Home BUSINESS NEWS HINDI LIC ने किन कंपनियों में लगाया है आपका पैसा? केवल NSE के...

LIC ने किन कंपनियों में लगाया है आपका पैसा? केवल NSE के हैं 26.53 करोड़ शेयर

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

भारत की सबसे बड़ी बीमा कंपनी और शेयर मार्केट की सबसे बड़ी संस्थागत निवेशक, भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) की नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) में हिस्सेदारी अब उसकी पांचवीं सबसे बड़ी निवेश बनने जा रही है। बता दें एलआईसी आपका पैसा शेयर मार्केट में भी लगाती है।

मार्च 2026 तिमाही तक LIC के पास एनएसई के 26.53 करोड़ शेयर थे, जो कंपनी में 10.72 प्रतिशत हिस्सेदारी है। अगर एनएसई का शेयर भाव 2,100 रुपये मानें, तो यह निवेश करीब 56,105 करोड़ रुपये का बैठता है।

किस-किस कंपनी में कितना लगा है दांव पर

मनी कंट्रोल के मुताबिक लिस्टेड कंपनियों में LIC ने सबसे अधिक पैसा रिलायंस इंडस्ट्रीज में लगाया है। मार्च तिमाही में LIC के पास रिलायंस में 6.8 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। यह मौजूदा शेयर भाव 1,300 रुपये के हिसाब से करीब 1.18 लाख करोड़ रुपये की है।

दूसरा सबसे बड़ा निवेश स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) में है। LIC की 8.78 प्रतिशत हिस्सेदारी करीब 83,219 करोड़ रुपये की है। तीसरे नंबर पर लार्सन एंड टुब्रो (L&T) है, जिसमें 12.51 प्रतिशत हिस्सेदारी करीब 70,927 करोड़ रुपये की है।

चौथे स्थान पर ITC है, जहां LIC की 15.83 प्रतिशत हिस्सेदारी करीब 57,672 करोड़ रुपये की है। करीब 56,105 करोड़ रुपये के साथ एनएसई LIC की निवेश सूची में पांचवें स्थान पर होगा।

यह एचडीएफसी बैंक (49,738 करोड़), भारती एयरटेल (44,850 करोड़), इंफोसिस (44,871 करोड़), आईसीआईसीआई बैंक (44,220 करोड़) और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS – 41,846 करोड़) से आगे है। इसके अलावा, ONGC में LIC की 10.18 प्रतिशत हिस्सेदारी करीब 29,935 करोड़ रुपये की है।

किन शेयरों ने कराया नुकसान और किसने कराया फायदा

साल 2024 की शुरुआत से LIC के इन सबसे बड़े निवेशों का प्रदर्शन मिला-जुला रहा है। रिलायंस इंडस्ट्रीज करीब 2 प्रतिशत चढ़ी है, जबकि ITC करीब 38 प्रतिशत, इंफोसिस करीब 32 प्रतिशत और TCS करीब 44 प्रतिशत गिर गई है। एचडीएफसी बैंक 8 प्रतिशत गिरा है, वहीं L&T 20 प्रतिशत चढ़ा है।

SBI 62 प्रतिशत, भारती एयरटेल 89 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक 35 प्रतिशत और ONGC 20 प्रतिशत चढ़े हैं। इसकी तुलना में, प्राइम डेटाबेस के आंकड़ों के अनुसार, सेंसेक्स 6.3 प्रतिशत और निफ्टी 10.4 प्रतिशत चढ़ा है।

13.63 प्रतिशत कम हो गई निवेश की वैल्यू

प्राइम डेटाबेस के आंकड़ों से यह भी पता चला कि एनएसई पर लिस्टेड कंपनियों में LIC की मूल्य के हिसाब से हिस्सेदारी 31 मार्च, 2026 को घटकर 3.71 प्रतिशत रह गई, जो तीन महीने पहले 3.72 प्रतिशत थी। मूल्य के लिहाज से, मार्च 2026 के अंत में LIC का कुल निवेश 15.11 लाख करोड़ रुपये था, जो पिछली तिमाही से 13.63 प्रतिशत कम है।

सिर्फ फ्री-फ्लोट शेयरों को देखें तो LIC की हिस्सेदारी मार्च 2026 तिमाही में बढ़कर 7.42 प्रतिशत हो गई, जो पिछली तिमाही में 7.39 प्रतिशत थी। वहीं, सभी एनएसई-लिस्टेड कंपनियों में LIC की औसत हिस्सेदारी (शेयरों की संख्या के हिसाब से) इस दौरान 0.61 प्रतिशत पर स्थिर रही।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN