Source :- LIVE HINDUSTAN
नवरात्रि के व्रत में साबुदाना खिचड़ी सबसे हल्का-फुल्का फलाहार लगता है लेकिन जब कभी साबुदाना भिगोना भूल जाएं तो बना लें टेस्टी और हेल्दी साबुदाना बॉल्स, जिसे तलने की भी जरूरत नहीं और साबुदाने को भिगोना भी नहीं पड़ता, नोट कर लें रेसिपी।
नवरात्रि के नौ दिनों का व्रत कर रहीं या फिर केवल पहले दिन का उपवास है। फलाहार में कुछ टेस्टी और हल्का फुल्का खाने का मन है तो साबुदाने की खिचड़ी तो सभी बनाते हैं। लेकिन अगर आप सुबह पूजा के कारण साबुदाना भिगोना भूल गये तो ये रेसिपी बिल्कुल परफेक्ट है। साबुदाने को भिगोए बगैर और बगैर घी में तले टेस्टी साबुदाना बॉल्स तैयार करें। जो हरी चटनी के साथ चटपटा टेस्ट देते हैं। बनाने में आसान और खाने में मजेदार इस साबुदाना बॉल्स की रेसिपी को नोट कर लें।
साबुदाना बॉल्स बनाने की सामग्री
250 ग्राम साबुदाना
ताजी कटी हरी धनिया
मूंगफली एक कप
सेंधा नमक स्वादानुसार
एक चम्मच देसी घी
पानी आवश्यकतानुसार
हरी चटनी बनाने के लिए
हरी धनिया के पत्ते
हरी मिर्च
जीरा
पुदीना के पत्ते
साबुदाना बॉल्स बनाने की रेसिपी
- साबुदाना भिगोना भूल गए और घर वालों को तला हुआ खाना पसंद नहीं तो बस इस साबुदाना बॉल्स को बनाकर तैयार करें।
- इसे बनाने के लिए पहले साबुदाना को मिक्सी के जार में पीसकर पाउडर बना लें। अगर पाउडर पूरी तरह से महीन नहीं हो रहा तो टेंशन ना लें। या फिर साबुदाना पीसने से पहले कड़ाही में हल्का गर्म करें। जब ये गर्म हो जाए तो गैस बंद कर पांच मिनट रुक जाएं और फिर पीसकर पाउडर बना लें।
- अब इस पाउडर को किसी बर्तन में निकालें और इसमे स्वादानुसार सेंधा नमक डालें। साथ ही ताजी कटी हरी धनिया और थोड़ा सा जीरा कूटकर मिला दें।
- अदरक पसंद हो तो अदरक और हरी मिर्च को बारीक काटकर डाल दें। जिससे इसका फ्लेवर बढ़ जाए।
- इन सारी सामग्री में से जो आपके घर फलाहारा में नहीं खाते उसे स्किप कर दें।
- बस अब साबुदाने के पाउडर में एक चम्मच देसी घी डालें और सारी चीजों को मिक्स कर लें।
- फिर पानी डालकर आटा की तरह गूंथ लें। ध्यान रहे कि ये इतना टाइट आटा हो कि बॉल्स बनकर तैयार हो जाएं।
- बॉल्स बनाते वक्त हाथों पर हल्का सा घी लगा लें, जिससे ये चिपके नहीं।
- जितनी देर में बॉल्स बना रहे भगोने में पानी गर्म करें और ऊपर स्टीमर रखें।
- बॉल्स बनाकर स्टीमर में घी की ग्रीसिंग करके रख दें।
- पांच मिनट में सारे बॉल्स पककर ट्रांसपैरेंट दिखने लगें।
- अब एक पैन लेकर उसमे घी गर्म करें। घी के गर्म होते ही जीरा चटकाएं और साथ में हरी मिर्च भी स्वादानुसार डाल दें।
- फिर तैयार साबुदाने के बॉल्स को डालें और अच्छी तरह से मिक्स करें।
- ऊपर से फ्रेश कटी हरी धनिया के पत्ते और रोस्टेड मूंगफली को हल्का सा दरदरा करके डालें।
- बस सारी चीजों को मिक्स करें और रेडी है टेस्टी बिना साबुदाने को भिगोए और तले फलाहारी नाश्ता।
- हरी चटनी बनाने के लिए मिक्सी के जार में धनिया के पत्तों को डंठल सहित डालें। साथ में थोड़ी सी भुनी मूंगफली डालें, जिससे चटनी गाढ़ी बनकर तैयार हो। अब हरी मिर्च, चुटकीभर जीरा, स्वादानुसार सेंधा नमक डालकर पीस लें। बस रेडी है चटपटी तीखी हरी चटनी, इसका फ्लेवर बढ़ाने के लिए नींबू का रस और हरी मिर्च बढ़ा सकते हैं।
- और गर्मागर्म साबुदाने की बॉल्स के साथ सर्व करें।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN


