Source :- LIVE HINDUSTAN
अष्टमी-नवमी पर कन्या भोग थाली में क्या-क्या चीजें शामिल करें, अगर ये सोचकर आप भी कन्फ्यूज हैं तो ये खास थाली आइडियाज आपके बड़े काम आएंगे। पारंपरिक थाली से ले कर स्पेशल भोग तक, आप ये चीजों कंजकों को परोस सकते हैं।
शारदीय नवरात्रि में अष्टमी और नवमी तिथि का विशेष महत्व होता है। इस दिन मां दुर्गा का स्वरूप मानकर छोटी-छोटी कन्याओं की पूजा की जाती है और उन्हें प्रेम से भोजन कराया जाता है। कन्या पूजन के लिए आमतौर पर माता रानी का मनपसंद भोग तैयार किया जाता है, जिसमें हलवा, पूड़ी और काले चने का प्रसाद शामिल होता है। लेकिन आप चाहें तो कंजकों के लिए विशेष थाली तैयार कर सकते हैं, जिसमें स्वादिष्ट सब्जी और बच्चों की मनपसंद चीजें शामिल की जा सकती हैं। अगर आप भी इस बार कन्या पूजन की थाली को खास बनाना चाहती हैं, तो इन 5 तरह से तैयार कर सकती हैं।
कन्या पूजन की थाली में क्या-क्या होना चाहिए?
पारंपरिक कन्या भोग थाली तैयार करें
कन्या पूजन की थाली में सूजी का हलवा, पूड़ी और काले चने का प्रसाद जरूर रखा जाता है। ये तीनों चीजें पारंपरिक रूप से माता रानी के प्रसाद में जरूर बनती हैं। इनके साथ आप एक केला, नारियल और बताशे का प्रसाद भी रख सकते हैं। बताशे की जगह अन्य मिठाई भी रखी जा सकती है।
स्पेशल कन्या भोज थाली तैयार करें
अगर आप कन्या भोज की थाली में थोड़ी और वैरायटी रखना चाहते हैं, तो आलू की सूखी सब्जी भी शमिल कर सकते हैं। गरमा-गरम पूड़ी के साथ मसालेदार आलू की सब्जी खाने में खूब टेस्टी लगती है। साथ में सूजी का दानेदार हलवा, काले चने और बच्चों की मनपसंद कोई एक मिठाई जरूर रखें।
थोड़ी रॉयल थाली तैयार करें
कंजकों के लिए आप छोले या पनीर की सब्जी बनाकर भी तैयार कर सकते हैं। पूड़ी के साथ खाने में ये बहुत टेस्टी लगती है और कन्याएँ खुश हो कर खाती हैं। साथ में काले चने और केसरिया सूजी का हलवा परसों। एक मौसमी फल के साथ रसगुल्ला या बर्फी रख सकते हैं। चाहें तो कंजकों के लिए मलाईदार सी खीर बनाकर भी तैयार कर सकते हैं।
भंडारे वाली स्पेशल थाली बनाएं
अष्टमी-नवमी पर कन्या पूजन के लिए आप भंडारे वाली स्पेशल थाली भी तैयार कर सकते हैं। इसके लिए पूड़ी के साथ रसदार आलू टमाटर की सब्जी बनाकर तैयार करें। साथ के खट्टी-मीठी कद्दू की सब्जी भी बना सकते हैं। इसके अलावा भंडारे वाली खीर या हलवा भी जरूर शामिल करें। एक केला और नारियल के प्रसाद से थाली कंप्लीट करें।
बच्चों के पसंद वाली थाली बनाकर तैयार करें
कन्या भोज की थाली में पारंपरिक काले चने, हलवा और पूड़ी के प्रसाद के अलावा बच्चों की मनपसंद चीजें शामिल करना भी एक अच्छा आइडिया हो सकता है। इसके लिए आप छोटे रसगुल्ले, गुलाबजामुन और बेसन के लड्डू भी परोस सकते हैं। साथ में सेब, केला और संतरे जैसे मौसमी फल भी शामिल करें। इसके अलावा बच्चों को कुकीज या उनका मनपसंद स्नैक भी दिया जा सकता है।
(Images Credit- Pinterest)
SOURCE : LIVE HINDUSTAN


