Home Latest news ताज़ा खबर PM मोदी और उनकी मां के AI वीडियो मामले में एक्शन, बिहार...

PM मोदी और उनकी मां के AI वीडियो मामले में एक्शन, बिहार कांग्रेस दफ्तर की जांच, नोटिस चस्पा

4
0

Source :- INDIATV NEWS

पटना/नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत मां से जुड़े एक आपत्तिजनक AI-जनरेटेड (डीपफेक) वीडियो के मामले में बिहार कांग्रेस दफ्तर में आज छानबीन की। दिल्ली पुलिस की टीम रविवार को कांग्रेस कार्यालय (सदाकत आश्रम)  पहुंची और करीब एक घंटे तक जांच-पड़ताल की। इस दौरान पुलिस ने कार्यालय में नोटिस भी चस्पा किया।

@INCBihar हैंडल से पोस्ट हुआ था वीडियो

जानकारी के मुताबिक, यह कथित वीडियो बिहार कांग्रेस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल @INCBihar से पोस्ट किया गया था। मामले की जांच कर रही दिल्ली पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस स्पेशल सेल ने बिहार कांग्रेस के सोशल मीडिया और ट्विटर (X) हैंडल से जुड़े अमित कुमार मंडल को समन जारी कर 5 नवंबर 2026 को सुबह 11 बजे दिल्ली कार्यालय में पेश होने का निर्देश दिया है। पुलिस ने अमित कुमार मंडल से वह सिम कार्ड और मोबाइल फोन भी साथ लाने को कहा है, जिसका इस्तेमाल 1 जुलाई 2025 से अब तक कांग्रेस के आधिकारिक हैंडल (@INCBihar) को संचालित करने के लिए किया गया है।

डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल 

दिल्ली पुलिस इस मामले में संबंधित मोबाइल नंबर और सोशल मीडिया अकाउंट के संचालन से जुड़ी जानकारी जुटा रही है। जांच का उद्देश्य कथित वीडियो को पोस्ट किए जाने और उससे जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल करना है।

10 सितंबर 2025 को वीडियो जारी

दरअसल, 10 सितंबर 2025 को शाम 6:12 बजे कांग्रेस की आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल (INC बिहार) से X हैंडल पर एक एआई जनरेटेड फर्जी वीडियो जारी किया गया। इस वीडियो में पीएम मोदी और उनकी दिवंगत मां की छवि को गलत तरीके से दिखाया गया। बीजेपी का कहना है कि यह वीडियो न केवल प्रधानमंत्री की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने के लिए बनाया गया, बल्कि महिला गरिमा और मातृत्व का भी अपमान है।

दिल्ली पुलिस ने दर्ज किया था केस

बीजेपी नेता संकेत गुप्ता की शिकायत को गंभीर मानते हुए दिल्ली पुलिस ने FIR दर्ज की थी। BNS की धाराओं 318(2), 336(3)(4), 340(2), 352, 356(2) और 61(2) सहित आईटी एक्ट और डिजिटल डेटा प्रोटेक्शन एक्ट की प्रासंगिक धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

इस वीडियो के सोशल मीडिया पर जारी किए जाने के बाद ज्यादातर लोगों इस पर कड़ी आपत्ति जताई। बीजेपी ने इसकी निंदा की। इस वीडियो के लिए बीजेपी ने सीधे राहुल गांधी पर निशाना साधा है। बीजेपी ने आरोप लगाया है कि राहुल गांधी के कहने पर मोदी की मां का अपमान किया जा रहा है।

ये भी पढ़ें:

पीएम मोदी और उनकी दिवंगत मां का AI वीडियो बनाने के मामले में कांग्रेस, IT सेल के नेताओं के खिलाफ FIR

SOURCE : INDIATV NEWS