Source :- LIVE HINDUSTAN

EPFO Interest Credit 2026: EPFO ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 8.25% ब्याज दर बरकरार रखी है, लेकिन करोड़ों खाताधारकों के खातों में अभी तक ब्याज की एंट्री नहीं दिखी है। विशेषज्ञों के अनुसार यह सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया है, क्योंकि ब्याज क्रेडिट से पहले सरकारी मंजूरी और रिकॉर्ड अपडेट का काम होता है।

देश के करोड़ों कर्मचारी इन दिनों एक सवाल का जवाब जानना चाहते हैं कि आखिर उनके PF खाते में 2025-26 वित्त वर्ष का ब्याज कब आएगा? मार्च 2026 में EPFO ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 8.25% ब्याज दर बनाए रखने का ऐलान किया था, लेकिन नया वित्त वर्ष शुरू हुए दो महीने से ज्यादा समय बीत जाने के बाद भी कई खाताधारकों के पासबुक में ब्याज की एंट्री दिखाई नहीं दे रही है। ऐसे में कर्मचारियों के मन में चिंता बढ़ रही है कि कहीं ब्याज मिलने में देरी से उनका नुकसान तो नहीं होगा? आइए जरा विस्तार से इसकी डिटेल्स जानते हैं।

हालांकि, एक्सपर्ट का कहना है कि EPF खाताधारकों को घबराने की जरूरत नहीं है। ब्याज जमा होने में देरी का मतलब यह नहीं है कि उनका पैसा या ब्याज कम हो जाएगा। दरअसल, EPFO की प्रक्रिया में कई प्रशासनिक चरण शामिल होते हैं, जिनके पूरा होने के बाद ही ब्याज की राशि खातों में दिखाई देती है।

मार्च 2026 में EPFO के केंद्रीय न्यासी बोर्ड (CBT) ने 8.25% वार्षिक ब्याज दर की सिफारिश की थी। इसके बाद इस दर को केंद्र सरकार की अंतिम मंजूरी और अधिसूचना का इंतजार रहता है, जब सरकार औपचारिक रूप से ब्याज दर को अधिसूचित कर देती है, तब EPFO लाखों खातों में ब्याज अपडेट करने की प्रक्रिया शुरू करता है। चूंकि करोड़ों खातों का डेटा मिलान, रिकॉर्ड अपडेट और अकाउंट रिकंसिलिएशन करना पड़ता है, इसलिए इसमें कई सप्ताह या कभी-कभी कुछ महीने भी लग सकते हैं।

पिछले सालों का रिकॉर्ड देखें तो 2025 में बड़ी संख्या में सदस्यों के खातों में ब्याज जून और जुलाई के दौरान जमा हुआ था। एक्सपर्ट का मानना है कि इस बार भी जून या जुलाई में ब्याज क्रेडिट होने की संभावना है। हालांकि, इसकी सटीक तारीख सरकार की अधिसूचना जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि ब्याज क्रेडिट होने में देरी से सदस्यों को किसी प्रकार का वित्तीय नुकसान नहीं होता। EPF योजना 1952 के नियमों के अनुसार ब्याज की गणना मासिक रनिंग बैलेंस के आधार पर की जाती है, यानी आपके खाते में जितनी राशि मौजूद है, उस पर हर महीने के हिसाब से ब्याज जुड़ता रहता है। भले ही ब्याज की एंट्री बाद में दिखाई दे, लेकिन पूरा घोषित ब्याज आपके खाते में जोड़ा जाता है।

EPFO भी कई बार स्पष्ट कर चुका है कि ब्याज भुगतान में देरी होने पर किसी सदस्य का ब्याज नहीं कटता और पूरी राशि का भुगतान किया जाता है। इसलिए, पासबुक में एंट्री दिखाई न देने का मतलब यह नहीं है कि ब्याज नहीं मिला।

अगर आप अपने PF खाते में ब्याज की स्थिति जांचना चाहते हैं, तो इसके कई आसान तरीके हैं। UMANG ऐप के जरिए पासबुक देखी जा सकती है। इसके अलावा EPFO Member e-Sewa पोर्टल पर UAN और पासवर्ड की मदद से लॉगिन कर पासबुक चेक की जा सकती है। सदस्य 9966044425 पर मिस्ड कॉल देकर या 7738299899 पर SMS भेजकर भी अपना PF बैलेंस जान सकते हैं।

एक्सपर्ट सलाह देते हैं कि सदस्य समय-समय पर अपनी EPF पासबुक में Int. Updated up to 31/03/2026 जैसी एंट्री पर नजर रखें। यही संकेत होगा कि आपके खाते में 2025-26 का ब्याज जमा कर दिया गया है।

EPFO के 8.25% ब्याज को लेकर चिंता करने की जरूरत नहीं है। भले ही ब्याज की एंट्री कुछ सप्ताह बाद दिखाई दे, लेकिन आपके पैसे पर मिलने वाला पूरा ब्याज सुरक्षित रहता है और नियमानुसार आपके खाते में जोड़ दिया जाता है।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN