Home - iPhone Duo की स्क्रीन टूट गई तो नहीं पड़ेगा लाखों का खर्च!...

iPhone Duo की स्क्रीन टूट गई तो नहीं पड़ेगा लाखों का खर्च! Apple ने किया बड़ा खुलासा

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Apple के फोल्डेबल iPhone Duo की इनर स्क्रीन पर लगी कवर लेयर को अलग से बदला जा सकेगा। AppleCare+ यूजर्स के लिए इस लेयर की रिप्लेसमेंट फीस 19 डॉलर बताई गई है।

टेक कंपनी Apple के पहले फोल्डेबल iPhone Duo को लेकर एक ऐसी जानकारी सामने आई है, जो महंगे फोल्डेबल फोन खरीदने वाले ग्राहकों के लिए काफी अहम हो सकती है। Apple ने कन्फर्म किया है कि iPhone Duo की अंदर वाली फोल्डिंग स्क्रीन के ऊपर मौजूद कवर लेयर को जरूरत पड़ने पर हटाकर नई लेयर से बदला जा सकता है। इसका मतलब है कि इस कवर लेयर के खराब होने पर हर बार पूरी इनर डिस्प्ले असेंबली बदलने की जरूरत नहीं होगी।

दरअसल, iPhone Duo की 7.6 इंच की इनर डिस्प्ले के ऊपर एक खास कवर लेयर दी गई है। इसमें नैनो-टेक्सचर फिनिश का इस्तेमाल किया गया है, जिसका एक प्रमुख काम स्क्रीन के बीच दिखाई देने वाली क्रीज को कम नजर आने देना है। Apple का कहना है कि इस लेयर को लंबे समय तक इस्तेमाल के लिए इंजीनियर किया गया है, लेकिन समय के साथ अगर इसकी स्थिति खराब होती है या क्रीज ज्यादा दिखाई देने लगती है, तो इसे बदला जा सकता है।

रिप्लेस की जा सकती है प्रोटेक्टिव लेयर

Apple की हार्डवेयर इंजीनियरिंग VP Kate Bergeron ने एक इंटरव्यू में बताया कि इस कवर लेयर को इस तरह डिजाइन किया गया है कि जरूरत पड़ने पर इसे हटाकर नई लेयर लगाई जा सके। यानी यह सिर्फ सामान्य स्क्रीन प्रोटेक्टर नहीं है, बल्कि iPhone Duo के फोल्डिंग डिस्प्ले सिस्टम का एक अलग हिस्सा है।

AppleCare+ यूजर्स के लिए खर्च कम

सबसे खास बात इसकी रिप्लेसमेंट कॉस्ट है। अमेरिका में AppleCare+ वाले iPhone Duo यूजर्स के लिए इस कवर लेयर को बदलने की फीस 19 डॉलर (करीब 1800 रुपये) बताई गई है। हालांकि, बिना AppleCare+ के इस लेयर को बदलने की कीमत अभी साफ नहीं की गई है।

यहां एक बात ध्यान देने वाली है कि कवर लेयर को बदलने का मतलब पूरी स्क्रीन बदलना नहीं है। अगर असली फोल्डिंग डिस्प्ले पैनल को नुकसान पहुंचता है, तो वह अलग तरह की रिपेयर होगी और उसकी लागत ज्यादा हो सकती है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक AppleCare+ के साथ इनर डिस्प्ले रिपेयर की फीस 99 डॉलर (करीब 9,500 रुपये) बताई गई है।

क्या यूजर खुद बदल सकेगा?

हालांकि Apple ने कहा है कि कवर लेयर को हटाया और बदला जा सकता है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि यूजर इसे घर पर खुद बदल सकेगा। मौजूदा जानकारी के आधार पर यह सर्विस Apple Store या ऑफीशियल सर्विस प्रोवाइडर के जरिए कराई जाने की उम्मीद है।

बता दें, iPhone Duo की प्री-बुकिंग 16 अक्टूबर से शुरू होगी और फोन 23 अक्टूबर को सेल के लिए आएगा। इसकी शुरुआती कीमत भारत में 2,99,900 रुपये रखी गई है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN