Source :- LIVE HINDUSTAN
पेटीएम की मूल कंपनी वन 97 कम्युनिकेशंस के शेयर में आज 5% की तेजी दर्ज की जा रही है। इस तेजी की बदौलत पेटीएम का यह शेयर 52 हफ्ते के हाई पर पहुंच गया। इस तेजी की वजह है कंपनी का नया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) बिजनेस शुरू करने का प्लान। कंपनी ने इसका नाम पेटीएम इंटेलिजेंस (Pi) रखा है। इस खबर के बीच, आज पेटीएम के शेयर दोपहर दो बजे के करीब 4.73 प्रतिशत ऊपर ₹1,749 पर कारोबार कर रहा था।
यह सुबह 1677 रुपये पर खुलकर आज दिन में ₹1,757 तक पहुंच गया, जो इसका 52 हफ्तों का उच्चतम स्तर है। पिछले एक महीने में शेयर में 10% और इस साल अब तक 35% की बढ़त हो चुकी है। जबकि, एक साल में इसने 43 फीसद की उड़ान भरी है।
क्या है नया प्लान?
ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, पेटीएम अब बड़ी कंपनियों यानी एंटरप्राइज कस्टमर्स को AI एजेंट्स बेचेगी। ये AI एजेंट खुद-ब-खुद काम कर सकते हैं, जैसे ग्राहकों की मदद करना, बिक्री बढ़ाना, या कंपनी के कामकाज को संभालना। Pi की सबसे बड़ी ताकत सिर्फ AI एजेंट नहीं, बल्कि Paytm का वह फाइनेंशियल सर्विसेज AI मॉडल है जिस पर कंपनी करीब दो साल से काम कर रही है।
कंपनी के पास वर्षों से डिजिटल पेमेंट के जरिए जमा हुआ बहुत बड़ा वित्तीय और व्यवहार संबंधी डेटा है। इसी डेटा का इस्तेमाल करके AI मॉडल को तैयार किया गया है। यह मॉडल संभावित रूप से फ्रॉड की पहचान, ग्राहक की क्रेडिट योग्यता और इंश्योरेंस क्लेम की विश्वसनीयता जैसे मामलों का अनुमान लगाने में सक्षम है।
यही डेटा Paytm को उन कंपनियों से अलग बढ़त दे सकता है जिनके पास वित्तीय लेनदेन से जुड़ा इतना बड़ा डेटासेट नहीं है।
‘पेटीएम इंटेलिजेंस (Pi)’ क्या है?
कंपनी ने इस AI सर्विस का नाम Pi (पेटीएम इंटेलिजेंस) रखा है। यह एक खास AI मॉडल है जिसे पेटीम ने पिछले 2 सालों में बनाया है। यह मॉडल पेटीएम के पास मौजूद करोड़ों ट्रांजैक्शन और ग्राहकों के डेटा पर आधारित है।
Pi को सामान्य चैटबॉट से अलग बनाने की कोशिश की जा रही है। इसके AI एजेंट ग्राहकों की जरूरत समझने के साथ-साथ बिजनेस कैंपेन चला सकेंगे, नए ग्राहक हासिल करने में मदद करेंगे और पुराने ग्राहकों को दूसरी सेवाएं बेचने यानी क्रॉस-सेलिंग में मदद करेंगे। यानी AI सिर्फ सवाल का जवाब देने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि कंपनी के रोजमर्रा के कामों में सक्रिय भूमिका निभाएगा।
किन ग्राहकों को मिलेगी यह सर्विस?
शुरुआत में पेटीएम यह सर्विस भारत और यूएई के बैंकों, बीमा कंपनियों, छोटे ऋणदाताओं और दूसरी वित्तीय कंपनियों को देगी।
Paytm में फिर बढ़ रहा है भरोसा
दो साल पहले नियामकीय परेशानियों के कारण Paytm के मूल कारोबार पर बड़ा दबाव आया था। कंपनी अब उन मुश्किलों से काफी हद तक बाहर निकल चुकी है। कंपनी ने दोबारा रेवेन्यू ग्रोथ और मुनाफे की ओर वापसी की है। पिछले दो वर्षों में उसके शेयरों की कीमत भी दोगुने से ज्यादा बढ़ी है। लागत कम करने और लगातार मुनाफा कमाने की दिशा में हुई प्रगति ने कंपनी को नए कारोबार में दांव लगाने का भरोसा दिया है।
अगले साल 4,000 लोगों की भर्ती का प्लान
दिलचस्प बात यह है कि AI पर जोर देने के बावजूद Paytm बड़े स्तर पर भर्ती भी करने जा रही है। कंपनी ने अगले साल की शुरुआत तक करीब 4,000 लोगों को नियुक्त करने की योजना बनाई है। इन भर्तियों का संबंध मर्चेंट नेटवर्क बढ़ाने और AI आधारित नए उत्पादों के विस्तार से है।
(डिस्क्लेमर: एक्सपर्ट्स की सिफारिशें, सुझाव, विचार और राय उनके अपने हैं, लाइव हिन्दुस्तान के नहीं। शेयर मार्केट में निवेश जोखिमों के अधीन है और निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




