Source :- LIVE HINDUSTAN
अगर आप रिटायरमेंट के लिए नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) में निवेश करने की योजना बना रहे हैं, तो आपके लिए बड़ी खुशखबरी है। पेंशन फंड रेगुलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (PFRDA- Pension Fund Regulatory and Development Authority) ने NPS में शामिल होने की प्रक्रिया को पहले से कहीं ज्यादा आसान और तेज बनाने के लिए नया डिजिटल प्लेटफॉर्म StAR NPS लॉन्च किया है। इस प्लेटफॉर्म की मदद से अब NPS सब्सक्राइबर्स का ऑनबोर्डिंग पूरी तरह डिजिटल तरीके से किया जा सकेगा। आइए जरा विस्तार से इसकी डिटेल्स जानते हैं।
PFRDA (Pension Fund Regulatory and Development Authority) द्वारा 4 जून 2026 को लॉन्च किया गया। यह प्लेटफॉर्म BTPL (BSE Technologies Private Limited) द्वारा विकसित किया गया है। इसका उद्देश्य NPS में निवेश करने वाले लोगों को आसान, सुरक्षित और फास्ट डिजिटल एक्सपीरियंस प्रदान करना है। फिलहाल, इस प्लेटफॉर्म को PoPs (Points of Presence) और उनके अथॉराइज्ड एजेंटों के उपयोग के लिए शुरू किया गया है।
क्या है StAR NPS प्लेटफॉर्म?
StAR NPS एक टेक्नोलॉजी आधारित डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसके जरिए NPS में रजिस्ट्रेशन की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन पूरी की जा सकती है। इसमें ग्राहक की जानकारी इलेक्ट्रॉनिक रूप से ली जाती है और KYC सत्यापन CKYC या DigiLocker के माध्यम से किया जाता है। इससे कागजी दस्तावेजों की जरूरत काफी कम हो जाती है और प्रक्रिया तेज हो जाती है।
कैसे होगा रजिस्ट्रेशन?
इस प्लेटफॉर्म पर सबसे पहले ग्राहक की जानकारी ऑनलाइन दर्ज की जाएगी। इसके बाद CKYC या DigiLocker के जरिए KYC वेरिफिकेशन पूरा होगा। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ग्राहक अपनी पहली NPS किस्त जमा करेगा। यह राशि सीधे ट्रस्टी बैंक (Trustee Bank) में जाएगी और भुगतान की पुष्टि होते ही CRA सिस्टम के जरिए PRAN (Permanent Retirement Account Number) जेनरेट हो जाएगा।
कितनी होगी फीस?
StAR NPS के जरिए NPS अकाउंट खोलने के लिए 200 रुपये और लागू टैक्स का भुगतान करना होगा। हालांकि, प्लेटफॉर्म के उपयोग से जुड़ी अन्य फीस संबंधित PoP द्वारा वहन की जाएगी।
निवेशकों को क्या मिलेगा फायदा?
इस नए सिस्टम की सबसे बड़ी खासियत यह है कि निवेशकों को अपने पसंदीदा पेंशन फंड मैनेजर (Pension Fund Manager), इंवेस्टमेंट ऑप्शन (Investment Option) और असेट एलोकेशन (Asset Allocation) चुनने की पूरी स्वतंत्रता मिलेगी, यानी डिजिटल प्रक्रिया होने के बावजूद निवेशक अपने निवेश संबंधी फैसले खुद ले सकेंगे।
फिलहाल कौन-कौन सी सेवाएं मिलेंगी?
स्टार NPS प्लेटफॉर्म के जरिए अभी 3 प्रमुख सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
– नए NPS खातों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन
-रजिस्ट्रेशन के समय पहली किस्त जमा करना
-खाता खुलने के बाद आगे की NPS योगदान राशि जमा करना
कौन कर सकता है उपयोग?
फिलहाल यह सुविधा केवल भारतीय निवासियों के लिए उपलब्ध है। इसके तहत 18 वर्ष से 85 वर्ष तक की आयु के लोग NPS में शामिल हो सकते हैं।
रिटायरमेंट प्लानिंग को मिलेगा बढ़ावा
एक्सपर्ट का मानना है कि StAR NPS प्लेटफॉर्म NPS में भागीदारी बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। डिजिटल ऑनबोर्डिंग, फास्ट KYC प्रॉसेस और आसान PRAN जेनरेशन के कारण अब अधिक लोग रिटायरमेंट के लिए निवेश करने की ओर आकर्षित हो सकते हैं। PFRDA का यह कदम भारत में डिजिटल फाइनेंशियल सर्विसेज और पेंशन कवरेज को मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN







