Home BUSINESS NEWS HINDI RIL Share Price: जियो IPO के ऐलान से रिलायंस के शेयर में...

RIL Share Price: जियो IPO के ऐलान से रिलायंस के शेयर में उछाल, खरीदने को टूट पड़े निवेशक

5
0

Source :- LIVE HINDUSTAN

मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में सोमवार को जोरदार तेजी देखने को मिला। जियो प्लेटफॉर्म्स द्वारा देश के सबसे बड़े आईपीओ के लिए सेबी के पास ड्राफ्ट पेपर दाखिल करने और 49वीं एजीएम में भविष्य की ग्रोथ रणनीति पेश किए जाने के बाद निवेशकों ने जमकर खरीदारी की।

बीएसई पर रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर करीब 2.8% उछलकर 1,345 रुपये के दिन के उच्च स्तर तक पहुंच गया। इस तेजी का असर पूरे बाजार पर भी दिखा और सेंसेक्स 450 अंकों से ज्यादा चढ़ गया, जबकि निफ्टी 24,100 के ऊपर कारोबार करता नजर आया।

Jio IPO से वैल्यू अनलॉक होने की उम्मीद

जियो प्लेटफॉर्म्स ने 19 जून को सेबी के पास आईपीओ के लिए ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) दाखिल किया। यह आईपीओ पूरी तरह फ्रेश इश्यू होगा, जिसमें 27 करोड़ नए शेयर जारी किए जाएंगे। बाजार सूत्रों के मुताबिक इस इश्यू के जरिए करीब 37,700 करोड़ रुपये जुटाए जा सकते हैं।

मुकेश अंबानी ने एजीएम में कहा कि जियो का आईपीओ रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरधारकों के लिए बड़ी वैल्यू अनलॉक करेगा और नए निवेशकों को भी आकर्षक अवसर देगा। फिलहाल जियो प्लेटफॉर्म्स में रिलायंस इंडस्ट्रीज की 66.43% हिस्सेदारी है।

AI बनेगा अगला बड़ा ग्रोथ इंजन

एजीएम में अंबानी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को रिलायंस के अगले बड़े ग्रोथ इंजन के रूप में पेश किया। कंपनी जामनगर में Sovereign AI Hub विकसित कर रही है, जिसकी पहली 120 मेगावाट क्षमता वित्त वर्ष 2026 के अंत तक चालू होने का लक्ष्य है। रिलायंस का फोकस सस्ती और बहुभाषी AI सेवाएं विकसित करने पर रहेगा, जो उपभोक्ताओं, उद्योगों और सरकारी संस्थानों को उपलब्ध कराई जाएंगी।

न्यू एनर्जी बिजनेस में बढ़ी रफ्तार

रिलायंस की ग्रीन एनर्जी योजनाएं भी तेजी से आगे बढ़ रही हैं। कंपनी ने सोलर सेल और मॉड्यूल उत्पादन शुरू कर दिया है, जबकि 40 GWh क्षमता वाली बैटरी गीगाफैक्ट्री का पहला चरण इसी साल चालू होने वाला है।

कंपनी को उम्मीद है कि वित्त वर्ष 2027 से नई ऊर्जा कारोबार से आय शुरू हो जाएगी। इसके अलावा सैमसंग C&T के साथ करीब 3 अरब डॉलर का ग्रीन एनर्जी सप्लाई समझौता भी किया गया है।

दुनिया की पहली ऑटोनोमस रिफाइनरी का लक्ष्य

रिलायंस अपने ऑयल-टू-केमिकल (O2C) कारोबार में भी AI और डिजिटल तकनीकों का इस्तेमाल बढ़ा रही है। कंपनी का लक्ष्य दुनिया की पहली पूरी तरह ऑटोनोमस रिफाइनरी विकसित करना है। इससे उत्पादन क्षमता बढ़ाने और लागत घटाने में मदद मिलेगी।

रिटेल कारोबार में भी बड़ा विस्तार

रिलायंस रिटेल और रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स (RCPL) अगले चरण के विस्तार की तैयारी कर रहे हैं। कंपनी खाद्य पदार्थों, पेय पदार्थों, दैनिक जरूरतों और एपरेल्स कारोबार में बड़े निवेश की योजना बना रही है।

विशेषज्ञों का मानना है कि जियो आईपीओ, AI कारोबार, नई ऊर्जा परियोजनाएं और रिटेल विस्तार आने वाले वर्षों में रिलायंस के लिए नए ग्रोथ इंजन साबित हो सकते हैं। यही वजह है कि जियो आईपीओ के ऐलान के बाद निवेशकों ने रिलायंस शेयर में जोरदार खरीदारी की।

SOURCE : LIVE HINDUSTAN