Source :- LIVE HINDUSTAN
OnePlus ने अमेरिका और यूरोप के कई प्रमुख मार्केट्स में नए स्मार्टफोन लॉन्च रोक दिए हैं। वेबसाइट पर कई मॉडल आउट ऑफ स्टॉक हैं।
OnePlus कभी ‘फ्लैगशिप किलर’ स्मार्टफोन ब्रैंड के रूप में जाना जाता था, लेकिन अब कंपनी की ग्लोबल स्ट्रेटजी में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है। नई रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका और यूरोप जैसे कई प्रमुख मार्केट्स में OnePlus के स्मार्टफोन लगभग पूरी तरह खत्म हो चुके हैं। कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर कई मॉडल ‘Out of Stock’ दिख रहे हैं और फिलहाल उनके दोबारा उपलब्ध होने के संकेत भी नहीं मिले हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक, यह केवल अस्थायी स्टॉक की कमी नहीं है, बल्कि OnePlus की नई बिजनेस स्ट्रेटजी का हिस्सा माना जा रहा है। कंपनी पहले ही पुष्टि कर चुकी है कि वह नॉर्थ अमेरिका और यूरोप में नए स्मार्टफोन लॉन्च नहीं करेगी। ऐसे में वेबसाइट पर लगातार घटता स्टॉक इस बदलाव को और मजबूत संकेत देता है।
कई मॉडल अब खरीदने के लिए उपलब्ध नहीं
OnePlus की आधिकारिक वेबसाइट पर पहले जहां कई स्मार्टफोन विकल्प मौजूद थे, वहीं अब कई लोकप्रिय मॉडल या तो पूरी तरह आउट ऑफ स्टॉक हैं या उन्हें खरीदने का ऑप्शन ही नहीं दिखाई दे रहा। कुछ मार्केट्स में केवल लिमिटेड डिवाइस उपलब्ध हैं, जबकि कई जगह स्मार्टफोन कैटेगरी लगभग खाली हो चुकी है। इससे साफ संकेत मिलता है कि कंपनी इन क्षेत्रों में अपने स्मार्टफोन कारोबार को धीरे-धीरे समेट रही है।
मौजूदा यूजर्स को मिलेगा सपोर्ट
हालांकि नए फोन लॉन्च नहीं किए जाएंगे, लेकिन OnePlus ने साफ किया है कि मौजूदा ग्राहकों को चिंता करने की जरूरत नहीं है। कंपनी ने कहा है कि पहले से मौजूद डिवाइस के लिए सॉफ्टवेयर अपडेट, सिक्योरिटी पैच, वारंटी और आफ्टर-सेल्स सर्विस पहले की तरह जारी रहेगी। यानी जिन लोगों के पास पहले से OnePlus फोन है, उन्हें फिलहाल किसी तरह की सर्विस संबंधी परेशानी नहीं होनी चाहिए।
Oppo निभाएगा बड़ी भूमिका
OnePlus और Oppo दोनों BBK Electronics इकोसिस्टम का हिस्सा रहे हैं और पिछले कुछ वर्षों में दोनों कंपनियों के बीच तकनीकी कोलैबरेशन भी बढ़ा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिन बाजारों से OnePlus पीछे हट रहा है वहां Oppo अपनी मौजूदगी बनाए रख सकता है। इससे संकेत मिलता है कि ग्रुप उन क्षेत्रों में Oppo ब्रैंड पर ज्यादा फोकस करना चाहता है।
भारत पर क्या पड़ेगा असर?
फिलहाल भारतीय ग्राहकों के लिए राहत की बात यह है कि कंपनी ने भारत छोड़ने या यहां स्मार्टफोन लॉन्च बंद करने जैसी कोई घोषणा नहीं की है। OnePlus अभी भी भारत को अपने सबसे महत्वपूर्ण बाजारों में से एक मानता है और यहां नए डिवाइस लॉन्च करता रहा है।
इसलिए अमेरिका और यूरोप में हो रहे बदलाव का सीधा असर भारतीय ग्राहकों पर फिलहाल नहीं पड़ता। हालांकि, यदि भविष्य में कंपनी की ग्लोबल स्ट्रेटजी में और बदलाव होते हैं, तो उनका असर दूसरे बाजारों पर भी देखने को मिल सकता है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN


