Source :- LIVE HINDUSTAN

न्यू इंडिया एश्योरेंस कंपनी लिमिटेड (NIACL) के शेयर गुरुवार को बाजार खुलते ही झूम उठे हैं। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) ने अपने 30000 करोड़ रुपये के प्रस्तावित आईपीओ के लिए बाजार नियामक संस्था सेबी के पास ड्राफ्ट पेपर्स फाइल कर दिए हैं। इसी के बाद न्यू इंडिया एश्योरेंस के शेयरों में यह तूफानी तेजी आई है। कंपनी के शेयर गुरुवार को BSE में 13 पर्सेंट से अधिक के उछाल के साथ 188.50 रुपये पर जा पहुंचे हैं। कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 214.75 रुपये है।

1 करोड़ से ज्यादा शेयर बेचेगी न्यू इंडिया एश्योरेंस
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) के ड्रॉफ्ट रेड हेयरिंग प्रॉस्पेक्ट्स (DRHP) के मुताबिक, न्यू इंडिया एश्योरेंस कंपनी लिमिटेड (NIACL) आईपीओ में अपनी हिस्सेदारी बेचने वाले शेयरधारकों में से है। न्यू इंडिया एश्योरेंस ऑफर फॉर सेल के जरिए 1 रुपये फेस वैल्यू वाले 1.05 करोड़ रुपये बेचेगी। इंश्योरेंस कंपनी के लिए प्रत्येक शेयर की वैटिड एवरेज कॉस्ट ऑफ एक्विजिशन 0.32 रुपये है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ने बुधवार को अपने बहुप्रतीक्षित आईपीओ के लिए मार्केट रेगुलेटर सेबी के पास प्रीलिमनरी पेपर्स जमा कर दिए हैं। एनएसई के आईपीओ का साइज करीब 30,000 करोड़ रुपये का है। इंडियन स्टॉक मार्केट के इतिहास में यह शेयर सेल सबसे बड़ा पब्लिक इश्यू होगा।

NSE में करीब 6% हिस्सेदारी बेचेंगे मौजूदा शेयरधारक
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का पब्लिक इश्यू पूरी तरह से 14.89 करोड़ शेयरों का ऑफर फॉर सेल होगा। मौजूदा शेयरधारक एक्सचेंज में संयुक्त रूप से करीब 6 पर्सेंट हिस्सेदारी बेचेंगे। NSE के इस प्रस्तावित आईपीओ से सरकारी बैंकों, इंश्योरेंस कंपनियों और लंबी अवधि से निवेश बनाए रखने वाले कई इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स को फायदा होगा। मौजूदा निवेशकों ने कई सालों पहले बहुत कम दाम पर एक्सचेंज में हिस्सेदारी खरीदी थी।

जनरल इंश्योरेंस कॉरपोरेशन बेचेगा 1.066 करोड़ शेयर
जनरल इंश्योरेंस कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज में 1.066 करोड़ तक शेयर बेचेगा। जनरल इंश्योरेंस कॉरपोरेशन ने 5.26 रुपये प्रति शेयर के दाम पर एक्सचेंज के शेयर खरीदे थे। न्यू इंडिया एश्योरेंस कंपनी, नेशनल इंश्योरेंस कंपनी, युनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी और द ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी ने भी 1 रुपये प्रति शेयर से कम पर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज में हिस्सेदारी खरीदी थी। यह कंपनी आईपीओ के जरिए एक्सचेंज में अपनी थोड़ी-थोड़ी हिस्सेदारी बेच रही हैं। NSE में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की 3.23 पर्सेंट हिस्सेदारी है। वहीं, बैंक की सब्सिडियरी SBI कैपिटल मार्केट्स की एक्सचेंज में 4.33 पर्सेंट हिस्सेदारी है। स्टॉक होल्डिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया की नेशनल स्टॉक एक्सचेंज में 4.44 पर्सेंट हिस्सेदारी है। अगर टॉप-सेलिंग शेयरहोल्डर्स की बात करें तो स्टेट बैंक ऑफ इंडिया 2.48 करोड़ तक शेयर बेचेगी। वहीं, एमएस स्ट्रैटेजिक (मॉरीशस) लिमिटेड 1.60 करोड़ शेयर बेचेगी।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN