Source :- LIVE HINDUSTAN
Microsoft के सामने आउटेज के बाद अब दूसरी समस्या आकर खड़ी हो गई है। खबर है कि अब हैकर्स माइक्रोसॉफ्ट आउटेज के नाम से लोगों को फर्जी ईमेल और नोटिफिकेशन भेज रहे हैं और इनमें मौजूद मलिशियस लिंक पर क्लिक करने के लिए उकसा रहे हैं।
Microsoft की मुसीबत खत्म होने का नाम नहीं ले रही है। माइक्रोसॉफ्ट अभी-अभी आउटेज से निपटा ही था कि एक और मुसीबत सामने आ खड़ी हुई है। अब कंपनी ने यूजर्स को हैकर्स द्वारा चलाए जा रहे एक फिशिंग कैंपेन के बारे में चेतावनी दी है। इसमें हैकर्स, हाल ही में हुए माइक्रोसॉफ्ट आउटेज के नाम पर लोगों को धोखा दे रहे हैं और उन्हें मलिशियस लिंक पर क्लिक करने के लिए उकसा रहे हैं।
कंपनी ने लोगों को किया अलर्ट
माइक्रोसॉफ्ट थ्रेट इंटेलिजेंस ने एक एक्स पोस्ट में बताया है कि हैकर्स अब माइक्रोसॉफ्ट सर्विस हेल्थ नोटिफिकेशन के नाम से लोगों को ईमेल भेजकर यह बता रहे हैं कि आउटेज के दौरान रोके गए ईमेल जल्द ही डिलीट हो सकते हैं। लेकिन असल बात यह है कि ये मैसेज माइक्रोसॉफ्ट की तरफ से नहीं भेजे गए हैं, बल्कि ये आउटेज का फायदा उठाने की कोशिश हैं। हैकर्स, आउटेज की आड़ में लोगों को मलिशियस लिंक पर क्लिक करने के लिए उकसा रहे हैं ताकि उनके सिस्टम में सेंध लगाई जा सके या उन्हें अपने जाल में फंसाया जा सके।
हैकर भेज रहे फर्जी नोटिफिकेशन
माइक्रोसॉफ्ट के अनुसार, कुछ फर्जी ईमेल मिले हैं, जिनमें यह दावा किया जा रहा है कि आउटेज के दौरान कुछ मैसेज रोक लिए गए थे। इनमें कहा जा रहा है कि अगर आप उन्हें वापस पाने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक नहीं करते हैं, तो 24 घंटे के अंदर वे मैसेज डिलीट हो जाएंगे। इससे लोग हड़बड़ा जाते हैं और असली-नकली की पहचान किए बिना ही लिंक पर क्लिक कर देते हैं।
इन ईमेल की सब्जेक्ट लाइन में “आउटेज – [छह अक्षरों का कोड]” का पैटर्न लिखा होता है। इन्हें भेजने वाले नाम भी कंपनी के सर्विस नोटिफिकेशन जैसे ही लगते हैं और इनमें “आउटेज नोटिफिकेशन” या “सर्विस हेल्थ” जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया जाता है, ताकि लोग इन्हें असली समझें।
माइक्रोसॉफ्ट ने इस कैंपेन से जुड़े तीन सेंडर डोमेन की पहचान भी की है, जैसे कि moments-notice.com, planetmaison.com और newbooker.com। इन ईमेल में प्राप्तकर्ता के लिए खास ‘सेंडग्रिड’ ट्रैकिंग लिंक दिए गए हैं, जो यूजर्स को reallifeaccounting.com पर रीडायरेक्ट करते हैं। इसमें एक संदिग्ध वेबपेज पाथ भी शामिल है, जो /themelist0.html पर खत्म होता है।
कई अमेरिकी कंपनियों को निशाना बनाया
इस कैंपेन ने अमेरिका में कई क्षेत्रों की कंपनियों को निशाना बनाया है। माइक्रोसॉफ्ट का कहना है कि यह लॉगिन डिटेल चुराने वाले फिशिंग हमले जैसा लगता है, हालांकि कंपनी ने इस बात की पुष्टि नहीं की है कि हैकर वाकई में लॉगिन डिटेल चुराने या मैलवेयर पहुंचाने में सफल रहे या नहीं।
माइक्रोसॉफ्ट ने सुरक्षा टीमों को सलाह दी है कि वे माइक्रोसॉफ्ट डिफेंडर फॉर ऑफिस 365 के थ्रेट एक्सप्लोरर और डिफेंडर एक्सडीआर के एडवांस्ड हंटिंग फीचर का इस्तेमाल करें। इनकी मदद से वे संदिग्ध मैसेज ढूंढ सकते हैं, उनमें छिपे लिंक की जांच कर सकते हैं और यह भी पता लगा सकते हैं कि कर्मचारियों ने उन लिंक पर क्लिक किया या नहीं।
कंपनी ने सेफ लिंक्स की भी बात कही है, जो सही तरीके से सेट किए जाने पर खतरनाक लिंक से सुरक्षा दे सकता है। कंपनियोंं को अपने सेफ लिंक्स की सेटिंग्स की जांच करनी चाहिए और देखना चाहिए कि कर्मचारियों ने संदिग्ध मैसेज पर कोई कार्रवाई तो नहीं की।
कंपनी ने लोगों को दी यह सलाह
माइक्रोसॉफ्ट की सलाह है कि, ईमेल रीस्टोर करने या कोई जरूरी कदम उठाने के लिए कहने वाले, अचानक आए इन ईमेल या नोटिफिकेशन पर भरोसा न करें। यूजर्स को संदिग्ध मैसेजों में दिए गए लिंक पर क्लिक करने के बजाय, सीधे माइक्रोसॉफ्ट 365 एडमिन सेंटर के जरिए सर्विस में आई रुकावटों की पुष्टि करनी चाहिए।
यह चेतावनी ऐसे समय में आई है जब साइबर अपराधी सच में आई समस्याओं का इस्तेमाल करके फिशिंग हमलों को असली जैसा दिखाने की कोशिश कर रहे हैं। इस केस में, माइक्रोसॉफ्ट की असली समस्या का फायदा उठाकर हमलावर खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बता रहे हैं।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN



