॉम लैथम (कप्तान), डेवोन कॉन्वे, हेनरी निकोल्स, रचिन रवींद्र, डेरिल मिचेल, टॉम ब्लंडल (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, नाथन स्मिथ, काइल जैमीसन, मैट हेनरी, जैकब डफी।
SOURCE : KHABAR INDIAN TV




