Source :- LIVE HINDUSTAN
मुख्य बातें
- Layoffs: EA के पुनर्गठन के तहत कुल करीब 400 कर्मचारियों की नौकरियां जाने की बात कही गई है
- यह संख्या कंपनी के कुल कर्मचारियों की लगभग 3% है
- रिपोर्ट के मुताबिक, इस डील के बाद कंपनी पर करीब 18 अरब डॉलर का कर्ज है
गेमिंग इंडस्ट्री से बड़ी खबर है। ड्रैगन एज और मास इफेक्ट जैसी लोकप्रिय गेम फ्रेंचाइजी बनाने वाले BioWare स्टूडियो को Electronic Arts (EA) को बंद कर रही है। यानी EA का ‘खेल’ खत्म समझिए। कंपनी के इस फैसले से स्टूडियो के करीब 50 पद प्रभावित होंगे, जबकि EA के पुनर्गठन के तहत कुल करीब 400 कर्मचारियों की नौकरियां जाने की बात कही गई है। यह संख्या कंपनी के कुल कर्मचारियों की लगभग 3% है।
30 साल से ज्यादा पुराना सफर खत्म
बॉयोवेयर ने अपने ब्लॉग पोस्ट में इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि तीन दशक से ज्यादा समय तक गेमिंग की दुनिया में साझा रोमांचक सफर के बाद स्टूडियो बंद हो रहा है। इसके साथ ही अगली Mass Effect गेम के शुरुआती डेवलपमेंट का काम भी रोक दिया गया है।
EA के अधिकारियों कैम वेबर और डेविड टिनसन ने कर्मचारियों को भेजे गए इंटर्नल मेल में कहा कि कंपनी ने पिछले कुछ महीनों में अपने कारोबार की व्यापक समीक्षा की है। इसी प्रक्रिया के तहत बायोवेयर को बंद करने का फैसला लिया गया। इससे कनाडा के एडमंटन में स्थित स्टूडियो का कार्यस्थल भी बंद होगा।
Dragon Age गेम की कमजोर बिक्री बनी वजह
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के मुताबिक, BioWare की हालिया गेम Dragon Age: The Veilguard बिक्री के निर्धारित लक्ष्य हासिल नहीं कर पाई थी। इसके बाद EA ने पिछले साल भी स्टूडियो में बड़ी कटौती की थी। अब कंपनी ने अगली मास इफेक्ट गेम के शुरुआती काम को रोकने का फैसला किया है, जिसका सीधा असर स्टूडियो के भविष्य पर पड़ा।
55 अरब डॉलर के अधिग्रहण के बाद लागत घटाने पर जोर
ब्लूमबर्ग के अनुसार, EA अगस्त में करीब 55 अरब डॉलर के लीवरेज्ड बायआउट के जरिए निजी कंपनी बनी। इस सौदे में सऊदी अरब के पब्लिक इन्वेस्टमेंट फंड (PIF) की प्रमुख भूमिका रही। रिपोर्ट के मुताबिक, इस डील के बाद कंपनी पर करीब 18 अरब डॉलर का कर्ज है। कंपनी ने निवेशकों के सामने खर्च में 700 मिलियन डॉलर तक की बचत करने की योजना भी रखी थी। रिसर्च और डेवलपमेंट पर खर्च कम करना इस योजना का हिस्सा है।
अपेक्स लेजेंड्स और स्टार वॉर्स पर निवेश जारी
बॉयोवेयर बंद होने के बावजूद EA अपने दूसरे बड़े गेमिंग प्रोजेक्ट पर काम जारी रखेगी। कंपनी अपेक्स लेजेंड्स में निवेश बनाए रखेगी। इसके अलावा Marvel’s Iron Man और अगले Star Wars Jedi गेम पर भी काम जारी रहेगा। दूसरी ओर, EA स्पोर्ट्स एक ओपन-वर्ल्ड अमेरिकी फुटबॉल गेम प्रोजेक्ट Gridiron विकसित कर रहा है। कंपनी लंबे समय से प्रतीक्षित फाइट नाइट बॉक्सिंग फ्रेंचाइजी की वापसी पर भी काम कर रही है। यह प्रोजेक्ट फिलहाल प्री-प्रोडक्शन फेज में है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



