Source :- LIVE HINDUSTAN
EPFO के करोड़ों सदस्यों के लिए बड़ी खुशखबरी है। अगर आपका कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) खाता है, तो जल्द ही उसमें ब्याज की रकम जुड़ने वाली है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने फाइनेंशियल ईयर 2025-26 के लिए 8.25% ब्याज को आधिकारिक मंजूरी मिलने के बाद अपने सभी क्षेत्रीय कार्यालयों को निर्देश जारी कर दिए हैं कि सदस्यों के खातों में ब्याज की अमाउंट जल्द से जल्द जमा की जाए। इस फैसले से करीब 8 करोड़ (80 मिलियन) EPF खाताधारकों को फायदा मिलेगा। आइए जरा विस्तार से इसकी डिटेल्स जानते हैं।
श्रम एवं रोजगार मंत्रालय की मंजूरी मिलने के बाद EPFO ने अपने सर्कुलर में कहा है कि सभी संबंधित कार्यालय सदस्य खातों में 8.25% की दर से ब्याज जमा करने की प्रक्रिया तुरंत शुरू करें। यह ब्याज फाइनेंशियल ईयर 2025-26 के दौरान कर्मचारियों और नियोक्ताओं द्वारा जमा की गई राशि पर मिलेगा। EPFO ने लगातार तीसरे साल 8.25% ब्याज दर को बरकरार रखा है, जिससे लाखों कर्मचारियों की रिटायरमेंट सेविंग्स में अच्छी बढ़ोतरी होगी।
इस बार एक और बड़ी राहत की बात यह है कि ब्याज क्रेडिट होने की प्रक्रिया पहले के मुकाबले काफी तेज रहने की उम्मीद है। पिछले सप्ताह EPFO ने अपने डेटाबेस का बड़ा अपग्रेड और सॉफ्टवेयर सिस्टम का मॉडर्नाइजेशन पूरा किया है। इसके कारण अब सदस्यों के खातों में ब्याज पहले की तरह एक-दो महीने तक चरणबद्ध तरीके से नहीं, बल्कि अपेक्षाकृत तेज और सुचारु तरीके से जमा किया जा सकेगा, यानी अधिकांश खाताधारकों को पहले के मुकाबले ब्याज जल्दी मिल सकता है।
दरअसल, EPFO के केंद्रीय न्यासी बोर्ड (Central Board of Trustees) ने इसी साल मार्च में 2025-26 के लिए 8.25% ब्याज दर को मंजूरी दी थी। इसके बाद प्रस्ताव वित्त मंत्रालय को भेजा गया, जहां से जून 2026 में अंतिम मंजूरी मिल गई। अब सभी औपचारिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद ब्याज को खातों में ट्रांसफर करने का रास्ता साफ हो गया है।
अगर आपका EPF अकाउंट है, तो आने वाले दिनों में आप EPFO पोर्टल, UMANG ऐप, EPFO पासबुक या मिस्ड कॉल/SMS सेवा के जरिए अपना अपडेटेड बैलेंस चेक कर सकते हैं। ब्याज जुड़ने के बाद आपके रिटायरमेंट फंड में अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। उदाहरण के तौर पर अगर आपके EPF खाते में ₹5 लाख जमा हैं, तो 8.25% की दर से एक साल का ब्याज करीब ₹41,250 होगा। इसी तरह ₹10 लाख के बैलेंस पर लगभग ₹82,500 का ब्याज जुड़ सकता है।
एक्सपर्ट का मानना है कि EPF आज भी देश की सबसे सुरक्षित और भरोसेमंद रिटायरमेंट बचत योजनाओं में से एक है। इसमें सरकार द्वारा तय ब्याज मिलता है और लंबे समय तक निवेश करने पर कंपाउंडिंग का लाभ भी मिलता है। ऐसे में करोड़ों कर्मचारियों के लिए EPFO का यह कदम न सिर्फ राहत भरी खबर है, बल्कि उनके भविष्य के रिटायरमेंट फंड को और मजबूत बनाने वाला भी है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




