Home LIFESTYLE NEWS HINDI Nankhatai Recipe: मुंह में रखते ही घुल जाएगी ये नानखताई, इस रेसिपी...

Nankhatai Recipe: मुंह में रखते ही घुल जाएगी ये नानखताई, इस रेसिपी से बनाएं घर पर

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

चाय के साथ अगर कुछ पारंपरिक और स्वादिष्ट खाने का मन हो, तो नानखताई से बेहतर क्या हो सकता है। बाहर से कुरकुरी और अंदर से नरम यह मिठास भरी नानखताई अब आप घर पर भी आसानी से बना सकते हैं।

Traditional Nankhatai Recipe: नानखताई का नाम सुनते ही कई लोगों की बचपन की यादें ताजा हो जाती हैं। पहले मोहल्ले की छोटी बेकरी से आने वाली ताजी नानखताई की खुशबू पूरे घर में फैल जाती थी। चाय के साथ इसका स्वाद आज भी लोगों को खूब पसंद आता है। बाहर से हल्की कुरकुरी और अंदर से नरम नानखताई बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी की पसंदीदा होती है।

अच्छी बात यह है कि इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा चीजों की जरूरत नहीं पड़ती। अगर आप भी घर पर पुरानी बेकरी जैसा स्वाद पाना चाहते हैं, तो यह पारंपरिक नानखताई रेसिपी जरूर ट्राई करें। यकीन मानिए, इसकी खुशबू और स्वाद हर किसी का दिल जीत लेंगे।

नानखताई बनाने के लिए सामग्री

एक कटोरी मैदा

आधा कटोरी बेसन

आधा कटोरी सूजी

आधा कटोरी घी

तीन चौथाई कटोरी पिसी चीनी

आधा छोटा चम्मच इलायची पाउडर

एक चौथाई छोटा चम्मच बेकिंग पाउडर

एक चुटकी बेकिंग सोडा

सजाने के लिए पिस्ता या बादाम

ऐसे तैयार करें नानखताई का आटा

  • सबसे पहले एक बड़े बर्तन में घी और पिसी चीनी डालें।
  • इन्हें अच्छी तरह फेंट लें, ताकि मिश्रण हल्का और मुलायम हो जाए।
  • अब इसमें मैदा, बेसन और सूजी डालें।
  • इसके बाद इलायची पाउडर, बेकिंग पाउडर और बेकिंग सोडा भी मिला दें।
  • सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर नरम आटा तैयार कर लें।
  • अगर आटा ज्यादा सूखा लगे, तो थोड़ा घी और मिला सकते हैं।

ऐसे बनाएं नानखताई

तैयार आटे से छोटे-छोटे गोले बना लें। अब इन्हें हल्का दबाकर ऊपर से पिस्ता या बादाम लगा दें। उसके बाद एक बेकिंग ट्रे में इन्हें थोड़ी-थोड़ी दूरी पर रखें। पहले से गर्म किए गए ओवन में मध्यम तापमान पर लगभग 15-20 मिनट तक पकाएं। जब नानखताई हल्की सुनहरी हो जाए, तो इसे बाहर निकाल लें। ठंडी होने पर यह और ज्यादा कुरकुरी हो जाएगी।

स्वाद बढ़ाने के लिए जरूरी टिप्स

  1. घी की मात्रा सही रखें: नानखताई का असली स्वाद घी से आता है इसलिए घी की मात्रा बहुत कम ना करें।
  2. आटा ज्यादा ना गूंधें: आटे को हल्के हाथों से मिलाएं। ज्यादा गूंधने से नानखताई सख्त हो सकती है।
  3. इलायची जरूर डालें: इलायची नानखताई को पारंपरिक स्वाद और खुशबू देती है।

नानखताई को कितने दिन तक स्टोर कर सकते हैं?

नानखताई को सही तरीके से स्टोर किया जाए, तो यह दो से तीन हफ्ते तक आसानी से ताजा रह सकती है। इसे हमेशा एयरटाइट कंटेनर में रखें, नमी से बचाकर रखने पर नानखताई लंबे समय तक हल्की करारी भी बनी रहती है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN