Home rss business hindi एक साल में 20% उछलेगा निफ्टी इंडेक्स? दिग्गज ब्रोकरेज को है कॉन्फिडेंस

एक साल में 20% उछलेगा निफ्टी इंडेक्स? दिग्गज ब्रोकरेज को है कॉन्फिडेंस

2
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • एमके ग्लोबल फाइनेंशियल सर्विसेज को बाजार में रिकवरी की उम्मीद है क्योंकि मजबूत कॉर्पोरेट कमाई, उचित वैल्यूएशन और मजबूत घरेलू फंडामेंटल बाजार को सहारा दे रहे हैं
  • निफ्टी, सितंबर 2027 तक 20% बढ़कर 27,000 अंक तक पहुंच सकता है

बीते सप्ताह शेयर बाजार के इंडेक्स निफ्टी ने 52 हफ्ते के लो को टच किया था लेकिन फ्यूचर में बड़े उछाल का अनुमान है। ब्रोकरेज एमके ग्लोबल फाइनेंशियल सर्विसेज के अनुसार निफ्टी, सितंबर 2027 तक 20% बढ़कर 27,000 अंक तक पहुंच सकता है। अभी के हिसाब से निफ्टी में 4400 अंक से ज्यादा बढ़ोतरी हो सकती है। आइए जानते हैं कि ब्रोकरेज को आखिर निफ्टी में उछाल की उम्मीद क्यों है?

निफ्टी का परफॉर्मेंस

बीते गुरुवार को बाजार में भारी बिकवाली के कारण इंडेक्स निफ्टी ने 52 हफ्ते के लो को टच किया था। यह इंडेक्स इंट्रा-डे में 22,179.90 अंक के निचले स्तर तक आ गया। हालांकि, शुक्रवार को इस इंडेक्स में रिकवरी आई और एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी भी 288.65 अंक यानी 1.30 प्रतिशत बढ़कर 22,520.45 अंक पर बंद हुआ। शुक्रवार को आई इस रिकवरी के बावजूद, निफ्टी 50 में लगातार आठ हफ्तों तक गिरावट देखी गई और इस दौरान यह 8.7% नीचे आया।

क्यों है ब्रोकरेज को उम्मीद?

एमके ग्लोबल फाइनेंशियल सर्विसेज को बाजार में रिकवरी की उम्मीद है क्योंकि मजबूत कॉर्पोरेट कमाई, उचित वैल्यूएशन और मजबूत घरेलू फंडामेंटल बाजार को सहारा दे रहे हैं। ब्रोकरेज ने निफ्टी 50 के लिए सितंबर 2027 तक 27000 अंक का लक्ष्य रखा है। इसका मतलब है कि एक साल की अनुमानित कमाई के 18.8 गुना वैल्यूएशन पर लगभग 20% की बढ़त की संभावना है। अगर अंकों में बात करें तो 4400 अंक से ज्यादा की बढ़त को दिखाता है। ब्रोकरेज ने कहा कि वैश्विक चुनौतियों के बावजूद कॉर्पोरेट कमाई मजबूत बनी हुई है।

एमके को उम्मीद है कि सितंबर तिमाही में कमाई में अच्छी बढ़ोतरी होगी, भले ही भू-राजनीतिक तनाव, व्यापार को लेकर अनिश्चितता और विकसित बाजारों में बॉन्ड यील्ड का बढ़ना निवेशकों की धारणा पर असर डाल रहा हो। ब्रोकरेज का अनुमान है कि उसके कवरेज के तहत आने वाली कंपनियां Q2 FY27 में साल-दर-साल 24.8% रेवेन्यू ग्रोथ और 21.5% एडजस्टेड प्रॉफिट ग्रोथ दर्ज करेंगी। रेवेन्यू ग्रोथ में एनर्जी, यूटिलिटीज और ऑटोमोबाइल सेक्टर के आगे रहने की उम्मीद है। बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विसेज और इंश्योरेंस (BFSI) को छोड़कर निफ्टी 50 के लिए, एमके को उम्मीद है कि रेवेन्यू में साल-दर-साल 28% की बढ़ोतरी होगी और टैक्स के बाद मुनाफे (PAT) में 21.6% की वृद्धि होगी।

वैल्यूएशन में सुधार

एमके के अनुसार हाल ही में बाजार में आई गिरावट से वैल्यूएशन अपने ऐतिहासिक औसत से नीचे आ गए हैं, जिससे निवेशकों को निवेश शुरू करने का बेहतर मौका मिल रहा है। वैल्यूएशन में सुधार और कमाई में संभावित बढ़ोतरी के कारण ब्रोकरेज का इक्विटी को लेकर नजरिया सकारात्मक बना हुआ है। FY27 और FY28 के लिए एमके को उम्मीद है कि निफ्टी की प्रति शेयर कमाई (EPS) में क्रमशः 17.9% और 13.6% की बढ़ोतरी होगी। उसका मानना ​​है कि जैसे-जैसे निवेशकों का भरोसा कमाई के आंकड़ों पर बढ़ेगा और मैक्रो-इकोनॉमिक हालात बेहतर होंगे, बाजार में सुधार आ सकता है। एमके का मानना ​​है कि मुश्किल ग्लोबल माहौल के बावजूद भारत के आर्थिक और कॉर्पोरेट फंडामेंटल्स मजबूत बने हुए हैं।

एमके ने चेतावनी दी कि मैक्रो-इकोनॉमिक चुनौतियां बाजार में सुधार की प्रक्रिया को धीमा कर सकती हैं। एमके ने यह भी चेतावनी दी है कि FY27 की दूसरी छमाही में कमाई में बढ़ोतरी के सामने चुनौतियां आ सकती हैं, क्योंकि कंपनियों को मुश्किल बेस, वेस्ट एशिया में संघर्ष के देर से पड़ने वाले असर और सख्त मॉनेटरी स्थितियों का सामना करना पड़ सकता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN