Home BUSINESS NEWS HINDI LPG Price: 1 जुलाई को राहत मिलेगी या आएगी आफत? कमर्शियल सिलेंडर...

LPG Price: 1 जुलाई को राहत मिलेगी या आएगी आफत? कमर्शियल सिलेंडर ₹1773 हुआ महंगा, घरेलू के भी दाम बढ़े

4
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

हमेशा की तरह महीने के पहले दिन एलपीजी सिलेंडर के रेट अपडेट होते हैं। विशेष परिस्थितियों में रेट एक ही महीने में कई बार घट या बढ़ सकते हैं, जैसा कि इस साल मार्च में दो बार एलपीजी सिलेंडर के रेट बढ़े थे। सबसे बड़ा सवाल यह नहीं है। बड़ा सवाल यह है कि क्या 1 जुलाई को एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में राहत मिलेगी या कोई आफत आएगी?

एलपीजी उपभोक्ताओं के मन में यह सवाल उठना लाजमी है, क्योंकि इस साल साल सबसे बड़ा झटका 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर उपभोक्ताओं को लगा है। इंडियन ऑयल की वेबसाइट पर दिए गए आंकड़ों के अनुसान पिछले छह महीनों में 19 किलो का नीला वाला एलपीजी सिलेंडर 1580.50 रुपये से ₹3,113.50 पर पहुंच गया। यानी सिलेंडर कुल 1533 रुपये महंगा हो गया और सप्लाई भी बंद हो गई।

इसका असर यह हुआ कि होटलों-ढाबों के मेन्यू में कटौती होने लगी और खाने-पीने की चीजें महंगी होती गई। नौबत तो यहां तक आ गई कि रेस्टोरेंट, ढाबे, ठेले, खोमचे भी बंद होने लगे। स्ट्रीट फूड की रौनक खत्म हो गई। हालांकि, अब सरकार ने कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई से बैन हटा लिया है।

इस साल किस महीने कितना बढ़ा गैस का दाम

दिल्ली में कमर्शियल सिलेंडर 1 दिसंबर 2025 में 1580.50 रुपये का था। जनवरी 2026 में यह 1691.50 रुपये और फरवरी में 1740.50 रुपये का हो गया। 28 फरवरी को ईरान-इजरायल और अमेरिका में युद्ध छिड़ने से दिक्कतें शुरू हो चुकी थीं। इसके बावजूद 1 मार्च 2026 को जब एलपीजी के नए रेट जारी हुए तो कमर्शियल सिलेंडर के दाम में महज 28 रुपये की वृद्धि हुई और यह 1768.50 रुपये पर पहुंच गए।

इसके बाद 7 मार्च को 114.50 रुपये का झटका लगा और 19 किलो वाला एलपीजी सिलेंडर दिल्ली में 1883 रुपये पर पहुंच गया। 1 अप्रैल 2026 को कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम 2078.50 रुपये पर पहुंच गए।

एक झटके में 993 रुपये की बढ़ोतरी

उधर 5 राज्यों में विधान सभा चुनाव खत्म हुए और इधर मई में बड़े-बड़े झटके लगने लगे। युद्ध का असर ऐसा हुआ कि मई में कमर्शियल सिलेंडर के दाम में ऐतिहासिक रूप से 993 रुपये की बढ़ोतरी हुई और दिल्ली में कीमत सीधे पहुंच गई 3071.50 रुपये पर। राहत तो 1 जून को भी नहीं मिली। इस दिन इसमें 42 रुपये का इजाफा हुआ और दिल्ली में 19 किलो वाला सिलेंडर 1 जून से ₹3,113.50 का हो गया है। आज 30 जून 2026 को भी इसी रेट पर मिल रहा है।

घरेलू सिलेंडर पर भी महंगाई की मार

घरेलू सिलेंडर के दाम करीब एक साल बाद बदले थे। 8 अप्रैल 2027 के बाद 7 मार्च 2026 को घरेलू सिलेंडर 60 रुपये महंगा हो गया। दिल्ली में इसकी कीमत 853 रुपए से 913 रुपए पर पहुंच गईं। ठीक 3 महीने बाद 7 जून को दाम 29 रुपए और बढ़ गए। यह सिलेंडर 942 रुपए का हो गया। यानी इस साल अब तक घरेलू LPG सिलेंडर 89 रुपए महंगा हो चुका है।

1 जुलाई 2026 को सिलेंडर महंगा होगा या सस्ता

एलपीजी सिलेंडर के दाम 1 जुलाई को बढ़ेंगे या घटेंगे, इस पर कुछ कहना अभी मुश्किल है। राहत की बात यह है कि ईरान-अमेरिका में शांति वार्ता चल रही है। युद्ध विराम जारी है और कच्चे तेल के दाम 126 डॉलर प्रति बैरल से गिरकर 72-73 डॉलर तक आ गए हैं। ऐसे में गैस के दाम बढ़ने के आसार कम हैं अलबत्ता कुछ राहत की उम्मीद की जा सकती है। बस 1 जुलाई तक इंतजार कीजिए।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN