Source :- INDIATV NEWS

भारत और न्यूजीलैंड के बीच में दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला आज से वेलिंग्टन के बेसिन रिजर्व स्टेडियम में खेला जा रहा है, जिसमें भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया है। टीम इंडिया के लिए अभी तक न्यूजीलैंड का दौरा काफी शानदार रहा है, जिसमें वह इससे पहले टी20 और वनडे दोनों सीरीज को अपने नाम करने में कामयाब रही है। ऐसे में अब शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम की नजरें टेस्ट सीरीज को भी जीतने पर रहने वाली हैं, लेकिन यह काम उनके लिए बिल्कुल भी आसान नहीं होगा। भारतीय टीम इस मुकाबले में चार प्रमुख तेज गेंदबाजों के साथ खेल रही है, लेकिन उसमें मोहम्मद सिराज का नाम शामिल नहीं है।
बेसिन रिजर्व स्टेडियम में अभी तक भारतीय टीम ने हासिल की सिर्फ एक टेस्ट जीत
वेलिंग्टन के बेसिन रिजर्व स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड की टीम के बीच में टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है। इस स्टेडियम में अब तक टीम इंडिया ने कुल 8 टेस्ट मुकाबले खेले हैं, जिसमें से सिर्फ एक में ही जीत मिली जबकि 5 मैचों में उनको हार का सामना करना पड़ा है और वहीं 2 मैच ड्रॉ रहे हैं। ऐसे में टीम इंडिया के लिए इस मैदान पर अपने रिकॉर्ड को सुधारने के लिए यह मुकाबला काफी अहम रहने वाला है।
बुमराह पर रहेगा बड़ा दारोमदार
टीम इंडिया के टेस्ट स्क्वॉड में लंबे समय के बाद पूरी तरह से फिट होकर जसप्रीत बुमराह वापसी कर रहे हैं, जिन्होंने अपना पिछला टेस्ट मुकाबला साल 2025 में घरेलू जमीन पर नवंबर के ही महीने में साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेला था। अब न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में जसप्रीत बुमराह पर बड़ा दारोमदार रहने वाला है, जिसमें उनका प्रदर्शन काफी कुछ सीरीज की दिशा को भी तय करने रहने वाला है।
यहां पर देखिए पहले टेस्ट के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग 11
भारत – केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत, वाशिंगटन सुंदर, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), आकाश दीप, अंशुल कंबोज, जसप्रीत बुमराह, प्रसिद्ध कृष्णा।
न्यूजीलैंड – टॉम लैथम (कप्तान), डेवोन कॉन्वे, हेनरी निकोल्स, रचिन रवींद्र, डेरिल मिचेल, टॉम ब्लंडेल (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, नाथन स्मिथ, काइल जैमीसन, मैट हेनरी, जैकब डफी।
SOURCE : INDIATV NEWS




