Source :- LIVE HINDUSTAN
Recuring Deposit: हर महीने रेकरिंग डिपॉजिट (RD) में पैसे जमा करते हैं? एक किस्त छूट गई तो घबराने की जरूरत नहीं है। बैंक आमतौर पर पहली ही गलती पर आपका आरडी अकाउंट बंद नहीं करता। लेकिन अगर लगातार कई महीनों तक किस्त जमा नहीं की, तो खाता अनियमित हो सकता है और समय से पहले बंद भी किया जा सकता है। ऐसे में आपको मिलने वाली रकम भी उम्मीद से कम हो सकती है।
एक किस्त नहीं जमा की तो क्या होगा?
रेकरिंग डिपॉजिट यानी आरडी में हर महीने एक तय रकम जमा करनी होती है। अगर किसी महीने किस्त जमा नहीं हो पाती है, तो बैंक आमतौर पर उस पर पेनाल्टी लगाता है। सरकारी और प्राइवेट बैंक आमतौर पर हर 100 रुपये की मंथली किस्त पर करीब 1.50 रुपये प्रति महीने की देरी का चार्ज लेते हैं। उदाहरण के लिए अगर आपकी आरडी की मासिक किस्त 10,000 रुपये है और आप एक महीने की किस्त जमा नहीं कर पाए, तो करीब 150 रुपये की पेनल्टी लग सकती है। आपको बाद में बकाया किस्त के साथ यह चार्ज भी चुकाना होगा।
कितने महीने तक किस्त जमा कर सकते हैं?
पहली किस्त छूटने के बाद बैंक आमतौर पर ग्राहक को अकाउंट नियमित करने का मौका देते हैं। शेट्टी के मुताबिक कई मामलों में लगातार 5 से 6 महीने तक की छूटी किस्तों को बाद में जमा करके आरडी को चालू रखा जा सकता है। हालांकि, यह पीरियड बैंक और आरडी की शर्तों के हिसाब से अलग-अलग हो सकती है। इसलिए किस्त छूटते ही बैंक से नियम जरूर पता कर लें।
लगातार किस्त नहीं भरी तो क्या होगा?
अगर आप कई महीनों तक आरडी की किस्त जमा नहीं करते हैं, तो मामला गंभीर हो सकता है। करीब छह महीने तक लगातार पेमेंट नहीं होने पर बैंक आरडी को अनियमित घोषित कर सकता है और उसे समय से पहले बंद कर सकता है। ऐसी स्थिति में आगे की मंथली किस्तें जमा करने की सुविधा भी खत्म हो सकती है। बैंक के नियमों के अनुसार बची हुई रकम आपके लिंक्ड सेविंग अकाउंट में ट्रांसफर की जा सकती है।
क्या बंद आरडी दोबारा शुरू हो सकती है?
अगर आपने बैंक की तय सीमा पार नहीं की है, तो बकाया किस्त और पेनल्टी जमा करके आरडी को नियमित किया जा सकता है। ऐसा करने पर आरडी सामान्य तौर पर अपने तय पीरियड तक चलती रहती है और मैच्योरिटी पर तय रकम मिल सकती है। लेकिन अगर आरडी समय से पहले बंद हो गई, तो बेसिक मैच्योरिटी रकम कम हो सकती है। बैंक जमा रहने के पीरियड के आधार पर ब्याज का कैलकुलेशन कर सकता है और प्रीमैच्योर क्लोजर का चार्ज भी लग सकता है।
SOURCE : LIVE HINDUSTAN




