Home rss business hindi PM-Kisan की 24वीं किस्त 30 अक्टूबर को? ये काम नहीं किया तो...

PM-Kisan की 24वीं किस्त 30 अक्टूबर को? ये काम नहीं किया तो अटक सकता है पैसा

3
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुख्य बातें

  • PM-Kisan की 24वीं किस्त 30 अक्टूबर 2026 को जारी किए जाने की घोषणा गुजरात के कृषि मंत्री के हवाले से की गई है
  • प्रस्तावित कार्यक्रम में देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक किसान परिवारों को ₹18,680 करोड़ से ज्यादा की राशि मिलने की बात कही गई है
  • अगर आपकी e-KYC अधूरी है, तो आपका पैसा अटक सकता है

PM-Kisan 24th Instalment: प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM-Kisan) के लाभार्थी किसानों के लिए अहम खबर है। गुजरात के कृषि मंत्री जीतू वघानी के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 अक्टूबर यानी कल गुजरात के बनासकांठा जिले के भिलड़ी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान योजना की 24वीं किस्त जारी करेंगे। इस मौके पर देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक किसान परिवारों को ₹18,680 करोड़ से ज्यादा की राशि ट्रांसफर किए जाने की बात कही गई है। अगर आप भी PM-Kisan योजना के लाभार्थी हैं, तो अगली किस्त से पहले अपनी पात्रता, e-KYC और बैंक खाते से आधार लिंक होने की स्थिति जरूर जांच लें। इन प्रक्रियाओं में कमी होने पर भुगतान अटक सकता है।

PM-Kisan की 24वीं किस्त: किसे मिलेगा कितना पैसा?

PM-Kisan योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को सालाना ₹6,000 की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह रकम 3 बराबर किस्तों में मिलती है, यानी हर किस्त में लाभार्थी के बैंक खाते में ₹2,000 ट्रांसफर किए जाते हैं। लाइव मिंट की एक रिपोर्ट के मुताबिक, गुजरात के कृषि मंत्री के मुताबिक, 30 अक्टूबर के कार्यक्रम में देशभर के 9.34 करोड़ से ज्यादा किसान परिवारों को कुल ₹18,680 करोड़ से अधिक की सहायता दी जानी है। गुजरात में 52.33 लाख से ज्यादा किसान परिवारों को ₹1,051 करोड़ से अधिक की राशि मिलने की बात कही गई है। इस प्रोग्राम की तैयारियों की समीक्षा के बाद मंत्री ने ये जानकारी दी।

अब तक किसानों को कितनी रकम मिल चुकी है?

सरकारी आंकड़ों के हवाले से दी गई जानकारी के अनुसार, PM-Kisan योजना की पहली 23 किस्तों के जरिए देशभर में ₹4.47 लाख करोड़ से अधिक की राशि बांटी जा चुकी है। गुजरात के लाभार्थियों को अब तक ₹24,137 करोड़ से ज्यादा दिए जाने की बात कही गई है। 30 अक्टूबर के कार्यक्रम को ‘PM Kisan Utsav Divas’ के रूप में आयोजित किया जाएगा।

गुजरात में मुख्य कार्यक्रम के अलावा 34 जिला स्तरीय और 2,100 से ज्यादा क्लस्टर लेवल प्रोग्राम भी होंगे। इनमें मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा। किसानों को राज्य के कृषि और बागवानी विभागों की विभिन्न योजनाओं के स्वीकृति पत्र भी दिए जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर में राष्ट्रीय एकता दिवस के कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। यह कार्यक्रम सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर आयोजित होगा।

PM-Kisan योजना का लाभ किन किसानों को मिलता है?

फरवरी 2019 में शुरू की गई PM-Kisan योजना के तहत उन किसान परिवारों को लाभ मिलता है, जिनके नाम पर खेती योग्य जमीन दर्ज है और जो योजना की अन्य शर्तें पूरी करते हैं। हालांकि, सभी जमीन के मालिक इस योजना के लिए पात्र नहीं होते। कुछ कैटेगिरी को इसके दायरे से बाहर रखा गया है।

इन लोगों को नहीं मिलता PM-Kisan का लाभ

  • संस्थागत जमीन के मालिक:- संस्थागत भूमि धारक योजना के पात्र नहीं हैं।
  • संवैधानिक पदों पर रहे लोग:- वर्तमान या पूर्व संवैधानिक पदाधिकारी, मंत्री, सांसद, विधायक, मेयर और जिला पंचायत अध्यक्ष सहित निर्धारित कैटेगिरी के लोग बाहर हैं।
  • सरकारी कर्मचारी:- सेवारत और सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारियों की निर्धारित श्रेणियां पात्र नहीं हैं। कुछ अपवाद लागू होते हैं।
  • अधिक पेंशन पाने वाले पेंशनभोगी:- ऐसे सेवानिवृत्त पेंशनभोगी, जिन्हें हर महीने 10,000 या उससे ज्यादा पेंशन मिलती है, सामान्य नियमों के तहत पात्र नहीं हैं; निर्धारित अपवाद लागू हो सकते हैं।
  • आयकरदाता:- आयकर का भुगतान करने वाले किसान परिवार योजना के पात्र नहीं हैं।
  • कुछ प्रोफेशनल:- डॉक्टर, इंजीनियर, वकील, चार्टर्ड अकाउंटेंट और आर्किटेक्ट जैसे रजिस्टर्ड प्रोफेशनल्स भी निर्धारित नियमों के तहत बाहर हैं।

इसलिए केवल खेती की जमीन होना पर्याप्त नहीं है। लाभ पाने के लिए योजना की सभी पात्रता शर्तों को पूरा करना जरूरी है।

₹2,000 की किस्त पाने के लिए e-KYC

PM-Kisan की अगली किस्त का इंतजार कर रहे किसानों को अपनी e-KYC पूरी कर लेनी चाहिए। इसके साथ ही यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि उनका एक्टिव बैंक खाता आधार से जुड़ा हो और भुगतान के लिए जरूरी विवरण सही हों। अगर e-KYC अधूरी है या आधार लिंकिंग में कोई समस्या है, तो लाभार्थी का भुगतान रुक सकता है। इसलिए आखिरी समय तक इंतजार करने के बजाय पहले ही अपना स्टेटस जांच लेना बेहतर है।

घर बैठे ऐसे पूरी करें e-KYC

PM-Kisan की e-KYC पूरी करने के लिए किसान ये तरीके अपना सकते हैं।

1- ऑनलाइन OTP के जरिए:- PM-Kisan की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर e-KYC का विकल्प चुनें और मांगी गई जानकारी भरें।

2- मोबाइल ऐप से:- PM-Kisan मोबाइल ऐप पर उपलब्ध फेस ऑथेंटिकेशन सुविधा का इस्तेमाल करें।

3- CSC केंद्र पर:- ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी करने में परेशानी होने पर नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) पर जाकर मदद लें। e-KYC पूरी होने के बाद भी बैंक खाते और आधार से जुड़ी जानकारी सही होना जरूरी है।

किस्त नहीं आई तो कहां करें शिकायत?

अगर आपकी पात्रता सही है, लेकिन किस्त खाते में नहीं आती, तो पहले PM-Kisan पोर्टल पर अपना लाभार्थी स्टेटस और भुगतान संबंधी जानकारी जांचें। बैंक खाते, आधार लिंकिंग और e-KYC में किसी तरह की गड़बड़ी होने पर उसे ठीक कराएं। जरूरत पड़ने पर PM-Kisan की हेल्पलाइन पर संपर्क किया जा सकता है।

  • 155261 — PM-Kisan हेल्पलाइन
  • 011-24300606 — सहायता नंबर

कॉल करते समय अपना पंजीकरण और भुगतान संबंधी विवरण तैयार रखें, ताकि समस्या की पहचान करने में आसानी हो।

किसानों के लिए जरूरी बात

PM-Kisan की 24वीं किस्त 30 अक्टूबर को जारी किए जाने की घोषणा गुजरात के कृषि मंत्री के हवाले से की गई है। लाभार्थियों को भुगतान मिलने के लिए पात्रता के साथ e-KYC, आधार लिंकिंग और बैंक खाते का सही होना भी जरूरी है। इसलिए किसान अपनी जानकारी पहले ही जांच लें, ताकि किस्त जारी होने पर भुगतान में अनावश्यक देरी से बचा जा सके।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN