Home BUSINESS NEWS HINDI NPS वालों की मौज! अब पेंशन के साथ मिलेगा हेल्थ इंश्योरेंस, सरकार...

NPS वालों की मौज! अब पेंशन के साथ मिलेगा हेल्थ इंश्योरेंस, सरकार ला रही ये नई योजना

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

अगर आप नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) में निवेश करते हैं, तो आपके लिए जल्द ही एक बड़ा फायदा मिलने वाला है। पेंशन फंड रेगुलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (PFRDA) अगले 60 से 70 दिनों के भीतर NPS Swasthya नाम से एक नई योजना लॉन्च करने जा रही है। इस योजना का उद्देश्य केवल रिटायरमेंट के लिए बचत करना नहीं, बल्कि गंभीर बीमारी के समय आर्थिक सुरक्षा भी देना है, यानी अब NPS निवेशकों को पेंशन के साथ-साथ हेल्थ इंश्योरेंस का अतिरिक्त लाभ भी मिलेगा। आइए जरा विस्तार से इसकी डिटेल्स जानते हैं।

PFRDA के चेयरमैन एस. रामन ने जानकारी दी कि इस नई योजना को बोर्ड से मंजूरी मिल चुकी है और जल्द ही इसका विस्तृत संचालन ढांचा (SOP) जारी किया जाएगा। शुरुआत में इस योजना के लिए आदित्य बिड़ला हेल्थ इंश्योरेंस (Aditya Birla Health Insurance) के साथ प्रूफ ऑफ कॉन्सेप्ट (PoC) तैयार किया गया है। हालांकि, लॉन्च के बाद इसमें कई सरकारी और निजी स्वास्थ्य बीमा कंपनियों को भी शामिल किया जाएगा, ताकि ग्राहकों को अधिक विकल्प मिल सकें।

इस योजना की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि इसमें पेंशन बचत और हेल्थ इंश्योरेंस को एक साथ जोड़ा जाएगा। पेंशन फंड मैनेजर अलग-अलग बीमा कंपनियों के साथ समझौता करेंगे और NPS ग्राहकों को ग्रुप टॉप-अप हेल्थ इंश्योरेंस उपलब्ध कराएंगे। ग्रुप इंश्योरेंस होने के कारण प्रीमियम भी सामान्य व्यक्तिगत हेल्थ इंश्योरेंस की तुलना में कम रहने की संभावना है।

NPS Swasthya कैसे काम करेगा?

इस योजना के तहत आपके NPS योगदान का एक हिस्सा हेल्थ सेविंग्स अकाउंट में जमा होगा, जबकि दूसरा हिस्सा ग्रुप टॉप-अप हेल्थ इंश्योरेंस का प्रीमियम भरने में इस्तेमाल किया जाएगा। अगर भविष्य में किसी सदस्य को अस्पताल में भर्ती होना पड़ता है, तो सबसे पहले इलाज का प्रारंभिक खर्च हेल्थ सेविंग्स अकाउंट से दिया जाएगा। इसके बाद अगर खर्च ज्यादा होता है, तो टॉप-अप हेल्थ इंश्योरेंस कंपनी बाकी एलिजिबल अमाउंट का भुगतान करेगी। इससे गंभीर बीमारी के समय जेब पर पड़ने वाला भारी आर्थिक बोझ काफी कम हो सकता है।

PFRDA का कहना है कि भारत में आयुष्मान भारत जैसी सरकारी योजनाएं पहले से मौजूद हैं, लेकिन हर व्यक्ति इन योजनाओं का लाभ नहीं ले पाता। वहीं, कई राज्यों की अपनी स्वास्थ्य योजनाएं भी हैं। ऐसे में NPS Swasthya एक ऐसी व्यवस्था होगी, जो सरकारी सब्सिडी पर निर्भर नहीं रहेगी और लोगों को खुद की बचत के जरिए स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराएगी।

एस. रामन ने कहा कि भारत में सबसे बड़ी समस्या तब आती है, जब किसी परिवार पर अचानक कोई गंभीर बीमारी या बड़ी सर्जरी का खर्च आ जाता है। कई बार इलाज के लिए लोगों को अपनी जमा पूंजी खत्म करनी पड़ती है या कर्ज लेना पड़ता है। NPS Swasthya का उद्देश्य ऐसी स्थिति से बचाना है, ताकि लोगों के पास पहले से स्वास्थ्य के लिए अलग फंड मौजूद रहे और बाकी खर्च बीमा कंपनी संभाल सके।

इस योजना को लागू करने में लगभग 60 से 70 दिन का समय लगेगा। इस दौरान पेंशन फंड मैनेजर बीमा कंपनियों के साथ साझेदारी करेंगे और सेंट्रल रिकॉर्डकीपिंग एजेंसीज (Central Recordkeeping Agencies -CRA) के सिस्टम में तकनीकी बदलाव किए जाएंगे। इसके बाद NPS ग्राहकों को यह सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी।

एक्सपर्ट का मानना है कि अगर यह योजना सफल रहती है, तो यह भारत के रिटायरमेंट प्लानिंग सेक्टर में बड़ा बदलाव ला सकती है। अब तक NPS को केवल पेंशन बचत के रूप में देखा जाता था, लेकिन NPS Swasthya के आने के बाद यह रिटायरमेंट और हेल्थ सिक्योरिटी दोनों का एक मजबूत प्लेटफॉर्म बन सकता है। इससे लाखों NPS निवेशकों को भविष्य में न केवल आर्थिक सुरक्षा मिलेगी, बल्कि महंगे इलाज की चिंता भी काफी हद तक कम हो सकेगी।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN