Home LIFESTYLE NEWS HINDI Korean Cheese Bun: बासी नहीं, स्वादिष्ट बन जाएगा बचा हुआ पाव! ऐसे...

Korean Cheese Bun: बासी नहीं, स्वादिष्ट बन जाएगा बचा हुआ पाव! ऐसे बनाएं चीजी कोरियन बन

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

Cheesy Korean Bun: अगर घर में पाव बच गए हैं, तो उन्हें फेंकने की जरूरत नहीं। सिर्फ कुछ आसान चीजों की मदद से आप स्वाद से भरपूर चीजी कोरियन बन बना सकते हैं, जो बच्चों और बड़ों दोनों को खूब पसंद आएगा।

घर में बचा हुआ पाव अक्सर अगले दिन तक सूख जाता है और आखिर में कूड़ेदान में चला जाता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि उसी बचे हुए पाव से ऐसा स्वादिष्ट नाश्ता बनाया जा सकता है, जिसे देखकर हर कोई पूछेगा, ‘ये कहां से मंगाया?’ इन दिनों कोरियन खाने का चलन तेजी से बढ़ रहा है और चीज (Cheese) से भरे मुलायम बन लोगों की पहली पसंद बन चुके हैं।

अच्छी बात यह है कि इसके लिए आपको महंगी सामग्री या ज्यादा मेहनत की जरूरत नहीं है। सिर्फ बचे हुए पाव और कुछ आसान चीजों की मदद से आप घर पर ही स्वाद से भरपूर चीजी कोरियन बना सकते हैं। यह रेसिपी बच्चों के टिफिन, शाम की चाय या अचानक आए मेहमानों के लिए भी एकदम बढ़िया और झटपट बनने वाला नाश्ता है।

चीजी कोरियन बन बनाने के लिए सामग्री

बचे हुए पाव

एक कप कद्दूकस किया हुआ चीज

दो बड़े चम्मच मक्खन

तीन से चार लहसुन की कलियां (बारीक कटी हुई)

एक बड़ा चम्मच बारीक कटा हरा धनिया

एक छोटा चम्मच लाल मिर्च के टुकड़े

आधा छोटा चम्मच काली मिर्च

स्वादानुसार नमक

थोड़ा दूध

बनाने की विधि

  1. सबसे पहले मक्खन को हल्का गर्म करें। इसमें लहसुन, हरा धनिया, लाल मिर्च के टुकड़े, काली मिर्च और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें। अगर मिश्रण ज्यादा गाढ़ा लगे, तो थोड़ा-सा दूध मिला दें।
  2. अब हर पाव के ऊपर बीच में गहरा चीरा लगाएं, लेकिन उसे पूरी तरह अलग ना करें। तैयार मक्खन वाला मिश्रण पाव के अंदर अच्छी तरह लगाएं। इसके बाद भरपूर मात्रा में कद्दूकस किया हुआ चीज भर दें।
  3. अब सभी पाव को पहले से गर्म किए हुए ओवन या ढक्कन वाले तवे पर रखें। इन्हें तब तक पकाएं, जब तक चीज पूरी तरह पिघल ना जाए और पाव ऊपर से हल्के सुनहरे ना हो जाएं।
  4. सर्विंग का तरीका: गरम-गरम तैयार कोरियन बन को टमाटर की चटनी, तीखी चटनी या अपनी पसंद की किसी भी चटनी के साथ परोसें। ऊपर से थोड़ा हरा धनिया या चिली फ्लेक्स डालने से इसका स्वाद और भी बढ़ जाएगा।

क्यों पसंद आएगी यह रेसिपी?

  • बचे हुए पाव का बढ़िया इस्तेमाल: अगर घर में पाव बच गए हैं, तो यह रेसिपी उन्हें नया स्वाद देने का आसान तरीका है।
  • बहुत कम समय में तैयार: यह नाश्ता लगभग 15-20 मिनट में बनकर तैयार हो जाता है। जब जल्दी कुछ स्वादिष्ट बनाना हो, तब यह अच्छा विकल्प है।
  • बच्चों की पसंद: पिघला हुआ चीज और मक्खन का स्वाद बच्चों को बहुत पसंद आता है। इसलिए यह उनके टिफिन के लिए भी अच्छा विकल्प बन सकता है।
  • शाम की चाय का बढ़िया साथी: अगर रोज एक जैसा नाश्ता खाकर मन भर गया है, तो यह नई रेसिपी चाय के साथ खूब पसंद आएगी।

कुछ जरूरी टिप्स

  1. पाव बहुत ज्यादा सूखा हो, तो उस पर थोड़ा दूध लगा दें।
  2. अपनी पसंद के अनुसार सब्जियां या उबला हुआ मक्का भी भर सकते हैं।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN