Home rss business hindi NSE IPO में 15 लाख शेयर बेचेगा यह सरकारी बैंक, अभी से...

NSE IPO में 15 लाख शेयर बेचेगा यह सरकारी बैंक, अभी से ग्रे मार्केट में मचा है तहलका

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

NSE IPO: नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया (NSE) के आईपीओ में कई बड़े शेयरधारक हिस्सेदारी बेचने वाले हैं। इनमें से एक पब्लिक सेक्टर का इंडियन बैंक भी है। इंडियन बैंक ऑफर फॉर सेल (OFS) के जरिए NSE के 15 लाख तक इक्विटी शेयर बेचने की योजना बना रहा है। बैंक ने बुधवार को स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में इसकी जानकारी दी। बता दें कि एनएसई आईपीओ के इश्यू प्राइस का ऐलान अभी नहीं हुआ है और ना ही लॉन्चिंग डेट तय है। इससे पहले, ग्रे मार्केट में इस आईपीओ का प्रीमियम जबरदस्त है। आईपीओवॉच की वेबसाइट के मुताबिक प्रीमियम ₹255 दिख रहा है।

17.91% हिस्सेदारी के बराबर शेयर

बैंक के मुताबिक प्रस्तावित बिक्री उसके NSE में कुल शेयरों में से करीब 17.91 फीसदी हिस्सेदारी के बराबर है। हालांकि, यह पूरी प्रक्रिया जरूरी नियामकीय मंजूरियों पर निर्भर करेगी। OFS प्रक्रिया के तहत प्रस्तावित लेनदेन के लिए सहमति पत्र 9 सितंबर 2026 को निष्पादित किया गया है और बिक्री सितंबर के अंत तक पूरी होने की उम्मीद है। बता दें कि इंडियन बैंक को वित्त वर्ष 2026 के लिए NSE से 29.32 करोड़ रुपये का डिविडेंड मिला था। अब बैंक NSE आईपीओ के जरिए अपनी हिस्सेदारी का एक हिस्सा बेचकर निवेश को भुनाने की तैयारी में है।

ये बड़े निवेशक भी बेच रहे हिस्सेदारी

इस बीच, NSE के दूसरे शेयरहोल्डर भी प्रस्तावित IPO के तहत अपनी हिस्सेदारी कम करने की योजना बना रहे हैं। इनमें द न्यू इंडिया एश्योरेंस कंपनी शामिल है। इस कंपनी ने बुधवार को कहा कि वह प्रस्तावित आईपीओ के जरिए NSE के 1.05 करोड़ शेयर बेचेगी। यह प्रस्तावित बिक्री NSE में कंपनी की कुल हिस्सेदारी का 29.83% है। इसी तरह, बैंक ऑफ बड़ौदा ने बताया कि वह 76.90 लाख इक्विटी शेयर तक बेचने की योजना बना रहा है, जो NSE में उसकी हिस्सेदारी का 35% है।

आईपीओ का घट सकता है साइज

जानकारों के मुताबिक नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के आईपीओ का आकार घटकर 25,000-27,000 करोड़ रुपये रह सकता है। मामले की जानकारी रखने वाले लोगों ने बुधवार को बताया कि कुछ शेयरधारकों के बिक्री से पीछे हटने के कारण पहले प्रस्तावित छह प्रतिशत के मुकाबले ऑफर फॉर सेल का आकार घटकर 5.2-5.5 प्रतिशत रह सकता है।

ऑफर फॉर सेल का आकार घटने से कुल इश्यू का आकार पहले अनुमानित 30,000 करोड़ रुपये के मुकाबले घटकर 25,000-27,000 करोड़ रुपये रह सकता है। इस आकार के साथ एनएसई भारत के अबतक के सबसे बड़े आईपीओ का रिकॉर्ड बनाने से पीछे रह सकता है। फिलहाल हुंडई मोटर इंडिया का 27,870 करोड़ रुपये का आईपीओ अबतक का सबसे बड़ा इश्यू है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN