Source :- LIVE HINDUSTAN
NSE IPO News: एनएसई आईपीओ की तेज होती प्रक्रिया की वजह से IFCI ltd के शेयरों में बड़ी उछाल देखने को मिली है। कंपनी के शेयरों की कीमतों में आज सोमवार को 8 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। इस उछाल के बाद बीएसई में इस सरकारी कंपनी का शेयर 52 वीक हाई पर पहुंच गया। इससे पहले शुक्रवार को आईएफसीआई लिमिटेड के शेयरों में उछाल दर्ज की गई थी। तब कंपनी के शेयरों का भाव 20 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली है।
बीएसई में कंपनी के शेयर बढ़त के साथ 87.80 रुपये के स्तर पर खुला था। दिन में कंपनी के शेयरों का भाव 91.36 रुपये के इंट्रा-डे हाई पर पहुंच गया है। बाजार के बंद होने के समय पर स्टॉक का दाम 89.52 रुपये के स्तर पर था।
NSE IPO से क्या है कनेक्शन?
इस पीएसयू एनबीएफसी की एसएचसीआईएल में कुल 52 प्रतिशत हिस्सेदारी है। एसएचसीआईएल की एनएसई में 4.4 प्रतिशत हिस्सेदारी है। ऐसे में एनएसई के आईपीओ के आने से इस कंपनी को अप्रत्यक्ष तौर पर फायदा होगा। बता दें, आईपीओ की जानकारी जबसे सामने आई है तब से कंपनी के शेयरों की कीमतों में 69 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली है।
लॉन्ग टर्म में कंपनी ने दिया है मोटा रिटर्न
IFCI ltd के शेयरों की कीमतों में एक साल में 45 प्रतिशत की तेजी देखने को मिली है। वहीं, दो साल में यह स्टॉक 38 प्रतिशत बढ़ा है। तीन साल से शेयरों को होल्ड करने वाले निवेशकों को अबतक 652 प्रतिशत का फायदा हो चुका है। बता दें, 5 साल में IFCI ltd के शेयरों का दाम 564 प्रतिशत बढ़ा है।
आज या कल में आईपीओ के लिए आवेदन कर सकता है एनएसई
सूत्रों के अनुसार, एनएसई 15 या 16 जून को भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के पास आईपीओ के लिए शुरुआती दस्तावेज दाखिल कर सकता है। एनएसई के निदेशक मंडल ने छह फरवरी को प्रस्तावित आईपीओ को मंजूरी दी थी। यह मंजूरी सेबी से अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) मिलने के बाद दी गई थी।
सूत्रों के मुताबिक, यह आईपीओ पूरी तरह बिक्री पेशकश (ओएफएस) पर आधारित होगा, यानी इसमें देश के सबसे बड़े स्टॉक एक्सचेंज की ओर से कोई नया शेयर जारी नहीं किया जाएगा। मौजूदा शेयरधारक अपनी हिस्सेदारी बेचेंगे।
देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) 10.72 प्रतिशत हिस्सेदारी के साथ एनएसई की सबसे बड़ी शेयरधारक है। वहीं भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) और उसकी सब्सिडियरी एसबीआई कैपिटल मार्केट्स की संयुक्त हिस्सेदारी करीब 7.5 प्रतिशत है।
(भाषा के इनपुट के साथ)
(यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें।)
SOURCE : LIVE HINDUSTAN







